भोगनीपुर नहर में मिला अज्ञात महिला का शव (photo: social media )
Etawah News: इटावा जिले के जसवंतनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब सराय भूपत रेलवे फाटक के पास भोगनीपुर नहर में एक महिला का शव तैरता हुआ मिला। नहर के पास मौजूद लोगों ने जब पानी में शव को देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
शव को नहर से बाहर निकाला गया और प्रारंभिक जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि मृतका की उम्र लगभग 55 वर्ष के आसपास है। महिला ने नीले रंग का ब्लाउज, फिरोज़ी रंग का पेटीकोट पहना हुआ था। उसके पैरों में सफेद धातु की पायजेब और हाथों में लाल रंग की चूड़ियां थीं। शरीर पर किसी भी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला की मौत स्वाभाविक कारणों से या डूबने से हो सकती है, हालांकि असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शव की पहचान की कोशिश की लेकिन अब तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने बताया कि आसपास के थानों और जिलों में गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है, साथ ही सोशल मीडिया की सहायता से भी पहचान की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है और पुलिस ने अज्ञात महिला की पहचान के लिए स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील की है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस रहस्यमयी मौत को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले से पर्दा उठाने की कोशिश की जा रही है।
This Quiz helps us to increase our knowledge
Content Writer
पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है