Delhi Weather Update: दिल्ली में लोगों को मंगलवार को भीषण गर्मी झेलनी पड़ी। अधिकतम तापमान तो 40.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन शाम 5:30 बजे लोगों को 53.5 डिग्री सेल्सियस की तपन महसूस हुई। न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.3 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग ने दिल्ली में बुधवार और गुरुवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। दोनों दिनों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। बुधवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक जा सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिल्ली में आज से सोमवार तक बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान गिरकर 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो-तीन दिनों के भीतर मानसून दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में पहुंच जाएगा। इस बार मध्य एवं उत्तर पश्चिम भारत में मानसून के आगमन में विलंब हुआ है, इसके बावजूद मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। दिल्ली में मानसून के आगमन की सामन्य तिथि 27 जून है। हालांकि, अगले दो-तीन दिनों में यह यहां पहुंचता है तो ज्यादा विलंब नहीं माना जाएगा।
दिल्ली में तापमान से अधिक गर्मी महसूस होने का कारण बताते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि पाकिस्तान से आने वाली शुष्क पश्चिमी हवाओं से उच्च तापमान बना हुआ है। जबकि अरब सागर से आने वाली दक्षिण-पश्चिमी हवाएं भी दिल्ली पहुंच रही हैं और नमी बढ़ा रही हैं। वेबसाइट ‘स्काईमेट’ के महेश पलावत का कहना है जब ये शुष्क और नमी वाली हवाएं आपस में मिलती हैं तो उमस बढ़ जाती है, जिससे गर्मी अधिक महसूस होती है। ऐसी स्थिति में बादल तो बनते हैं, पर बारिश के लिए जरूरी नमी नहीं होती।
मंगलवार को मानसून ने उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों को कवर करते हुए उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख तक दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मानसून दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में पहुंच जाएगा। आगामी 1 से 6 जुलाई तक उत्तर पश्चिम भारत, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना व्यक्त की है।
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अनुसार, मंगलवार सुबह 9 बजे शहर की हवा की गुणवत्ता ‘मॉडरेट’ (सामान्य) श्रेणी में दर्ज की गई, जिसमें एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 150 था। सीपीसीबी के अनुसार, 0 से 50 के बीच AQI को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मॉडरेट’ (सामान्य), 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह ‘लाइव हिन्दुस्तान’ में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के ‘डीडी न्यूज’ से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play