Feedback
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जुलाई (मंगलवार) को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान में हैं. मुकाबले में टॉस इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया.
भारतीय समयानुसार मैच दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा. इस मुकाबले की लाइव अपडेट और स्कोरकार्ड के लिए इस पेज को रिफ्रेश करते रहें.
टी20 सीरीज में मिली हार के बाद गौतम गंभीर की रणनीति और टीम की दिशा पर सवाल उठने लगे थे. ऐसे में वनडे सीरीज भारतीय टीम के लिए सिर्फ एक नई शुरुआत नहीं, बल्कि आलोचनाओं का जवाब देने का भी मौका है.
रोहित-विराट की वापसी से बदली टीम की तस्वीर
वनडे टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल और कप्तान शुभमन गिल की वापसी ने भारत को काफी मजबूत बना दिया है. टी20 में युवा खिलाड़ियों पर निर्भर टीम अब अनुभवी सितारों के साथ मैदान में उतरेगी. भारत की नजर 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों को मजबूत करने पर भी रहेगी.
इंग्लैंड भी पूरे आत्मविश्वास के साथ उतरेगा
ब्रेंडन मैकुलम की कोचिंग में इंग्लैंड ने टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया. गेंदबाजों ने भारत को लगातार परेशान किया, जबकि आखिरी मुकाबले में जोस बटलर और हैरी ब्रूक ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर टीम को दमदार जीत दिलाई.
हालांकि वनडे क्रिकेट में इंग्लैंड का हालिया रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं रहा है. 2025 की शुरुआत से उसे भारत, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा. टीम चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंच सकी थी. हालांकि इसी साल श्रीलंका में वनडे सीरीज जीतकर उसने कुछ आत्मविश्वास जरूर हासिल किया.
एजबेस्टन की पिच रिपोर्ट
मौसम विभाग के अनुसार मुकाबले के दौरान बारिश की संभावना नहीं है और आसमान साफ रहेगा. एजबेस्टन में पिछला वनडे मई 2025 में खेला गया था, जिसमें इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 400 रन बनाए थे और विपक्षी टीम को सिर्फ 162 रन पर समेट दिया था. हालांकि हाल ही में महिला टी20 विश्व कप के दौरान इसी मैदान पर दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के बीच कम स्कोर वाला मुकाबला भी देखने को मिला था.
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन घोषित
इंग्लैंड ने मैच से एक दिन पहले अपनी अंतिम एकादश का ऐलान कर दिया. जैकब बेथेल बेन डकेट के साथ पारी की शुरुआत करेंगे.
इंग्लैंड की प्लेइंग XI: जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग, आदिल राशिद.
भारत की सबसे बड़ी पहेली
भारतीय टीम के सामने सबसे बड़ा सवाल हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में संतुलन बनाने का है. क्या शिवम दुबे को मौका मिलेगा या टीम दो स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर के साथ ही उतरेगी?
भारत की संभावित XI: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, जसप्रीत बुमराह.
आंकड़ों में मुकाबला
2023 वनडे विश्व कप के बाद से फुल मेंबर देशों में वनडे जीत प्रतिशत के मामले में इंग्लैंड से खराब रिकॉर्ड सिर्फ जिम्बाब्वे का है.
जसप्रीत बुमराह 2023 वनडे विश्व कप फाइनल के बाद पहली बार वनडे मैच खेलते नजर आएंगे.
इंग्लैंड इस सीरीज के जरिए वनडे में अपनी खोई हुई लय वापस पाना चाहेगा, जबकि भारत टी20 सीरीज की निराशा को पीछे छोड़ने की कोशिश करेगा.
इंडिया स्क्वॉड: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर ), अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बराड़, प्रिंस यादव, शिवम दुबे, प्रसिद्ध कृष्णा
इंग्लैंड स्क्वॉड: बेन डकेट, विल जैक्स, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), जैकब बेथेल, सैम करन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, साकिब महमूद, टॉम बैंटन, जोश टंग, गस एटकिंसन, जेम्स कोल्स, रेहान अहमद
भारत vs इंग्लैंड (वनडे सीरीज का शेड्यूल)
• 14 जुलाई: पहला वनडे, बर्मिंघम, दोपहर 3.30 बजे
• 16 जुलाई: दूसरा वनडे, कार्डिफ, शाम 5.30 बजे
• 19 जुलाई: तीसरा वनडे, लॉर्ड्स, दोपहर 3.30 बजे
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू