बरेली: मौलाना तौकीर रजा खान की गिरफ्तारी के बाद पहली बार दरगाह ए आला हजरत से बयान सामने आया है. दरबार ए आला हजरत के प्रतिनिधि और मौलाना तौकीर के बड़े भाई मोहम्मद तौसीफ रजा खान ने एक वीडियो बयान जारी किया. मोहम्मद तौसीफ रजा खान ने कहा कि बरेली के हजरात हमें सुकून और मोहब्बत का पैगाम देना चाहिए. उन्होंने सभी से अपील की कि गली-मोहल्लों में भीड़ जमा न करें और अपने-अपने घरों में रहें. उन्होंने कहा, “दरबार ए आला हजरत कानूनी कार्यवाही कर रहा है. अल्लाह चाहेगा तो सब कुछ बेहतर होगा। जो लोग घायल हुए हैं, हम उनके साथ हैं. इस वक्त मोहब्बत का पैगाम फैलाने की सबसे ज्यादा जरूरत है.” मौलाना तौकीर रजा खान के बड़े भाई मोहम्मद तौसीफ रजा खान का यह बयान पूरे इलाके में शांति बनाए रखने की अपील माना जा रहा है.
फतेहपुर: रेडईया मोहल्ले में मंदिर और मकबरे के विवादित रास्ते पर आपत्तिजनक बैनर और पोस्टर लगाए जाने के मामले में पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है. थाने कोतवाली के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में धार्मिक सौहार्द्र बिगाड़ने के आरोप में नजमी, जीशान, शमीम और फारुख के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस-प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सभी आपत्तिजनक बैनर और पोस्टर तुरंत हटा दिए. मामले की जांच जारी है.
बरेली हिंसा मामले में पुलिस अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. इनमें मौलाना तौकीर रजा समेत 27 को जेल भेजा गया है, जबकि एक आरोपी का इलाज अस्पताल में जारी है. इसके अलावा 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने अब तक 5 थानों में 10 एफआईआर दर्ज की हैं, जिनमें 125 नामजद और करीब 3,000 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हैं.
भीम आर्मी व आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आजाद रविवार को मुरादाबाद पहुंचे. यहां प्रबुद्ध जन सम्मेलन में नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने बरेली की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि बरेली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने बिना कारण लाठीचार्ज किया. चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा, वहां लोग शांति से प्रदर्शन करने पहुंचे थे. अगर पुलिस चाहती तो उन्हें समझा सकती थी, लेकिन सीधा लाठीचार्ज कर दिया गया. इस दौरान उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बरेली में जो हुआ वह अन्याय है। हमें यह कतई स्वीकार नहीं। अगर ज़रूरत पड़ी तो हम बड़ा आंदोलन करेंगे.
चंद्रशेखर आज़ाद ने ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, आई लव मोहम्मद का मतलब है मैं मोहम्मद से प्रेम करता हूं. इसमें आपत्ति कैसी? ये अपराध कैसे हो गया? उन्होंने सवाल उठाया कि अगर “आई लव मोहम्मद” गलत है, तो फिर उसके जवाब में “आई लव महादेव” क्यों सामने लाया गया? उन्होंने इसे समाज में विभाजन फैलाने की साजिश बताया. उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की धार्मिक भावनाओं के आधार पर कार्रवाई होती रही तो समाज में असंतोष फैलेगा और शायद सरकार यही चाहती है, ताकि असली मुद्दों पर चर्चा ही न हो सके. चंद्रशेखर ने इस पूरी घटना को एक “सोची-समझी साजिश” करार दिया और जनता से अपील की कि वे इसे समझें और जागरूक रहें.
मौलाना तौकीर के करीबियों पर अब बीडीए और बरेली पुलिस का एक्शन शुरू हो गया है. जिस होटल में मौलाना तौकीर रजा ने शुक्रवार को शरण ली थी, उस होटल को आज यानी रविवार को सील कर दिया गया है. फ्लोरा गार्डन, फहम गार्डन और होटल क्लार्क सिटी को सील किया गया है. यह कार्रवाई बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) द्वारा की गई है.
बरेली में बवाल के बाद अब मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी की मुसलमानों से अपील है कि वो पैग़ंबर-ए-इस्लाम के बताए रास्ते पर चले और कानून-व्यवस्था को अपने हाथ में न ले. मौलाना शहाबुद्दीन ने पुलिस-प्रशासन से न टकराने की अपील भी की. उन्होंने मोहब्बत का पैग़ाम देने की अपील की।
कान्हा की नगरी मथुरा में माहौल खराब करने का प्रयास करते हुए मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र में ‘आई लव मोहम्मद’ लिखे पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है. देर रात शहर के विभिन्न इलाकों में पोस्टर लगाए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस पूरी तरह से अलर्ट हो गई. सोशल मीडिया पर पोस्टरों की तस्वीरें वायरल होते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर सभी पोस्टरों को हटवा दिया.
कानपुर से शुरू हुआ ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद बरेली, बागपत, मुजफ्फरनगर के बाद गाजियाबाद पहुंच गया. शनिवार को मुरादनगर और मोदीनगर में कई स्थानों पर ऐसे ही पोस्टर लगाने के बाद मामला गर्मा गया. कुछ हिंदू संगठन विरोध पर उतारु हो गए. हालांकि, पुलिस ने तुरंत पोस्टर उतार दिया और लोगों को समझा कर शांत करा दिया. इस मामले में पुलिस ने कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है, उनसे पूछताछ की जा रही है.
देवरिया में I Love Mohammed पोस्टर विवाद पर उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग प्रदेश और देश में अहिंसा व अराजकता फैलाने की साजिश कर रहे हैं. सरकार ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई कर रही है और किसी भी साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा. मंत्री ने स्पष्ट किया कि यूपी में इस तरह की हरकतें किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी. इस बयान के बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है.
लखनऊ के बाद अब ताज नगरी आगरा में भी योगी प्रेम साफ नजर आ रहा है. ताजगंज स्थित पुरानी मंडी चौराहा पर I Love Yogi लिखे बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं. इन होर्डिंग्स को भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मीडिया सदस्य प्रदीप राठौर ने लगवाया है. शहरवासियों और राहगीरों का ध्यान खींचते ये होर्डिंग सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बने हुए हैं.
उत्तर प्रदेश की राजनीति में पोस्टर वार थमने का नाम नहीं ले रहा है. वाराणसी में पहले I Love Mohammed और I Love Mahadev जैसे धार्मिक पोस्टरों ने माहौल गरमाया था. इसके बाद बीजेपी के बुलडोजर पोस्टर ने चर्चा बटोरी. अब समाजवादी पार्टी (सपा) ने वाराणसी के भेलूपुर स्थित अपने कार्यालय से I Love PDA एकता का पोस्टर जारी कर पलटवार किया है. धार्मिक पोस्टरों की जंग अब राजनीतिक रंग ले चुकी है. यह पोस्टरवार न सिर्फ सड़कों पर चर्चा का विषय बना हुआ है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.
सीतापुर के थाना सदर क्षेत्र के बनवीरपुर स्थित ‘अमर बापू शिक्षा निकेतन विद्यालय’ के प्रबंधन पर आरोप लगा है कि उन्होंने हिंदू विद्यार्थियों से जबरदस्ती ‘आई लव मोहम्मद’ लिखे स्लोगन चार्ट पर बनवाए. इस मामले में पुलिस ने एक्शन लेते हुए स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.
रेल बाजार थाना पुलिस ने उकसाकर दंगा फैलाने की साजिश के आरोप में जुबेर अहमद समेत 26 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया. जुम्मे की नमाज के दौरान सुजातगंज अजमेरी मस्जिद में नमाज के बाद जुबेर गाजी ने विवादित ऑडियो चलाकर लोगों को सरकार और प्रशासन के खिलाफ भड़काने का प्रयास किया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की और सभी आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले की जांच जारी है और पुलिस इसे लेकर सतर्कता बरत रही है.
यूपी में ‘आई लव मोहम्मद’ पर शुरू हुआ विवाद लखनऊ में राजनीतिक रूप ले रहा है. यहां होर्डिंग वार शुरू हो गया है. भाजपा के होर्डिंग ‘आई लव बुलडोजर’ का जवाब ‘आई लव शिक्षा-रोजगार’ लिखा होर्डिंग लगाकर दिया गया है. रविवार को सपा दफ्तर के बाहर लगे इस होर्डिंग में ‘आई लव अखिलेश’ भी लिखा गया है.
देवबंद के उलेमा कारी इसहाक गोरा ने कहा कि लव कोई अपराध नहीं है, बल्कि मोहब्बत इंसान की सबसे बड़ी जरूरत है. उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछ कि क्या अब मोहब्बत जताने पर भी सजा भुगतनी पड़ेगी? उलेमा ने कहा कि लव को अपराध बनाना समाज और मुल्क दोनों के लिए खतरनाक है, इसलिए हमें इसे मोहब्बत की तरह रहने देना चाहिए.
बरेली बवाल में दर्ज दस मुकदमों की जांच अब एसआईटी करेगी. डीआईजी अजय साहनी ने मुकदमों की एकरूपता, गुणवत्ता और तकनीकी रूप से मज़बूत विवेचना सुनिश्चित करने के लिए एसआईटी का गठन किया है. इस टीम में बरेली के एसपी सिटी, सीओ फर्स्ट और संबंधित मुकदमों के विवेचक शामिल किए गए हैं. एसआईटी हर केस की गहनता से जांच कर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करेगी.
शुक्रवार को ‘आई लव मोहम्मद’ के समर्थन में मौलाना तौकीर रजा की अपील पर बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए थे. जब पुलिस ने भीड़ को रोकने का प्रयास किया, तो पथराव हुआ और पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था.
मौलाना तौकीर रजा को बरेली से फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है. उन्हें शुक्रवार को बरेली में जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा के मामले में गिरफ्तार किया गया था. शनिशाम शाम को फतेहगढ़ सेंट्रल जेल लाया गया, जो बरेली से लगभग 129 किलोमीटर दूर है.