Feedback
बाहर कितनी भी गर्मी क्यों न हो रही हो, लेकिन अगर किसी के मुंह से पकौड़ों का नाम निकल जाए तो आसपास बैठे सभी लोगों को मन पकौड़े खाने के लिए मिचला उठता है. चाय और पकौड़ों का कॉम्बिनेशन इतना जबरदस्त होता है कि सभी मौसम में शानदार लगता है. आलू से लेकर पनीर तक की पकौड़ियां तो सभी खाते हैं, लेकिन गरमा-गरम मूंग दाल की पकौड़ियों का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है.
मूंग दाल की पकौड़ियां भी लोगों को खूब पसंद होती हैं. लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी घर वाली मूंग दाल की पकौड़ी बाजार जैसी क्रिस्पी और परेफेक्ट नहीं बन पाती हैं. घर पर पकौड़ियां बनाते वक्त या तो वो ज्यादा तेल सोख लेती हैं या फिर उतनी क्रिस्पी नहीं बन पातीं जितनी बाजार वाली बनती है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने मूंग दाल पकौड़ियों को कम ऑयली और एक्स्ट्रा क्रिस्पी बनाने के 5 आसान टिप्स शेयर किए हैं. इन ट्रिक्स को अपनाकर आपकी पकौड़ियां बाहर से करारी और अंदर से पूरी तरह पकी हुई बनेंगी.
1. दाल पीसते समय पानी बिल्कुल न डालें: सबसे पहला और जरूरी टिप ये है कि भीगी हुई मूंग दाल को पीसते वक्त उसमें पानी न डालें. बिना पानी के पीसा गया बैटर ज्यादा अच्छा बनता है और पकौड़ियां तेल कम सोखती हैं. इसके बाद बैटर को अच्छी तरह फेंटें, ताकि वो फ्लफी हो जाए.
2. फ्लोटिंग टेस्ट से चेक करें बैटर तैयार है या नहीं: बैटर परफेक्टली फेंटा गया है या नहीं, ये जानने के लिए फ्लोटिंग टेस्ट करना जरूरी है. एक कटोरी पानी में बैटर की एक बूंद डालें. अगर बैटर ऊपर तैरने लगे, तो समझ जाइए कि उसमें अच्छी तरह से फ्लफी हो चुका है और अब पकौड़ियां बनाने के लिए बैटर तैयार है.
3. चावल का आटा और बेकिंग सोडा बढ़ाएंगे क्रंच: अगर आप पकौड़ियों को ज्यादा क्रिस्पी बनाना चाहते हैं, तो बैटर में थोड़ा चावल का आटा मिलाएं. इससे पकौड़ियां बेहद क्रिस्पी बनती हैं. इसके अलावा एक चुटकी बेकिंग सोडा डालने से भी पकौड़ियां हल्की और करारी बनती हैं.
4. बैटर में मिलाएं थोड़ा गरम तेल: एक और खास ट्रिक ये है कि बैटर में थोड़ा सा गरम तेल मिला लें. इससे पकौड़ियां तलते समय कम तेल सोखती हैं और उनका टेक्शचर भी ज्यादा अच्छा आता है.
5. पहले तेज फिर धीमी आंच पर तलें: पकौड़ियों को पहले गरम तेल में डालें और फिर गैस की आंच धीमी कर दें. इस तरीके से पकौड़ियां बाहर से तुरंत क्रिस्पी हो जाती हैं, जबकि अंदर से धीरे-धीरे अच्छी तरह पकती हैं. साथ ही वे ज्यादा तेल भी नहीं पीतीं.
इन आसान टिप्स की मदद से आपकी मूंग दाल पकौड़ियां हर बार बाजार जैसी क्रिस्पी और स्वादिष्ट बनेंगी. सबसे अच्छी बात ये है कि ये पकौड़ियां कम ऑयली भी होंगी, जिससे स्वाद के साथ सेहत का भी ध्यान रहेगा.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू