महाराष्ट्र लाइव ब्रेकिंग
Maharashtra Breaking News Updates: आईएमडी ने कोंकण और मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मानसून की स्थिति के तेज होने के कारण सावधानी बरतने का आग्रह किया है। विदर्भ में भी बारिश के आसार है। राज्य की उपराजधानी नागपुर में भी सुबह से बादल छाए हुए है। महाराष्ट्र में आज की दिन भर की छोटी-बड़ी खबरों को पढ़नें के लिए बने रहिए नवभारत के साथ…
24 May 2025 09:43 PM (IST)
वैष्णवी हगावणे मामले में बुरी तरह फंसी रूपाली चाकणकर
पुणे के बहुचर्चित वैष्णवी हगावणे खुदकुशी मामला अब महाराष्ट्र महिला आयोग की अध्यक्ष रूपाली चाकणकर मुसीबतों में घिर गई हैं। महिला आयोग की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए लोग चाकणकर पर चौतरफा हमला बोल रहे हैं। आरोप लगाए जा रहे हैं कि यदि चाकणकर ने पहले ही सख्त कदम उठाए होते तो शायद वैष्णवी को खुदकुशी जैसा अप्रत्याशित कदम नहीं उठाना पड़ता। हैरानी की बात यह है कि विरोधी दल के साथ-साथ महायुति और खुद उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की पार्टी के लोग भी चाकणकर की आलोचना कर रहे हैं।
24 May 2025 09:32 PM (IST)
सीएम फडणवीस ने प्रधान न्यायाधीश गवई से की मुलाकात
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) बी आर गवई से शनिवार को मुलाकात की और सभी दलों द्वारा उनके अभिनंदन के लिए राज्य का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया। न्यायमूर्ति गवई ने कुछ दिन पहले ही राज्य के अपने दौरे के दौरान प्रोटोकॉल में चूक की बात कही थी। फडणवीस ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह गर्व की बात है कि महाराष्ट्र को अपने राज्य से प्रधान न्यायाधीश होने का सम्मान मिला है। फडणवीस ने कहा, मैंने उनसे अभिनंदन समारोह आयोजित करने का निमंत्रण स्वीकार करने और राज्य विधानसभा में भारतीय संविधान के विषय पर विधायकों को संबोधित करने का अनुरोध किया।
24 May 2025 09:29 PM (IST)
दक्षिण मुंबई में यूबीटी को लगा झटका
शिवसेना (यूबीटी) की पूर्व नगरसेविका ने शिवसेना (शिंदे गुट) में शनिवार को प्रवेश किया। 2017 में बीएमसी के आम चुनाव में कुलाबा से विजयी पूर्व नगरसेविका सुजाता सापन ने यूबीटी का साथ छोड़कर शिंदे गुट में शामिल हुई। साथ ही उनके पति एवं पूर्व नगरसेवक गणेश सानप और पूर्व नगरसेविका राज राजेश्वरी रेडकर अपने कई कार्यकर्ताओं के साथ सार्वजनिक रूप से शिंदे गुट में शामिल हो गए। इसके साथ ही नासिक जिले के येओला से पूर्व विधायक नरेंद्र दराडे भी शिंदे गुट में शामिल हुए। इस अवसर पर शिक्षक विधायक किशोर दराडे को शिवसेना नीत शिक्षक संघ का अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की गई।
24 May 2025 08:27 PM (IST)
गेटवे से मांडवा तक बोट सेवा 31 अगस्त तक बंद
गेटवे ऑफ इंडिया से मांडवा तक बोट सेवा रविवार से बंद कर दी गई हैं। यह यातायात 31 अगस्त तक बंद रहेगा। हालांकि, मांडवा और भाऊचा ढाक के बीच चलने वाली रो-रो सेवा जारी रहेगी। मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया और अलीबाग में मांडवा के बीच जल यात्री परिवहन संचालित किया जाता है। यह जलमार्ग कोंकण तट पर सबसे व्यस्त जलमार्ग के रूप में जाना जाता है। इस मार्ग पर प्रतिदिन औसतन तीन हजार यात्री यात्रा करते हैं तथा छुट्टियों में आठ से दस हजार यात्री यात्रा करते हैं। दक्षिण मुंबई से अलीबाग तक सिर्फ डेढ़ घंटे में पहुंचना संभव हो रहा था। यह जल परिवहन यात्रियों और पर्यटकों द्वारा हमेशा पसंद किया जाता है, क्योंकि इससे यात्रा का समय बचता है। मानसून के चार महीनों को छोड़कर शेष आठ महीनों में यह जल यात्री सेवा नियमित रूप से संचालित होती है।
24 May 2025 08:15 PM (IST)
ठाणे में कोविड-19 से एक मरीज की मौत
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में शनिवार को कोविड-19 से एक मरीज की मौत हो गई, जबकि संक्रमण के आठ नए मामलों की पुष्टि हुई है। ठाणे नगर निगम (टीएमसी) ने यह जानकारी दी। नगर निकाय के मुताबिक, शहर में कोविड-19 के 18 मरीज उपचाराधीन हैं, जिनमें से केवल एक का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि अन्य घर पर ही पृथकवास में हैं और उनकी हालत स्थिर बताई गई है। टीएमसी की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, गंभीर मधुमेह से पीड़ित 21 वर्षीय एक व्यक्ति की सुबह कलवा स्थित नगर निकाय द्वारा संचालित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में अन्य बीमारियों के कारण मौत हो गई। अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिरुद्ध मालगांवकर ने बताया कि उसे मधुमेह संबंधी जटिलताओं के कारण बृहस्पतिवार को भर्ती कराया गया था और शुक्रवार रात उसके कोविड-19 से संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
24 May 2025 07:52 PM (IST)
पनवेल में पीलिया का प्रकोप
पनवेल शहर के पटेल मोहल्ला इलाके में पीलिया के 100 से अधिक मरीज पाए जाने के बाद पनवेल महानगरपालिका प्रशासन सतर्क हो गया है। इस बारे में जानकारी हासिल करने के लिए मनपा ने उक्त क्षेत्र से पानी के नमूने जांच के लिए भेजे हैं। मिली जानकारी के अनुसार पनवेल शहर के कच्छी मोहल्ला, पाड़ा मोहल्ला और पटेल मोहल्ला इलाकों में पीलिया के लक्षण वाले मरीज पाए गए हैं। पनवेल महानगरपालिका के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद गोसावी को कुछ दिन पहले ही इसकी रिपोर्ट दी गई थी, जिसके बाद पनवेल महानगरपालिका ने इस पर ध्यान दिया है, इसलिए अब मनपा की टीमों ने घर-घर जाकर सर्वेक्षण शुरू कर दिया है।
24 May 2025 06:57 PM (IST)
अंबरनाथ में 209 इमारतें खतरनाक
अंबरनाथ नगर परिषद ने मानसून पूर्व शहर में जर्जर अर्थात धोखादायक और अत्यधिक खतरनाक बिल्डिंगों की एक सूची प्रकाशित की है। इस सूची में 209 खतरनाक और 20 अति धोखादायक इमारतें शामिल हैं। नगर पालिका ने अत्यधिक खतरनाक इमारत में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए संबंधित इमारतों को नोटिस जारी की है। हालांकि नगर परिषद को इन इमारतों को खाली कराने में बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि नोटिस मिलने के बावजूद पुरानी तथा जर्जर इमारतों में रहने वालों के पास विकल्प न होने के कारण वह घर छोड़ने को तैयार नहीं होते है। इसके चलते नगरपालिका को लोगों को पुरानी बिल्डिंगों खाली नहीं कराया जा रहा है।
24 May 2025 06:54 PM (IST)
सुप्रिया सुले ने कहा, हम दुनिया को सच्चाई बताएंगे
सुप्रिया सुले ने कहा, हमारा ग्रुप आज रात 4 देशों के लिए रवाना हो रहा है। बड़ी विनम्रता से हम देशों को सच्चाई बताएंगे कि हमारी लड़ाई आतंकवाद के खिलाफ है। जो आतंकवादी हमला भारत पर हुआ उसका जवाब भारत ने सच्चाई से दिया। हमारी इतनी ही इच्छा है कि देश दुनिया में अमन और शांति रहे। आतंकवाद के खिलाफ पूरी दुनिया को एक होकर लड़ना चाहिए लेकिन वैसा हो नहीं रहा है। भारतीयों पर जिस तरीके से हमला हुआ हम उसकी निंदा करते हैं। हम दुनिया को सच्चाई बताएंगे।
#WATCH दिल्ली: एनसीपी-एससीपी नेता और सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ग्रुप 7 की नेता सुप्रिया सुले ने कहा, “हमारा ग्रुप 7 आज रात 4 देशों के लिए रवाना हो रहा है। बड़ी विनम्रता से हम देशों को सच्चाई बताएंगे कि हमारी लड़ाई आतंकवाद के खिलाफ है। जो आतंकवादी हमला भारत पर हुआ उसका जवाब भारत ने… pic.twitter.com/JcaNowCuJA
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 24, 2025
24 May 2025 05:58 PM (IST)
मेधावी आदिवासी विद्यार्थियों का होगा सम्मान
आदिवासी विकास विभाग कक्षा 10वीं-12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सफलता प्राप्त करने वाले अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘राघोजी भांगरे गुणगौरव योजना’ लागू कर रहा है। इसके तहत कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी आदिवासी विद्यार्थियों को परियोजना कार्यालय, अपर आयुक्त एवं राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। इन छात्रों को 5 हजार से लेकर 30 हजार रुपए तक का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
24 May 2025 05:29 PM (IST)
समर कैंप में मासूम के साथ डांस टीचर ने किया यौन शोषण
उल्हासनगर में गर्मी की छुट्टियों के लिए आयोजित समर कैंप में एक 45 वर्षीय डांस टीचर ने ढाई साल के मासूम बच्चे के साथ यौन शोषण किया। जब घर पहुंचकर बच्चे को दर्द होने लगा, तो परिजनों ने उससे पूछताछ की। बच्चे ने अपने साथ हुई घटना माता पिता को बताई. परिजन तुरंत पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। गुरु शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाले डांस टीचर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
24 May 2025 05:25 PM (IST)
नागपुर मंडल को कबाड़ बिक्री से 3.83 करोड़ का लाभ
मध्य रेल के नागपुर मंडल ने वित्त वर्ष 2025–26 में अब तक कबाड़ बिक्री से ₹3.83 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। मंडल ने इस वर्ष स्क्रैप बिक्री से 65 करोड़ रुपये आय का लक्ष्य रखा है। उल्लेखनीय है कि मंडल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्क्रैप बिक्री से रिकार्ड ₹55.51 करोड़ का राजस्व प्राप्त किया था।
24 May 2025 05:21 PM (IST)
वैष्णवी हगवणे के बाद एक और मौत
पुणे में वैष्णवी हगवणे दहेज उत्पीड़न के बाद हत्या मामले को लेकर चल रहे हंगामे के बीच नासिक के पॉश गंगापुर इलाके से भी ऐसी ही दुखद घटना सामने आई है, जहां एक विवाहित महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान भक्ति अपूर्व गुजराती (37) के रूप में हुई है। पति, सास, ससुर और ननद पर उसकी मौत के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
24 May 2025 03:47 PM (IST)
यूबीटी और भाजपा पूर्व पार्षदों ने तुर्किये से मशीन खरीद का अनुबंध रद्द करने की मांग
पाकिस्तान के साथ हाल ही में हुए तनाव के मद्देनजर शिवसेना (उबाठा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व पार्षदों ने मुंबई नगर निगम से मांग की है कि वह शहर के समुद्र तटों के लिए तुर्किये निर्मित रोबोट मशीनों की खरीद से जुड़े अनुबंधों को रद्द कर दे। शिवसेना (उबाठा) के पूर्व पार्षद सचिन पडवल ने तुर्किये की रोबोट मशीन की खरीद के अनुबंध को लेकर बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) पर सवाल उठाए। पडवल ने कहा, ऑपरेशन सिंदूर के बाद तुर्किये ने पाकिस्तान का समर्थन किया था, इसलिए उस देश के उत्पादों का बहिष्कार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीएमसी को तुर्किये की मशीनें खरीदने का अनुबंध रद्द कर देना चाहिए। भाजपा के पूर्व पार्षद भालचंद्र शिरसाट ने भी इसी तरह की मांग की है।
24 May 2025 02:56 PM (IST)
अतुल भटखलकर के खिलाफ कांग्रेस आक्रामक, गिरफ्तारी की मांग
भाजपा विधायक अतुल भटखलकर का ट्वीट कांग्रेस पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं को बदनाम करने वाला है। इस ट्वीट से समाज में शत्रुता और अशांति पैदा होने की संभावना है। इसलिए कांग्रेस नेता धनंजय शिंदे ने दादर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कर भाजपा विधायक अतुल भातखलकर की गिरफ्तारी की मांग की है।
24 May 2025 02:46 PM (IST)
संजय राउत का BJP पर आरोप, पाक से जंग जीतने पर सियासत शुरु
संजय राउत ने कहा कि पाकिस्तान से जंग जीतने पर बीजेपी सियासत कर रही है। पहलगाम हमला सरकार की गलती से हुआ था। मोदी जी और उनके लोग पहलगाम हमले की राजनीति ना करने की बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में बीजेपी का तिरंगा उनके मालिक की जागीर नहीं है।
24 May 2025 02:13 PM (IST)
कांग्रेस की जय हिंद यात्रा पर सांसद वर्षा गायकवाड़ बोली- हम सैनिकों को सलाम करना चाहते हैं
कांग्रेस की जय हिंद यात्रा पर कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने कहा कि हमने पहले भी एक यात्रा निकाली थी। आप जानते हैं, जिस दिन यह हुआ, हमने मार्च किया क्योंकि हमारे सैनिक जो एकता में बहादुरी से लड़ते हैं और हमारी सीमाओं की रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं, हम उन्हें सलाम करना चाहते हैं और उनके बलिदान का सम्मान करना चाहते हैं।
Mumbai, Maharashtra: Congress’ Jai Hind Yatra, Congress MP Varsha Gaikwad says, “We had taken out a yatra earlier as well. You know, the day this happened, we marched because just like our soldiers who fight bravely in unity and risk their lives to protect our borders, we want to… pic.twitter.com/T8ZKTvgtkv
— IANS (@ians_india) May 24, 2025
24 May 2025 01:18 PM (IST)
ठाणे शहर में तीन दिन में कोविड-19 के 10 मामले सामने आए
ठाणे शहर में पिछले तीन दिन में कोविड-19 के 10 मामले सामने आए हैं जिसके बाद नगर निकाय ने अस्पतालों से सतर्क रहने को कहा है। ठाणे नगर निगम की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, संक्रमित मरीजों में हल्के लक्षण पाए गए हैं और सभी का इलाज घर पर ही किया जा रहा है। निगम ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्कता बरतने की अपील की है। विज्ञप्ति के अनुसार, निगमायुक्त आयुक्त सौरभ राव ने नागरिक स्वास्थ्य विभाग और अस्पतालों को कोविड-19 मरीजों की जांच एवं इलाज के लिए सतर्क एवं तैयार रहने का निर्देश दिया है।
24 May 2025 12:36 PM (IST)
आतंकवाद कतई बर्दाश्त नहीं: प्रियंका चतुर्वेदी
शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि “जिस तरह से पाकिस्तान ने लगातार भारत में अपने ‘आतंकिस्तान’ मॉडल को आगे बढ़ाया है और उसी के तहत आतंकी हमले करवाए हैं, जिसमें हमारे लोग मारे गए हैं, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमें दुनिया के सामने जाकर यह स्पष्ट करना होगा: भले ही हम विपक्ष में हैं, लेकिन आतंकवाद हमें कतई बर्दाश्त नहीं है। भारत को ऐसे पड़ोसी होने के दुष्परिणाम भुगतने पड़े हैं।”
Delhi: Shiv Sena (UBT) MP Priyanka Chaturvedi says, “The way Pakistan has continuously pushed its ‘Aatankistan’ model into India and orchestrated terror attacks under that framework, killing our people, this will not be tolerated. And it’s not limited to India alone; even in… pic.twitter.com/ttbqN8u8FZ
— IANS (@ians_india) May 24, 2025
24 May 2025 11:41 AM (IST)
पनवेल से युवक-युवती लापता, पुलिस तलाश में जुटी
पनवेल के तहत आने वाले जुई गांव और पनवेल रेलवे स्टेशन के क्षेत्र से एक युवती और एक युवक के लापता होने की घटना सामने आई है, जिसकी शिकायत कामोठे पुलिस पुलिस स्टेशन और पनवेल रेलवे पुलिस में दर्ज कराई गई है, जिसके आधार पर पुलिस उक्त दोनों की तलाश कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार जुई गांव में रहने वाली 21 साल की रफीना मोहम्मद राजा अल्लाह खातून अंसारी घर में बिना किसी को बताए ही कहीं चली गई। जिसके बारे में उसके परिजनों ने कामोठे पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है. वहीं पनवेल रेलवे स्टेशन क्षेत्र से 24 साल का बरलंगप्पा केदार वारी नामक युवक लापता हो गया। जिसकी तलाश पनवेल रेलवे पुलिस कर रही है।
24 May 2025 11:10 AM (IST)
सामाजिक कार्यकर्ता ने MSHRC को लिखा पत्र, कुप्रथाओं पर अंकुश लगाने की मांग की
विधवाओं संबंधी कुरीतियों एवं प्रतिगामी प्रथाओं को समाप्त करने के लिए अभियान चला रहे एक सामाजिक कार्यकर्ता ने महाराष्ट्र राज्य मानवाधिकार आयोग (MSHRC) को पत्र लिखकर राज्य सरकार को दहेज के खिलाफ कदम उठाने के निर्देश दिए जाने की मांग की है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के निष्कासित नेता राजेंद्र हगवणे की बहू वैष्णवी हगवणे(26) ने 16 मई को पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड के बावधन इलाके में स्थित ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता प्रमोद झिंजाडे ने कहा कि पुणे में दहेज हत्या का मामला निंदनीय है और राज्य सरकार को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
24 May 2025 11:00 AM (IST)
नीति आयोग की बैठक: संजय राउत बोले- उम्मीद है कि महाराष्ट्र सरकार राज्य के लिए धन लाएगी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में ‘विकसित भारत 2047 के लिए विकसित राज्य’ पर नीति आयोग गवर्निंग काउंसिल की 10वीं बैठक आज होगी। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि नीति आयोग की बैठकें देश की प्रगति के लिए होती रहती हैं। उम्मीद है कि महाराष्ट्र सरकार राज्य के लिए अधिकतम धन लाएगी क्योंकि यह वित्तीय संकट में है।
24 May 2025 10:25 AM (IST)
चंद्रशेखर बावनकुले ने राहुल गांधी के बयान पर दिया जवाब
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर महाराष्ट्र के मंत्री और राज्य भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दुनिया को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं। इस प्रयास के तहत एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कई देशों का दौरा कर रहा है। दूसरी तरफ राहुल गांधी कह रहे हैं कि सरकार को विदेश नीति की समझ नहीं है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
24 May 2025 09:22 AM (IST)
सांगली में MBBS की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म, 3 आरोपी गिरफ्तार
महाराष्ट्र के सांगली जिले में एमबीबीएस की तृतीय वर्ष की छात्रा के साथ उसके दो क्लासमेट और एक दोस्त द्वारा कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। मामला सामने आने के बाद तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उनकी उम्र 20-22 साल है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों को 27 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
24 May 2025 08:35 AM (IST)
महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोराेना के 45 नए मामले सामने आए
महाराष्ट्र में कोरोना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को भी कोविड-19 के 45 नए मामले सामने आए। इसमें सबसे ज्यादा मुंबई में 35 मामले सामने आए। वहीं पुणे में 4, रायगढ़ में 2, कोल्हापुर में 2 और ठाणे तथा लातूर में एक-एक नए मरीज मिले हैं। मुंबई में अब कोरोना के कुल मरीज़ों की संख्या 183 हो गई है। वहीं महाराष्ट्र में कुल पॉजिटिव मामले 210 हो गए हैं। हालांकि अब तक 81 मरीज़ ठीक भी हो चुके हैं।
24 May 2025 07:28 AM (IST)
फर्जी शालार्थ आईडी मामला : पूर्व शिक्षा उपसंचालक जामदार भी गिरफ्तार
नागपुर के फर्जी स्कूल आईडी मामले में बुधवार को पूर्व विभागीय शिक्षा मंडल अध्यक्ष अनिल पारधी को गिरफ्तार करने के बाद साइबर पुलिस ने गुरुवार को प्रभारी उपसंचालक चिंतामन वंजारी को गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए पूर्व शिक्षा उपसंचालक वैशाली जामदार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उल्लास नरड को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है। फर्जी शालार्थ आईडी मामले में अब तक कुल 4 उपसंचालकों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
24 May 2025 06:54 AM (IST)
इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर गर्ल्स फुटबॉल चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में मुंबई ने नागपुर को हराया
धुले के सिरपुर में आयोजित हो रही अंडर 13 इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर गर्ल्स फुटबॉल चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में नागपुर गर्ल्स टीम को मुंबई से हार का सामना करना पड़ा। मुंबई ने बेहतरीन खेल की बदौलत मुकाबला 1-0 से अपने नाम किया। अब नागपुर टीम शनिवार को तीसरे स्थान के लिए खेलेगी।
24 May 2025 06:43 AM (IST)
छगन भुजबल को मिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग
महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार में मंत्री बनने के 4 दिन बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल को शुक्रवार को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग आवंटित किया गया। भुजबल ने 20 मई को मंत्री पद की शपथ ली थी।