दिल्ली पुलिस ने बताया कि हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में अधिकांश विदेशी नागरिक हैं। हालांकि, उनकी पहचान और राष्ट्रीयता की आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने कहा कि राहत और बचाव अभियान अभी भी जारी है और सभी संबंधित एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद हैं, ताकि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्तरां में बुधवार को भीषण आग लगने से कुछ विदेशी नागरिकों सहित कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि 37 से अधिक लोगों को रेस्तरां से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां 21 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मारे गए लोगों में से कई मध्य एशिया और अफ्रीका के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि आग ‘लेमन ग्रीन रेस्तरां’ में लगी और देखते ही देखते पास के काफी क्षेत्र में फैल गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी के अनुसार, बचाव कर्मी भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित इस इमारत के बेसमेंट में दाखिल हुए और वहां फंसे कम से कम तीन लोगों को बाहर निकाला। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है।