प्रधानमंत्री करेंगे जवाहरपुर तापीय विद्युत परियोजना का लोकार्पण, 14,628 करोड़ की परियोजना से मिलेगा ऊर्जा क्षेत्र को बल (Photo- Social Media)
Etah News: जनपद के लिए गर्व का क्षण तब आएगा जब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को कानपुर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जवाहरपुर तापीय विद्युत परियोजना का लोकार्पण करेंगे। यह परियोजना जनपद एटा के ग्राम मलावन में स्थापित की गई है, जिसकी कुल क्षमता 2×660 मेगावाट है और जिसकी लागत ₹14,628.09 करोड़ रुपये है।
इस भव्य लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को सायं 3:15 बजे प्रस्तावित है, जिसमें जनपद के समस्त जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक एवं मीडिया प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है। जिलाधिकारी श्री प्रेम रंजन सिंह के निर्देशन में कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं का जायज़ा लेने के लिए उन्होंने उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, पुलिस प्रशासन एवं परियोजना अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम को सफल, भव्य और अनुशासित रूप में संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियाँ सौंप दी गई हैं।
जवाहरपुर तापीय विद्युत परियोजना उत्तर प्रदेश में ऊर्जा उत्पादन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इसके माध्यम से राज्य को न केवल ऊर्जा आपूर्ति में मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। यह परियोजना क्षेत्रीय विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी। उक्त परियोजना का शिलान्यास सपा शासन काल में अखिलेश यादव द्वारा किया गया था जिसे आज पूरा होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकार्पण कर रहे हैं।
This Quiz helps us to increase our knowledge