Delhi Schools Bomb Threat: दिल्ली में एक बार फिर करीब 40 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. सोमवार (9 दिसंबर) की सुबह 7.00 बजे आरके पुरम के डीपीएस, पश्चिम विहार के जीडी गोयनका स्कूल, मदर मैरी स्कूल समेत 40 स्कूल मैनेजमेंट को बम की धमकी भरा ईमेल आया. इस समय तक बच्चे अपनी क्लास के लिए स्कूल पहुंच चुके थे. धमकी का मामला सामने आते ही सबसे पहले बच्चों को घर भेजा गया और पुलिस को जानकारी दी गई. फायर डिपार्टमेंट और दिल्ली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि दिल्ली के स्कूल, एयरपोर्ट, होटल और अन्य जगहों पर बम की धमकियों का सिलसिला खत्म नहीं हो रहा है. कुछ समय पहले भी दिल्ली के रोहिणी में एक प्राइवेट स्कूल को बम की धमकी भरा एक ईमेल आया था. इसके बाद दिल्ली फायर डिपार्टमेंट की एक टीम जांच के लिए स्कूल कैंपस में पहुंची और धमकी अफवाह पाई गई.
अरविंद केजरीवाल का केंद्र पर तंज
दिल्ली वालों ने दिल्ली में कानून व्यवस्था की इतनी बुरी हालत पहले कभी नहीं देखी थी. अमित शाह जी को आकर दिल्ली वालों को जवाब देना चाहिए.
दिल्ली में हो चुके हैं कम तीव्रता वाले विस्फोट
रोहिणी के स्कूल को धमकी मिलने से एक दिन पहले ही प्रशांत विहार इलाके में कम तीव्रता का एक विस्फोट हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया था. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था. जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया था, उसमें देखा जा सकता था कि छोटे ब्लास्ट के बाद आसपास धुआं छा गया था.
वहीं, इससे पहले दिल्ली के रोहिणी में सीआरपीएफ स्कूल के पास भी एक विस्फोट हुआ था. दो महीने के अंदर दिल्ली में ऐसे दो विस्फोट हो चुके हैं, जिसके चलते अब यहां की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. इतना ही नहीं, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और फ्लाइट्स में भी बम की धमकियां मिलती रही हैं, जो जांच के बाद झूठी साबित हुई हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने 2500KM पीछा कर इंटरनेशनल तस्कर को हैदराबाद में दबोचा, NIA ने जारी किया था 2 लाख का इनाम