Download App from
डिजिटल डेस्क,छपारा। मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल, छपारा में शनिवार को पुलिस प्रशासन द्वारा नशा मुक्ति एवं साइबर क्राइम जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लखनादौन के एसडीओपी श्री अपूर्व भलावी, नगर निरीक्षक छपारा श्री खेमेंद्र कुमार जैतवार सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओपी श्री अपूर्व भलावी एवं नगर निरीक्षक श्री खेमेंद्र कुमार जैतवार ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा उन्हें नशे से दूर रहने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया और शपथ दिलाई गई, साथ ही उन्होंने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर प्रकाश डालते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने,तथा मोबाइल फ़ोन, इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं।
विद्यालय के अंग्रेजी माध्यम के प्राचार्य श्री प्रदीप कुमार तथा वरिष्ठ शिक्षक श्री देवेन्द्र कुमार सोनी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे एवं साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्राचार्य श्री प्रदीप कुमार ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया समाज में अवैध रूप से नशे का कारोबार करने वालों और विशेषकर नाबालिग बच्चों और युवा पीढ़ी को अवैध रूप से नशे की सामग्री बेचने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, क्योंकि देश की युवा पीढ़ी ही राष्ट्र का भविष्य है और उसका सुरक्षित एवं स्वस्थ रहना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से नगर निरीक्षक श्री खेमेंद्र कुमार जैतवार को नागरिकों एवं युवा पीढ़ी के बीच नशा मुक्ति तथा जन-जागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय एवं समर्पित योगदान के लिए विद्यालय के डायरेक्टर श्री माइकल जॉन के करकमलों द्वारा प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर हिंदी माध्यम के प्राचार्य श्री संजय मसीह, पास्टर श्री समित कुमार, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने एसडीओपी श्री अपूर्व भलावी एवं नगर निरीक्षक श्री खेमेंद्र कुमार जैतवार से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के हित में इस प्रकार के उपयोगी एवं जनहितकारी कार्यक्रम के आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। प्रबंधन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में जागरूकता, जिम्मेदारी एवं सकारात्मक सामाजिक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सभी के विचारों को गंभीरता से सुना तथा कार्यक्रम की सराहना की।
Created On :