कवर्धा। 17 नवंबर 2026| पुलिस विभाग में भर्ती होने का सपना देख रही एक युवती को शारीरिक मापदंड (ऊंचाई) में विशेष छूट दिलाने का झांसा देकर 30 हजार रुपये की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को कवर्धा पुलिस ने दो साल की लंबी तलाश के बाद धर दबोचा है। सिटी कोतवाली पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर फरार आरोपी चंदन टोप्पो को सरगुजा जिले के अंबिकापुर से हिरासत में लिया है। पुलिस की सख्ती के आगे आरोपी ने न केवल अपना जुर्म कबूल किया, बल्कि पीड़िता के बैंक खाते में ठगी की पूरी रकम भी वापस लौटा दी।
पढ़िए क्या था पूरा मामला?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूलतः कवर्धा शहर के फुलवारी चौक और वर्तमान में सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर निवासी युवती निर्मला साहू ने 21 जुलाई 2024 को सिटी कोतवाली थाने में धोखाधड़ी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थिया ने अपनी शिकायत में बताया था कि पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान उसकी शारीरिक ऊंचाई निर्धारित मापदंड से कुछ कम थी। इसी कमजोरी का फायदा उठाते हुए आरोपी चंदन टोप्पो ने उसे विभाग में अपनी ऊंची पहुंच होने का हवाला दिया और नियमों में विशेष छूट दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोपी ने 5 फरवरी से 17 फरवरी 2024 के बीच अलग-अलग किस्तों में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नकद के माध्यम से युवती से कुल 30,000 रुपये ऐंठ लिए। रकम लेने के बाद जब भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ी तो युवती को किसी तरह की कोई छूट नहीं मिली। ठगी का अहसास होने पर जब युवती ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में संपर्क तोड़कर फरार हो गया। पीड़िता की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी।
ठिकाना बदलकर अंबिकापुर में छिपा था आरोपी
अपराध दर्ज होने के बाद से ही आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम लगातार उसकी पतासाजी कर रही थी। इसी कड़ी में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अंबिकापुर में रह रहा है। टीम ने तत्काल दबिश देकर मूल रूप से ग्राम करसी (थाना प्रतापपुर, जिला सूरजपुर) निवासी चंदन टोप्पो (37 वर्ष) पिता कमील को उसके वर्तमान निवास वसुंधरा कॉलोनी, गोवर्धनपुर (अंबिकापुर) से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, खाते में लौटाई राशि
कोतवाली लाकर की गई सख्त पूछताछ में आरोपी चंदन टोप्पो ने युवती से ठगी करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस कार्रवाई के दबाव में आरोपी ने पीड़िता निर्मला साहू के बैंक खाते में 30,000 रुपये और 5,700 रुपये की अतिरिक्त राशि वापस ट्रांसफर कर दी। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।
दलालों के झांसे में न आएं युवा : एसपी
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र यादव ने आम नागरिकों और विशेषकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के तहत संचालित होती है। शारीरिक मापदंड या लिखित परीक्षा में किसी भी प्रकार की अवैध छूट दिलाने का दावा करने वाले दलालों और ठगों के झांसे में बिल्कुल न आएं। यदि कोई व्यक्ति भर्ती के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो तत्काल इसकी सूचना नजदीकी पुलिस थाने को दें।
राधाकिशन शर्मा: शिक्षा: बीएससी, एमए राजनीति शास्त्र व हिन्दी साहित्य में मास्टर डिग्री, वर्ष 1998 से देशबंधु से पत्रकारिता की शुरुआत। हरिभूमि व दैनिक भास्कर में बतौर सिटी रिपोर्टर काम किया। 2007 से जुलाई 2024 तक नईदुनिया में डिप्टी न्यूज एडिटर व सिटी चीफ के पद पर कार्य का लंबा अनुभव। 1 अगस्त 2024 से एनपीजी न्यूज में कार्यरत।