संदिग्ध अवस्था में युवक और महिला की मृत्यु (photo: social media )
Firozabad News: थाना क्षेत्र के गांव नगला ऊमर में एक महिला और युवक की संदिग्ध अवस्था में मृत्यु हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की है। महिला का शव उसके घर में मिला है, जबकि युवक का शव गांव के बाहर खेत में चारपाई पर मिला। महिला और युवक की मृत्यु की जानकारी होते ही सीओ प्रवीन कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और दोनों शव कब्जे में लेकर फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेज दिये हैं।
नगला ऊमर निवासी 30 वर्षीय महिला वीकेश पत्नी मोहित यादव और 27 वर्षीय बंटू उर्फ रोहित पुत्र स्व. हरिप्रकाश शर्मा की मंगलवार सुबह संदिग्ध अवस्था में मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। दोनों शव अलग-अलग रख लिए गए। दोनों ही के स्वजन और रिस्तेदार व व्यवहारियों की भीड़ जुट गई। महिला और युवक ने आत्महत्या क्यों की, इस बारे में गांव का कोई भी व्यक्ति अथवा महिला कुछ भी बताने को तैयार नहीं थी।
मृतक रोहित की मां का आरोप है कि उसका बेटा उसके पास सो रहा था। सुबह पांच बजे के करीब मृतका महिला वीकेश के परिवार की तीन महिलाएं उसके घर आईं और गाली गलौज करते हुए उसके बेटे को सोते से जगा कर घर से बाहर ले गईं। वृद्ध मां का एक मात्र सहारा था रोहित। उसका आरोप है कि उसके बेटे को मार दिया। गांव के कुछ लोग रोहित को गाड़ी में रख कर ट्रामा सेंटर ले गये थे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में लौटा कर घर के पास खाली प्लाट में शव को रख दिया। इसके बाद उसे बताया गया कि उसके बेटे ने जहर खा लिया है, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। मृतक रोहित के मुंह से झांग निकल रहा था, वहीं महिला द्वारा भी जहर खा कर आत्महत्या की बात कही जा रही है। गांव के लोगों का कहना है कि रोहित गांव के बाहर एक खाली प्लाट में चारपाई पर अचेतावस्था में लेटा मिला था। उसे आनन-फानन में उपचार के लिए ले गये थे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतका का पति और ससुर व अन्य तीन देवर अहमदाबाद में लिफ्ट लगाने का काम करते हैं। मृतका अपने घर पर अपने दो बच्चे ज्योती (9) और पांच वर्षीय अर्पित के साथ रह रही थी। दोनों मृतक के घर आमने-सामने हैं। रोहित अपना घर बनवा रहा था। मृतक की मां का आरोप है कि उसका घर बनवाना अच्छा नहीं लग रहा था, इस लिए उसके बेटे को उससे छीन लिया।
मृतक रोहित की मां सरोज देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। जब पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गाड़ी में रखा तो वह सिर जमीन पर मारने लगी। महिलाओं ने उसे सांत्वना दी, लेकिन कुछ ही देर में वह अचेत हो गई। रिश्तेदार में आई महिलाओं ने उसे ढांढस बंधाया। इस बारे में एसपी ग्रामीण का कहना है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक और महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मृत्यु हो गई है। पूछताछ में ग्रामीणों ने बताया कि दोनों में प्रेम प्रसंग था। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी भेज दिया गया है। विधिक कार्यवाही की जा रही है।
This Quiz helps us to increase our knowledge
Content Writer
पत्रकारिता के क्षेत्र में मुझे 4 सालों का अनुभव हैं. जिसमें मैंने मनोरंजन, लाइफस्टाइल से लेकर नेशनल और इंटरनेशनल ख़बरें लिखी. साथ ही साथ वायस ओवर का भी काम किया. मैंने बीए जर्नलिज्म के बाद MJMC किया है