किसानों को जोड़ने के लिए 31 मई तक चलेंगे पीएम किसान योजना के लिए ग्राम स्तरीय सेचुरेशन कैंप (Photo- Social Media)
Jaunpur News: जौनपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से अभी तक वंचित पात्र किसानों को योजना से जोड़ने के लिए 5 मई से 31 मई तक जनपद के हर ग्राम स्तर पर सेचुरेशन कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी उप कृषि निदेशक हिमांशु पांडेय ने जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देश के क्रम में दी।
उन्होंने बताया कि इन कैंपों में पात्र किसान ई-केवाईसी, भूमि सत्यापन, आधार सीडिंग, फार्मर रजिस्ट्री (किसान आईडी) जैसे कार्य करवा सकेंगे। ऐसे किसान जो अब तक किसी कारणवश योजना का लाभ नहीं ले पाए हैं, उन्हें अब इस विशेष अभियान के तहत योजना से जोड़ा जाएगा।
फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य किया गया है और भविष्य में किसान सम्मान निधि की किस्तों सहित अन्य कृषि योजनाओं का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जिनकी फार्मर आईडी बनी होगी। ऐसे में किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते कैंप में जाकर या सीएससी केंद्रों पर अपनी आईडी अवश्य बनवा लें।
कैंप में संबंधित ग्राम के विलेज नोडल अधिकारी, लेखपाल, जनसेवा केंद्र संचालक, पंचायत सहायक और इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के समन्वयक भी मौजूद रहेंगे, जो किसानों को आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।
इस अभियान का उद्देश्य न केवल पीएम किसान योजना के लाभ को अधिक से अधिक पात्र किसानों तक पहुंचाना है, बल्कि केसीसी, फसल बीमा, न्यूनतम समर्थन मूल्य, कृषि निवेशों पर सब्सिडी जैसी अन्य योजनाओं के लिए भी किसानों को तैयार करना है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि समय पर कैंप में पहुंचें और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पंजीकरण व अन्य प्रक्रियाएं पूर्ण करें, ताकि किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रह जाएं।