न्यायालय कर्मी और वकील के बीच हुई लड़ाई (Photo- Social Media)
Chitrakoot News: उत्तर प्रदेश के जनपद चित्रकूट में न्यायालय कर्मी व अधिवक्ता के बीच परिसर में गाड़ी खड़ी करने को लेकर विवाद के बाद मारपीट हो गई। चितरा गोकुलपुर निवासी स्माइल जूनियर असिस्टेंट मोटर दुर्घटना न्यायालय के कार्यालय में कार्यरत है।
कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि सोमवार की शाम करीब पौने छह बजे देखा तो कार्यालय परिसर के पास एक गाड़ी खड़ी थी। कुछ देर बाद गाड़ी लेने आए अधिवक्ता प्रखर पटेल से कहा कि अपनी गाड़ी बाहर खड़ी कर लो, गेट बन्द करना है। जिस पर अधिवक्ता ने गालीगलौज करते हुए फोन से करीब 10 लोगों को बुलाकर उसके साथ लाठी डंडों से मारपीट की। जिससे उसके दाहिने हाथ की उंगली टूट गई। वहीं दूसरी ओर अधिवक्ता प्रखर पटेल ने भी अधिवक्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर न्यायालय कर्मी पर मारपीट का आरोप लगाया है।
एसपी अरुण सिंह का कहना है कि न्यायालय कर्मी की तहरीर पर अधिवक्ता के खिलाफ सुसंगत धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। अधिवक्ता की तहरीर में एक न्यायिक अधिकारी पर सह देने का आरोप है। इसके लिए हाईकोर्ट से अनुमति लिया जाना जरुरी है।