Bihar Chunav Live: बिहार में चुनाव तारीखों की घोषणा से पहले ही चुनावी सरगर्मी चरम पर है. एनडीए और महागठबंधन के बीच एक तीसरे धड़े प्रशांत किशोर की जनसुराज की भी खूब चर्चा है. प्रशांत किशोर ने राज्य के चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया है. वह राजद और भाजपा दोनों के वोट बैंक सेंधमारी की योजना पर काम कर रहे हैं. इस बीच प्रशांत किशोर की नजर लालू के MY समीकरण पर है. उन्होंने मोतिहारी के बापू सभागार में मुस्लिम एकता सम्मेलन का आयोजन किया. मुसलमानों ने आने वाले विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर का साथ देने का हाथ उठाकर ऐलान किया. उधर, बिहार के सुपौल में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में तिरंगे के अपमान का आरोप, सुपौल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया. बीजेपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करते हुए तंज कसा है. चुनावी सरगर्मियों के बीच एक रिपोर्ट यह भी है कि बिहार विधानसभा चुनाव एक और मायने में खास होने जा रहा है. इस बार बारह से पंद्रह नेताओं के बेटे बेटी चुनाव मैदान में पहली बार अपनी किस्मत आजमाते नजर आएंगे.
बिहार के दरभंगा से राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा शुरू हो गई है. प्रियंका गांधी भी राहुल के साथ हैं. दोनों भाई-बहन बाइक पर सवार हैं.
वोट अधिकार यात्रा को लेकर तेजस्वी यादव का कहना है कि उन्हें जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है.
महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर अब असहमति की आवाजें उठने लगी हैं. भाकपा माले ने कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं. काराकाट से माले के विधायक अरुण सिंह ने साफ कहा कि कांग्रेस द्वारा राजद और माले के हिस्से की सीटों पर प्रत्याशियों के आवेदन मंगाना गठबंधन धर्म के खिलाफ है. उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर महागठबंधन को मजबूत बनाए रखना है, तो हर दल की हिस्सेदारी और सम्मान का ख्याल रखना जरूरी होगा. अरुण सिंह ने कहा, “कांग्रेस को उन्हीं सीटों पर उम्मीदवारों का चयन करना चाहिए, जहां वह पहले से चुनाव लड़ती आई है. राजद और माले की सीटों पर आवेदन लेना उचित नहीं है. यह कदम गठबंधन धर्म के खिलाफ है.”भाकपा माले ने गठबंधन में 40 सीटों पर दावा ठोका है. साथ ही पार्टी की ओर से मांग की गई है कि सभी जिलों में कम से कम एक सीट माले को जरूर दी जाए.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार शाम दिल्ली पहुंचे. जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री अपने आवास से रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए निकले थे. नीतीश कुमार अक्सर अपनी सेहत की जांच के लिए दिल्ली का रुख करते हैं. सूत्रों का कहना है कि इस बार भी उनकी यात्रा पूरी तरह निजी और स्वास्थ्य कारणों से जुड़ी थी. हालांकि, राजनीतिक हलकों में उनके दिल्ली आने को लेकर चर्चाओं का दौर भी तेज हो गया है.
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन ‘इंडिया’ और प्रशासन आमने-सामने हैं. मंगलवार को इंडिया गठबंधन ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश के 5,000 से ज्यादा लोगों को बिहार के पश्चिम चंपारण जिले में वोटर लिस्ट में शामिल कर लिया है. लेकिन इस आरोप को पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन ने पूरी तरह खारिज कर दिया. प्रशासन की ओर से जारी बयान को बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय ने भी साझा किया. प्रशासन ने साफ किया कि यह केवल मसौदा मतदाता सूची (Draft Voter List) है, जिसे एक अगस्त को जारी किया गया है. अभी यह अंतिम सूची नहीं है. मसौदा सूची का मकसद ही यह है कि लोग अगर कोई गड़बड़ी, दोहराव या आपत्ति देख रहे हों तो अपनी शिकायत दर्ज करा सकें.
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने मंगलवार को आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को लाभ पहुंचाने के लिए निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश के 5,000 से अधिक निवासियों को बिहार के एक निकटवर्ती जिले में मतदाता के रूप में पंजीकृत किया है. कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद मनोज कुमार झा ने मधुबनी जिले के फुलपरास में एक संवाददाता सम्मेलन में यह आरोप लगाया. उन्होंने 45 वर्षीय एक व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि संदिग्ध मतदाता ज्यादातर पश्चिमी चंपारण जिले के वाल्मीकि नगर विधानसभा क्षेत्र में पंजीकृत हैं. उन्होंने कहा कि उस व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में हैं लेकिन वह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के खड्डा विधानसभा क्षेत्र का मतदाता है.
राहुल गांधी आज मुजफ्फरपुर में करेंगे वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत. आइए एक नजर डालते हैं उनके पूरे शेड्यूल पर
Bihar Chunav Live: बिहार के मधुबनी में राहुल गांधी की सुरक्षा में सेंध. भीड़ में से एक शख्स राहुल गांधी के गाड़ी पर चढ़ गया और राहुल गांधी को गले लगाने की कोशिश किया.