CG Crime News: शराब के नशे में खूनी संघर्ष: मामूली बात पर भड़की पत्नी ने पति के सिर पर दे मारा लोहे का… – NPG News

बलरामपुर। 17 नवंबर 2026| छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पलगी छतौलीपारा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली घरेलू विवाद और शराब के नशे में सुध खो बैठी एक पत्नी ने अपने ही पति की जान ले ली।
गुस्से में आकर महिला ने घर में रखे तराजू के लोहे के बाट से पति के सिर पर ताबड़तोड़ और घातक प्रहार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
समधी के फोन से मिली हत्या की मनहूस खबर
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले की रिपोर्ट मृत युवक के ससुर यानी ग्राम शारदापुर (ई) थाना चलगली निवासी रामदेव कुम्हरिया ने त्रिकुंडा थाने में दर्ज कराई है। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि 15 नवंबर की सुबह लगभग साढ़े चार बजे उनके समधी रामविचार ने फोन पर संपर्क कर बेहद दुखद सूचना दी कि उनके दामाद प्रभात कुम्हरिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।
इस मनहूस खबर को सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद रामदेव कुम्हरिया, प्रभात के पिता फुलसाय, रमेश चरगट और गांव के अन्य लोग तुरंत बाइक व अन्य वाहनों से ग्राम पलगी छतौलीपारा स्थित मृतक के घर पहुंचे। घर के अंदर के कमरे में जब उन्होंने प्रवेश किया, तो प्रभात का शव पीठ के बल जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। उसकी बाईं आंख के ऊपर माथे पर गहरे चोट का गंभीर निशान था और खून पूरी तरह जम चुका था।
पूछताछ में पत्नी ने कबूला जुर्म
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जब मृतक की पत्नी राजपति कुम्हरिया से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने जो सच बताया, उसे सुनकर पुलिस भी सन्न रह गई। आरोपी पत्नी ने पुलिस को बताया कि रविवार (15 नवंबर) की सुबह वह और उसका पति प्रभात दोनों गांव के ही धनरूप यादव के यहां मजदूरी करने गए थे।
रात को काम खत्म करने के बाद जब वे दोनों घर लौटे, तो दोनों ने अत्यधिक शराब पी रखी थी। खाना खाते वक्त दोनों के बीच पुरानी बातों पर विवाद शुरू हो गया। नशे की हालत में गुस्सा इस कदर सातवें आसमान पर पहुंच गया कि राजपति ने आव देखा न ताव, पास ही रखा लोहे का तराजू का भारी बाट उठाया और सीधे पति के माथे पर जोर से दे मारा। सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद आरोपी महिला बेफिक्र होकर दूसरे कमरे में जाकर सो गई। कुछ देर बाद घायल पति भी खून से लथपथ हालत में अंदर आया और सो गया। लेकिन भोर में जब आंख खुली और महिला ने देखा, तो उसका पति दुनिया छोड़ चुका था।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृतका के परिजनों के बयान और घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पत्नी राजपति कुम्हरिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News