बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
Bihar News LIVE: बिहार में स्वास्थ्य विभाग के तहत 11 हजार पदों पर बहाली जल्द होगी। इसके लिए नवंबर में ही अलग-अलग विज्ञापन जारी किए जाएंगे। राज्य स्वास्थ्य समिति के जरिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम (एनएचएम) के तहत यह बहाली की जाएगी। नई बहाली स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी व अन्य पदों पर की जाएगी। राज्य स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक नवल किशोर चौधरी ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में इसकी जानकारी दी। राज्य स्वास्थ्य समिति के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राज्य स्वास्थ्य समिति के माध्यम से स्टाफ नर्स के 3954, लैब टेक्नीशियन के 1000 एवं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के पांच हजार एवं अन्य पदों पर बहाली की प्रक्रिया शुरू होगी।
इधर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गयाजी में चिड़ियाघर के निर्माण समेत विभिन्न विषयों को लेकर नई दिल्ली में मंगलवार को केंद्रीय केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। बिहार में औद्योगिक विकास, निवेश को प्रोत्साहन, रोजगार सृजन तथा आधारभूत संरचना के विस्तार से जुड़ी परियोजनाओं के लिए वन भूमि के उपयोग से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा हुई। सीएम ने राज्य में उपलब्ध बंजर वन भूमि का औद्योगिक एवं विकासात्मक उद्देश्यों के लिए उपयोग सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। सीएम ने केंद्रीय मंत्री से कहा कि 45.9 हेक्टेयर वन भूमि पर गयाजी चिड़ियाघर के निर्माण के लिए केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने का प्रस्ताव है। जल्द सहमति का उन्होंने आग्रह किया।
Bihar News LIVE: राज्य में नमी के कारण धान खरीद की धीमी शुरुआत
Bihar News LIVE: उत्तर बिहार के 19 जिलों में एक नवंबर से धान की खरीद शुरू हो गई है। हालांकि नमी के कारण धान खरीद की धीमी शुरुआत हुई है। तीन दिनों में 200 किसानों से 846 टन धान की खरीद हुई है। सीतामढ़ी में सबसे अधिक 22 किसानों से 160 टन, जबकि अररिया में सबसे कम एक किसान से एक टन धान की खरीद हुई है। पैक्स और व्यापारमंडल के साथ ही भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के माध्यम से धान की खरीद हो रही है। खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत भारत सरकार द्वारा सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) प्रति क्विंटल 2,441 रुपये और ग्रेड-ए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,461 प्रति प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
किसानों से धान खरीद के 48 घंटे के अंदर भुगतान सुनिश्चित कराने का दावा किया गया है, लेकिन किसानों को राशि भुगतान में एक सप्ताह तक का समय लग जाता है। दक्षिण बिहार के 19 जिलों में 15 नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। राज्य में धान खराीद 31 मार्च 2027 तक होगी। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से जिलों के लिए धान खरीद का लक्ष्य दिया जाना है, लेकिन अभी तक लक्ष्य नहीं मिला है। हालांकि सहकारिता विभाग ने पिछले साल मिले कुल लक्ष्य का 75 फीसदी लक्ष्य मान कर तत्काल धान खरीद शुरू करने का निर्देश दिया है। धान खरीद के लिए अब तक विभिन्न जिलों में 3114 पैक्स और व्यापारमंडल का चयन किया गया है। हालांकि अब तक 15 जिलों में एक भी पैक्स और व्यापारमंडल का चयन नहीं हो सका है।
Bihar News LIVE: करार: नदियों की गाद से बिहार में बनेंगे राजमार्ग
Bihar News LIVE: नदियों और जलाशयों की गाद का उपयोग बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण में होगा। इसको लेकर मंगलवार को नई दिल्ली में बिहार सरकार और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के बीच ‘नदी संजीवनी’ कार्यक्रम के तहत समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में हुए करार के तहत 243 लाख क्यूबिक मीटर मुफ्त गाद का उपयोग 16 चालू राजमार्ग परियोजनाओं में किया जाएगा। समझौते का उद्देश्य बिहार की नदियों एवं अन्य जलस्रोतों में जमी गाद का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन, गाद हटाकर नदियों का पुनर्जीवन व गाद का उपयोग एनएच एवं अन्य सड़क निर्माण में करना है। गाद को सड़क निर्माण की वैकल्पिक सामग्री के रूप में उपयोग किया जाएगा। इसके लिए एनएचएआई को बिहार सरकार खनन लाइसेंस उपलब्ध कराने में सहयोग करेगी। समझौते के तहत पथ निर्माण विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया है। एक राज्यस्तरीय समन्वय समिति भी गठित होगी।
यह समझौता बिहार जल स्रोत जीर्णोद्धार एवं गाद (सिल्ट) प्रबंधन नीति, 2026 के तहत किया गया है। इससे नदियों की जलधारण एवं जलप्रवाह क्षमता में भी सुधार होगा। इससे गाद का उपयोगी संसाधन के रूप में इस्तेमाल होगा और सड़क निर्माण को भी गति मिलेगी। सीएम ने कहा कि बिहार देश का पहला राज्य है, जिसने गाद (सिल्ट) नीति बनाई है। बिहार की दो प्रमुख चुनौतियां- अधिक आबादी और अनियंत्रित जल प्रवाह, अब विकास की ताकत बनेंगी। नदियों से गाद हटाने और पुनरुद्धार से बाढ़ के प्रभाव को कम करने तथा जल प्रबंधन को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। गडकरी ने कहा कि ‘नदी संजीवनी’ कार्यक्रम के तहत महाराष्ट्र के सफल बुलढाणा मॉडल की तर्ज पर बिहार की नदियों से गाद निकाली जाएगी।
Bihar News LIVE: बिहार में मुरासु चक्रवात का खास असर नहीं
Bihar News LIVE: बंगाल की खाड़ी में उठा मुरासु चक्रवात बिहार के मौसम को सीधे तौर पर प्रभावित नहीं करेगा। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इसका बिहार पर कोई खास असर नहीं होगा, लेकिन यह हवा के पैटर्न को आंशिक रूप से प्रभावित जरूर करेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पिछले दिनों प्रभाव हुए अर्नब और फिलवक्त मुरासु के कारण पछुआ हवा को सूबे में अपना प्रभाव बनाने में अधिक समय लगेगा। हफ्ते भर में दो चक्रवातों के सक्रिय होने से ठंड की दस्तक में आंशिक देरी हो रही है। इधर, हफ्ते भर की तेजी के बाद प्रदेश में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट का दौर शुरू हो गया है। तापमान गिरने से लोगों को सुबह और रात के वक्त हल्की ठंड का एहसास हो रहा है।..और पढ़ें
Bihar News LIVE: पटना में डाकबंगला चौराहे से रुकनपुरा तक सड़क चौड़ीकरण होगा
Bihar News LIVE: डाकबंगला चौराहे से रुकनपुरा तक आवागमन को सुगम और जाममुक्त बनाने की दिशा में काम तेज हो गया है। पथ निर्माण विभाग ने सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत तकनीकी बिड के बाद वित्तीय बिड भी खोल दी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही निर्माण कार्य के लिए मदर इंडिया एजेंसी का चयन कर लिया गया है। अब विभागीय प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद एजेंसी निर्माण कार्य शुरू करेगी।…और पढ़ें
Bihar News LIVE: पटना के 40 इलाकों में कटी रहेगी बिजली
Bihar News LIVE: पटना में रखरखाव को लेकर छह फीडर दो से तीन घंटे तक बुधवार को बंद रहेंगे। इससे जुड़े इलाके में इसबीच बिजली बाधित रहेगी। सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक मखनियां कुआं, खुदा बख्श लाइब्रेरी, अशोक राजपथ, फकिरवाड़ा मस्जिद, बारी पथ, सर्वोदय नगर, संत करेंस स्कूल, गुप्ता कॉलोनी, चंद्रशेखर नगर, तिलक नगर, जनकपुरी, सर्वोदय नगर और सुबह 7 से 9 बजे तक नॉर्थ मंदिरी, पुष्पांजलि अपार्टमेंट, धोबी टोला, बापू नगर की बिजली कटी रहेगी।
Bihar News LIVE: राज्य में135 पीएचसी बने सीएचसी
Bihar News LIVE: राज्य के विभिन्न जिलों में बनकर तैयार हुए 135 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) को 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के रूप में उत्क्रमित कर दिया गया है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों को अपने घर के समीप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और इन अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भी तैनाती होगी। साथ ही, आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता को भी मजबूत किया जाएगा।
राज्य सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत इन सभी 135 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को विशिष्ट चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक केंद्र पर हड्डी रोग, नेत्र रोग तथा नाक, कान और गला (ईएनटी) रोग के विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद सृजित किए गए हैं। प्रत्येक संस्थान में 24 प्रकार के कुल 47 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें उपाधीक्षक, विशेषज्ञ चिकित्सक, सामान्य चिकित्सक, जीएनएम नर्स, सीनियर फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन, फिजियोथेरेपिस्ट और अस्पताल प्रबंधन से जुड़े अन्य पद शामिल हैं। इसके अलावा, पहले से सृजित डेंटल हाइजीनिस्ट और ड्रेसर के एक-एक पद भी शामिल रहेंगे। इससे हड्डी रोग, नेत्र रोग, नाक, कान एवं गला (ईएनटी) रोगों के मरीजों व अन्य मरीजों को विशेष इलाज की सुविधा मिलेगी। शहरों के अन्य अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।
Bihar News LIVE: बिहार में दीवाली-छठ पर विशेष ट्रेनें 15 हजार फेरे लगाएंगी
Bihar News LIVE: सीएम सम्राट चौधरी ने दिवाली और छठ महापर्व पर बिहार के लिये विशेष ट्रेनें चलाने का अनुरोध रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से किया। इस पर रेल मंत्री ने बताया कि दिवाली और छठ के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए बिहार के लिए सामान्य तौर पर संचालित लगभग 12 हजार की तुलना में इस साल विशेष ट्रेनों के 15 हजार फेरे व्यवस्था की गई है।..और पढ़ें
Bihar News LIVE: ट्रेन में पैसे नहीं देने पर किन्नरों ने यात्री को पीटा,दांत काटकर ~1500 छीने
Bihar News LIVE: चलती ट्रेन में यात्रियों से जबरन पैसे मांगने और विरोध करने पर मारपीट करने के मामले में रेल पुलिस ने पांच किन्नरों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पांचों ट्रेन की जनरल बोगी में सवार होकर यात्रियों से जबरन पैसे मांग रहे थे।
इसी दौरान एक युवक ने अपनी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने का हवाला देते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया। इससे नाराज किन्नरों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान युवक को दांत से काटकर घायल कर दिया गया। इसके बाद उसकी जेब से 1500 रुपये भी छीन लिए गए।
Bihar News LIVE: बख्तियारपुर में ऑटो स्टैंड हटाने की मांग पर विधायक से नोकझोंक,नेम प्लेट तोड़ा
Bihar News LIVE: बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के देदौर गांव के पास ऑटो स्टैंड हटाने की मांग के लिए स्थानीय विधायक अरुण कुमार साह के साथ कुछ लोगों ने नोकझोंक की। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने विधायक के नेम प्लेट लगी गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना मंगलवार की शाम की है। हालांकि विधायक के सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
नगर परिषद की ओर से ऑटो स्टैंड को बाजार से कुछ दूरी पर बनाए जाने से लोग नाराज थे। लोगों का आरोप था कि ऑटो स्टैंड बाजार से दूर होने के कारण यात्रियों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। उनकी मांग थी कि नगर परिषद कार्यालय के समीप बनाए गए ऑटो स्टैंड को हटाकर बाजार के नजदीक किया जाए। इस पर विधायक अरुण कुमार साह ने लोगों को आश्वस्त किया कि वे इस मामले में संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे। हालांकि, लोग उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हुए और उनसे उलझ पड़े। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद विधायक के सुरक्षाकर्मियों और स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद विधायक रवाना हो गए। इस संबंध में विधायक ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
Bihar News LIVE: शिकंजा:किशनगंज-कटिहार में डीपीओ के घर व दफ्तर पर छापा
Bihar News LIVE: शिक्षा विभाग की कार्यक्रम पदाधिकारी रूबी कुमारी और उनके रेलकर्मी पति के किशनगंज और कटिहार स्थित चार ठिकानों पर मंगलवार को आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम ने एक साथ छापेमारी की। टीम ने किशनगंज स्थित दो ठिकानों पर और कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी में दो ठिकानों पर छापेमारी की। सुबह करीब 8.30 बजे शुरू हुई तलाशी शाम 4.10 बजे तक चली। पूरी कार्रवाई के लिए पांच टीम गठित की गई थी।…और पढ़ें
Bihar News LIVE: छठ पर बिहारियों से हवाई किराये के नाम पर हो रही लूट
Bihar News LIVE: वीआईपी के संस्थापक मंत्री मुकेश सहनी ने छठ पूजा के अवसर पर ट्रेनों में भीड़ और विमानों के किराये में बेतहाशा वृद्धि को लेकर केंद्र पर तीखा हमला बोला। मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि छठ बिहार का सबसे बड़ा पर्व है। छठ पर्व पर बिहारियों से हवाई किराये के नाम पर लूट हो रही है।
कहा कि मुंबई और दिल्ली से बिहार आने के लिए 30 से 50 हजार तक का हवाई टिकट मिल रहा है। केंद्र सरकार को तत्काल हस्तक्षेप कर विमान किराये की अधिकतम सीमा 10 से 12 हजार रुपये तय करनी चाहिए।
Bihar News LIVE: न्यूनतम मजदूरी में सात से 10 रुपये की वृद्धि
Bihar News LIVE: के साढ़े तीन करोड़ से अधिक असंगठित व संगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए सुखद खबर है। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग ने न्यूनतम मजदूरी दर में वृद्धि कर दी है। अधिसूचना के अनुसार अब मजदूरों को रोजाना सात से 10 रुपये अधिक मिलेंगे। नई मजदूरी दर बीते एक अक्तूबर के प्रभाव से ही लागू होगी। राज्य के कुल कामगारों में 90 फीसदी यानी 3.26 करोड़ से अधिक असंगठित क्षेत्र में हैं। सरकार ने कामगारों को चार श्रेणी में बांटा है। अकुशल श्रेणी में 31 तरह के कामगार हैं।
इनकी न्यूनतम मजदूरी में रोजाना सात रुपये की वृद्धि की गई है। अर्धकुशल श्रेणी में 40 तरह के कामगार हैं। इनकी न्यूनतम मजदूरी में भी सात रुपये रोजाना की वृद्धि की गई है। कुशल श्रेणी में 50 तरह के कामगारों को रखा गया है और इसमें नौ रुपये रोजाना की वृद्धि की गई है। जबकि अतिकुशल श्रेणी में 21 तरह के कामगारों को रखा गया है और इनकी न्यूनतम मजदूरी में 10 रुपये रोजाना की वृद्धि की गई है।…और पढ़ें
Bihar News LIVE: सीएम ने की नदियों की गाद से सड़कें बनवाने की पहल
Bihar News LIVE: जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि सीएम सम्राट चौधरी की पहल पर बिहार की नदियों की गाद से राष्ट्रीय राजमार्ग बनेंगे। इससे नदियों की जलधारण क्षमता बढ़ाने और बाढ़ के खतरे को कम करने में मदद मिलेगी। सड़क निर्माण के लिए भी उपयोगी सामग्री उपलब्ध होगी। इसके लिए बिहार सरकार ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के साथ नदी संजीवनी कार्यक्रम के तहत एमओयू किया है।
सीएम की इस पहल की जानकारी संजय झा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी है। उन्होंने इसे बिहार में बाढ़ प्रबंधन, आधारभूत संरचना के विकास को एक साथ जोड़ने वाली पहल बताया है। कहा कि सीएम की दूरदर्शी पहल से नदियों की गाद को विकास के अवसर में बदला जा सकेगा। केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व वाले मंत्रालय के साथ हुए समझौते के तहत नदियों से वैज्ञानिक तरीके से गाद निकाली जाएगी।
Bihar News LIVE: कैलाशपति की जन्मस्थली पर स्मारक का निर्माण होगा
Bihar News LIVE:केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि बिहार भाजपा के दधीचि समान त्याग, तपस्या और संगठन साधना के प्रतीक कैलाशपति मिश्र की जन्मस्थली पर उनकी भव्य प्रतिमा एवं स्मारक का निर्माण वे स्वयं कराएंगे। गांव में सड़क निर्माण कराने की भी घोषणा की।कैलाशपति मिश्र की 14वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को बक्सर जिले के ढकाईच में आयोजित श्रद्धांजलि सह स्मृति समारोह में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री द्वारा पुस्तकालय का निर्माण जल्द होगा ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके विचारों, जीवन संघर्ष और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा प्राप्त कर सके।
उन्होंने प्रधानमंत्री के खेलों इंडिया कार्यक्रम के तहत कैलाशपति मिश्र के नाम से खेल शुरू करवाने की भी बात कही ताकि गांव के प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले। राय ने कहा कि कैलाशपति मिश्र केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार, एक संस्कार और संगठन के प्रति आजीवन समर्पण की जीवंत परंपरा थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र और संगठन की सेवा में समर्पित कर दिया। व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं से दूर रहकर जिस निष्ठा, सादगी, त्याग और तपस्या के साथ उन्होंने संगठन को सींचा, वह हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।भावुक होते हुए यह भी कहा कि आज नित्यानंद राय जो कुछ भी है, उसमें कैलाशपति मिश्र का बहुत बड़ा योगदान है।
Bihar News LIVE: बिहार की नदियां गाद से कराह रहीं
Bihar News LIVE: बिहार की नदियों और जलाशयों में गाद बड़ी समस्या बन गई है। इसके कारण राज्य की नदियों और जलाशयों की जल भंडारण क्षमता साल-दर-साल घटती जा रही है। इससे पानी राज्य के बाहर बहकर जा रहा है। साथ ही बाढ़ का फैलाव भी पहले की तुलना में अधिक क्षेत्रों में होने लगा है। यदि नदियों और जलाशयों से निकाली गई गाद का उपयोग बिहार में सड़क निर्माण समेत अन्य विकास कार्यों में किया जाए, तो न केवल जल भंडारण क्षमता बढ़ाई जा सकती है, बल्कि बाढ़ के प्रकोप को कम करने और भू-जल स्तर में सुधार लाने में भी मदद मिल सकती है।
जल संसाधन विभाग के अनुसार राज्य की नदियों में गाद जमा होने से 238 बड़े टापू बन गए हैं। गाद से बने ये टापू न केवल नदियों की धारा बदल रहे हैं, बल्कि उनकी चौड़ाई भी लगातार कम कर रहे हैं। नदी किनारे हर साल होने वाले कटाव में भी गाद की अहम भूमिका है। 26 जिलों की 29 नदियों में सबसे अधिक 37 गाद के टापू कोसी नदी में बने हैं। बूढ़ी गंडक में 36, गंगा और कमला बलान में 24-24, गंडक में 18, बागमती में 14 और कमला बालान में 11 टापू हैं। वहीं, बाया और सिकरहना नदी में 10-10, धनौती में आठ, महानंदा में पांच, सकरी, बेगरी और तिलावे में चार-चार, करताहां, पंचाने और पसाह में तीन-तीन टापू हैं। तियर, देधौरा, गाद, झाझा, मसान और पंडेई नदियों में दो-दो गाद के टापू हैं। जबकि ललबकिया, परमान, सुरसर, धोवा, कदाने और नून नदी में एक-एक टापू बना हुआ है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play