राजधानी दिल्ली में शनिवार को पूरे दिन आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है, जिसमें लाल किले पर होने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के दौरान भी बहुत हल्की बारिश हो सकती है।
लाल किला क्षेत्र के लिए जारी मौसम विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
आईएमडी ने शनिवार सुबह जारी पूर्वानुमान में कहा, ”आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। सुबह 6 बजे से 7 बजे के बीच बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच लगभग 2 से 4 मिलीमीटर तक बहुत हल्की बारिश होने की 50 प्रतिशत संभावना है। पूर्वानुमान में यह भी कहा गया है कि दोपहर से शाम के बीच लगभग तीन मिलीमीटर तक बहुत हल्की बारिश होने की 60 प्रतिशत संभावना है। शनिवार सुबह साढ़े 5 बजे तक दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए हुए थे और सतही हवाएं शांत थीं। आईएमडी के अनुसार, आज तड़के बारिश दर्ज नहीं की गई।”
स्काईमेट के महेश पलावत ने कहा, “मॉनसून ट्रफ के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की उम्मीद है और 15 अगस्त के आसपास दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने का अनुमान है।”
बता दें कि, दिल्ली में आज का मस्त मौसम पतंगबाजों और पतंग विक्रेताओं के लिए काफी राहत भरा हो सकता है। देश के कई राज्यों में जहां मकर संक्रांति पर पतंग उड़ाई जाती हैं, वहीं दिल्ली में 15 अगस्त के दिन पतंग उड़ाने का चलन है। इस दिन दिल्ली का आसमान रंग-बिरंगी और नई-नई डिजाइनों की पतंगों से पटा हुआ नजर आता है। पतंगों के शौकीन लोग इस दिन आसमान साफ रहने और मौसम ठंडा रहने की आस लगाए रहते हैं।
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों से सेंट्रल दिल्ली में उन स्थानों के आसपास पतंग उड़ाने और अन्य हवाई वस्तुओं के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है, जहां स्वतंत्रता दिवस से जुड़े कार्यक्रम या सार्वजनिक सभाएं आयोजित की जा रही हैं। सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया और 16 अगस्त तक प्रभावी रहेगा। आदेश के अनुसार, छतों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य ऊंचे स्थानों से पतंग उड़ाने से पैदल चलने वालों, मोटर चालकों और अन्य लोगों के लिए खतरा पैदा हो सकता है और दुर्घटनाएं हो सकती हैं। इसमें यह भी कहा गया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पतंगबाजी की गतिविधि बढ़ने से जनता के लिए बाधा और असुविधा हो सकती है। यह आदेश उन गतिविधियों पर भी प्रतिबंध लगाता है, जिनसे जनता के लिए बाधा, खतरा, परेशानी या असुविधा पैदा होने या समारोह के दौरान शांति भंग होने की संभावना हो। सेंट्रल जिले के सभी व्यक्तियों, प्रतिष्ठानों, संस्थानों और आयोजकों को स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित पुलिस निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया गया है। आदेश में कहा गया है कि निर्देशों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति पर बीएनएस की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play