India US Trade Deal: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के बाद कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बन गई है, जिसके तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर लगने वाला जवाबी शुल्क (Trump Reciprocal Tariff) मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा.
प्रधानमंत्री मोदी (PM Narendra Modi) ने कहा कि उन्हें यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर शुल्क घटकर 18 फीसदी रह जाएगा. मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा. यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब ‘मेड इन इंडिया’ (Made in India) उत्पादों पर शुल्क घटकर 18 फीसदी रह जाएगा. इस शानदार घोषणा के लिए भारत की 1.4 अरब जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को हार्दिक धन्यवाद.’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कही ये बात
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो इससे लोगों को लाभ होता है और पारस्परिक लाभकारी सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं. मोदी ने कहा, ‘वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है. भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है.’ प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ‘मैं उनके साथ मिलकर काम करने और हमारी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तत्पर हूं.’
डोनाल्ड ट्रंप ने जारी किया बयान
ट्रंप ने कहा कि भारत अमेरिका के खिलाफ लगाए गए ‘शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं’ को शून्य तक लाने की दिशा में आगे बढ़ेगा. उन्होंने यह भी कहा कि नई दिल्ली अमेरिका से ऊर्जा सहित 500 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का सामान खरीदेगा. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘प्रधानमंत्री मोदी से मित्रता व उनके प्रति सम्मान के मद्देनजर तथा उनके अनुरोध पर तत्काल प्रभाव से अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनी है, जिसके तहत अमेरिका जवाबी शुल्क 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा.’
ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत भी अमेरिका के खिलाफ अपनी शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ेगा. इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी ने काफी बड़े स्तर पर अमेरिकी उत्पादों को खरीदने की प्रतिबद्धता जताई है. उन्होंने कहा, इसमें 500 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पादों की खरीद शामिल है. ट्रंप ने कहा, ‘भारत के साथ हमारे पहले से शानदार संबंध और मजबूत होंगे. प्रधानमंत्री मोदी और मैं काम करके दिखाते हैं. अधिकतर लोगों के बारे में यह बात नहीं कही जा सकती.’
ट्रंप ने मोदी के साथ बातचीत में रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने पर भी चर्चा होने की बात कही. उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी तेल की खरीद बंद करने और अमेरिका से ज्यादा मात्रा में तेल खरीदने, तथा संभावित रूप से वेनेजुएला से भी खरीद पर सहमति जताई है. इससे यूक्रेन में जारी युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर हफ्ते हजारों लोगों की मौत हो रही है.’
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर भारत सरकार के आर्थिक मामलों के विभाग की सचिव अनुराधा ठाकुर ने कहा, ‘इसे सामने आने दीजिए. हमें डिटेल्स आने का इंतज़ार करना चाहिए. बहुत ही रचनात्मक बातचीत चल रही थी, जिसके परिणामस्वरूप यह रिजल्ट आया है.’
विभिन्न विपक्षी दलों के सदस्यों ने मंगलवार को भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का मुद्दा उठाया और संसद को विश्वास में लेने, सदन के पटल पर इनके पूरे मसौदे रखे जाने तथा इन पर व्यापक चर्चा की मांग करते हुए राज्यसभा से वॉकआउट किया.
Source: IOCL
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.