चंदौली जिले के मुगलसराय क्षेत्र में उस समय हलचल मच गई, जब कूड़ा बाजार स्थित पुलिस चौकी के सामने मुस्लिम बाहुल इलाके में ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा हुआ एक बड़ा बैनर लगाया गया. बैनर लगने के बाद मौके पर भारी भीड़ भी इकट्ठा हो गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, यह बैनर एक धार्मिक भावनाओं से जुड़ी पहल के तहत लगाया गया था. हालांकि, इसका पुलिस चौकी के ठीक सामने लगना कुछ लोगों को आपत्तिजनक लगा, जिससे स्थिति संवेदनशील बन गई.
बरेली में हुए बवाल के बाद डीआईजी अजय साहनी ने बताया कि अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बलवा जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होगा. अवैध हथियार से फायरिंग में पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कई लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. डीआईजी ने बताया कि नमाज के बाद कुछ लोग आ गए, जो बाहर के थे और इन लोगों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की. सीसीटीवी और वीडियोग्राफी के बाद इन लोगों को चिन्हित किया जा रहा है. इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
बरेली में आई लव मोहम्मद को लेकर हुए बवाल के बारे में डीआईजी अजय साहनी का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने बताया कि शरारती तत्वों ने पुलिस पर लखनऊ और फायरिंग की है. बलवाइयों के फायरिंग और पथराव से 10 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. कई पुलिस कर्मियों को छर्रे लगे हैं. पुलिस ने कई हथियार भी बरामद किए हैं. डीआईजी ने कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा.
मऊ में एक समुदाय के लोगों ने आई लव मोहम्मद से जुड़ा जुलूस निकाला. पुलिस का लाठीचार्ज. मोहम्मदाबाद गोहाना कोतवाली के बाजार में पुलिस ने खदेड़ा. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात.
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण ने साफ कहा है कि कोई भी धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन बिना अनुमति के नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि भारत में धार्मिक स्वतंत्रता है, लेकिन जुलूस, शोभायात्रा या पंडाल से जुड़े सभी कार्यक्रम नियमानुसार अनुमति लेने के बाद ही होते हैं. यह न सिर्फ नियम है बल्कि इसका पालन भी किया जाता है. मंत्री ने चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति या संगठन नियमों के विपरीत आयोजन करेगा तो कानून उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करेगा. सरकार ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था से समझौता नहीं किया जाएगा.
बरेली में उपद्रव के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. एसपी सिटी मानुष पारिक ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने वॉकथ्रू फ्लैग मार्च कर शहर में सुरक्षा का संदेश दिया. भारी पुलिस बल की तैनाती और पेट्रोलिंग के बाद अब हालात पूरी तरह सामान्य हो गए हैं और ट्रैफिक भी सुचारु है. सूत्रों के मुताबिक कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है, जिन पर केस दर्ज होगा. तौकीर रजा पर भी कार्रवाई की तैयारी है. पुलिस ने पांच से अधिक लोगों को एक साथ इकट्ठा न होने की हिदायत दी है.
बरेली रेंज आईजी अजय साहनी ने कहा कि हम बरेली की सड़कों पर हैं और स्थिति पूरी तरह सामान्य है. नमाज सकुशल संपन्न हुई. कुछ लोग सड़कों पर नारे लगा रहे थे. पुलिस ने उन्हें वापस भेज दिया है. उपद्रवियों की तस्वीरें और वीडियो बनाए गए हैं. आगे की कार्रवाई की जाएगी.
वाराणसी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने “I Love मोहम्मद” विवाद पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें पूरी तरह से सरकार का हाथ है और यह सब जानबूझकर कराया जा रहा है. अजय राय ने कहा कि अपने भगवान से प्यार करना हर किसी का हक है, लेकिन मौजूदा सरकार और उनके लोग इसे प्रोपेगेंडा बनाकर माहौल बिगाड़ने का काम कर रहे हैं. वहीं गरबा में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक के सवाल पर उन्होंने कहा कि गरबा में तो सबको आमंत्रित किया जाता है, इसे रोकने की बातें सिर्फ भ्रामक प्रचार हैं.
बरेली में पुलिस पथराव करने वालों की धरपकड़ करने में जुट गई है. कई जगहों पर लोगों को हिरासत में लिया गया है.
मेरठ में “I Love मोहम्मद” विवाद को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. एडीजी भानु भास्कर ने साफ कहा कि माहौल खराब करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी निगाह बनी हुई है, वहीं एलआईयू तंत्र भी सक्रिय है. जोन के सभी जिलों को सेक्टर स्कीम में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. सभी जगह पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है. जुम्मे की नमाज़ शांति से अदा की गई. एडीजी ने लोगों से अपील की कि अगर कोई शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें.
बरेली में जुमे की नमाज़ को लेकर हालात अचानक बिगड़ गए. मौलाना तौकीर रज़ा ने पहले इस्लामिया मैदान में कार्यक्रम की घोषणा की थी, जिसे बाद में निरस्त बताया गया. लेकिन आज उनके बयान से भ्रम की स्थिति बनी रही. नमाज़ के बाद जब कुछ लोग इस्लामिया मैदान जाने लगे तो पुलिस ने रोक दिया. इसी दौरान भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया. जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज किया और स्थिति को काबू में लिया. इस्लामिया के चारों ओर भारी भीड़ जुटी थी, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा. पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जा रही है.
कहा जा रहा है कि मौलाना तौकीर रजा के बुलाने पर लोग इकट्ठा हुए थे. बता दें, रजा इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के अध्यक्ष है. इन पर 2010 में बरेली में दंगा करवाने का भी आरोप है. मामला अभी कोर्ट में है.
इस्लामिया मैदान में पथराव करने के बाद भीड़ कोतवाली के पास पहुंची. यहां भी भीड़ ने पथराव कर दिया. पुलिस ने फिर से लाठीचार्ज कर उपद्रवियों को खदेड़ा. इससे भगदड़ मच गई. अभी किसे कितनी चोटें आईं ये कहना मुश्किल है.
बताया जा रहा है कि श्यामगंज इलाके में प्रदर्शनकारियों और एसपी क्राइम के बीच नोकझोंक भी हुई. हालात को देखते हुए पुलिस ने श्यामगंज में दुकानें बंद करा दीं. नौमहला मस्जिद के बाहर भी भीड़ जुट गई. जब भीड़ बेकाबू हो गई तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया. जिससे कुछ ही मिनट में सैकड़ों की संख्या में जमा हुए लोग भाग खड़े हुए.
मौलाना तौकीर रजा ने कहा था कि अगर मुसलमानों के साथ हो रहे अन्याय नहीं रुके तो मुसलमान सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे. हमारी खामोशी को हमारी कमजोरी या बुजदिली न समझा जाए. जिस दिन मुसलमान हमारे नियंत्रण से बाहर हो गए, हालात गंभीर हो जाएंगे. हम भारत को श्रीलंका और नेपाल नहीं बनने देंगे. मगर, नेपाल से ज्यादा आक्रोश भारत की जनता में सरकार के प्रति है, जिस दिन लोग सड़कों पर आ गए सरकार संभाल नहीं पाएगी. इसके लिए जिम्मेदार कौन होगा?
बरेली में जुमे की नमाज के बाद अचानक हालात बिगड़ गए. शरारती तत्वों ने पुलिस पर पथराव कर माहौल गर्मा दिया. स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर उपद्रवियों पर लाठीचार्ज किया. यह नजारा मौके पर मौजूद लोगों ने लाइव रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. भारी पुलिस बल तैनात कर इलाके में फ्लैग मार्च कराया गया. प्रशासन ने साफ कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगी. पुलिस लगातार संदिग्धों की पहचान में जुटी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है.
प्रयागराज में ‘I Love मोहम्मद’ विवाद को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया. जुमे के दिन किसी भी हालात से निपटने के लिए पुराने शहर में डीएम मनीष वर्मा और डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया. चौक, कोतवाली, अटाला, रोशन बाग और नुरुल्लाह रोड पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए. ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है. अधिकारियों ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है, ताकि शहर का माहौल सामान्य और सुरक्षित रहे.
बरेली में शुक्रवार को मौलाना तौकीर रजा के प्रदर्शन के ऐलान के बाद हालात बिगड़ गए. शरारती तत्वों ने हाथों में “I Love मोहम्मद” लिखे पोस्टर लेकर जुलूस निकाला और पुलिस पर पथराव कर दिया. माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की. इसके बावजूद उपद्रवियों ने हमला करने की कोशिश की. अचानक भड़के इस बवाल से शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर हालात संभाले और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की.