Maharashtra Government: महाराष्ट्र में BJP के पहले CM फडणवीस के नाम हैं कई रिकॉर्ड, देखें राज्य के… – TV9 Bharatvarsh

चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी भाजपा के नेता, पूर्व मुख्यमंत्री और निवर्तमान उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राज्य के 18वें सीएम बन गए हैं. उन्होंने गुरुवार (पांच दिसंबर 2024) शाम को शपथ ली. चुनाव नतीजे आने के बाद कई दिनों तक चली माथापच्ची के बाद मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगी. निवर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और एनसीपी के अजित पवार ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इसी बहाने आइए जान लेते हैं कि सबसे लंबे समय तक कौन महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री रहा और सबसे कम समय तक किसने राज किया.
महाराष्ट्र राज्य का गठन 1 मई 1960 को तत्कालीन बॉम्बे राज्य का अस्तित्व खत्म कर किया गया था. महाराष्ट्र का गठन होने के बाद यशवंतराव चह्वाण इस राज्य के पहले मुख्यमंत्री बनाए गए.
महाराष्ट्र अपने गठन के समय से ही देश का सबसे धनी राज्य है. इसमें विधानसभा की 288 सीटें हैं. यह देश में तीसरा सबसे अधिक विधानसभा सीटों वाला राज्य है. राज्य में लोकसभा की 48 सीटें हैं, जो उत्तर प्रदेश के बाद इसे लोकसभा सीटों की संख्या के आधार पर देश में दूसरे पायदान पर रखता है. इस साल हुए राज्य के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 132 सीटें जीती हैं.
भाजपा के साथ महायुति गठबंधन में शामिल एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 57 और अजित पवार की एनसीपी को 41 सीटें बनी हैं. इसके कारण मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा की दावेदारी बढ़ गई और आखिरकार तीसरी बाद देवेंद्र फडणवीस राज्य के मुखिया बने.
देवेंद्र फडणवीस के नाम महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में कई रिकॉर्ड दर्ज हो चुके हैं. वह महाराष्ट्र में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बने थे. महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल पूरा करने वाले देवेंद्र फडणवीस दूसरे मुख्यमंत्री हैं. यही नहीं, उन्हीं के नाम पर राज्य में सबसे कम समय तक के लिए मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड भी है. राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में फडणवीस अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान केवल चार दिनों तक पद पर रहे. विधानसभा में बहुमत साबित न होते देख उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था. फडणवीस से पहले महाराष्ट्र में सबसे कम समय तक के लिए मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड पीके सावंत के नाम पर था. वह 25 नवंबर से चार दिसंबर 1963 तक 10 दिनों के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे. उनको एम कन्नमवार के निधन के बाद कार्यवाहक मुख्यमंत्री बनाया गया था. फडणवीस राज्य के दूसरे सबसे युवा मुख्यमंत्री बने थे. पहली बार वह 44 साल की उम्र में इस पद तक पहुंचे थे.
महाराष्ट्र में सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री के रूप में काम करने का रिकॉर्ड वसंतराव नाइक के नाम दर्ज है. वह 11 साल 77 दिनों तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे. वह दिसंबर 1963 से फरवरी 1975 तक इस पद पर रहे. यही नहीं, वसंतराव नाइक ही राज्य के पहले ऐसे मुख्यमंत्री रहे, जिन्होंने पांच साल का कार्यकाल भी पूरा किया था. शरद पवार राज्य के सबसे युवा मुख्यमंत्री रह चुके हैं. उन्होंने 38 साल की उम्र में यह पद संभाला था. यह बात और है कि इस बार विधानसभा चुनाव में महा अघाड़ी गठबंधन के रूप में शामिल हुई राजनीति के चाणक्य माने जाने वाले शरद पवार की पार्टी केवल 13 सीटें जीत पाई. उनके पार्टी के उम्मीदवारों ने 86 सीटों पर चुनाव लड़ा था. इससे पहले शरद पवार के भतीजे अजित पवार ने पार्टी तोड़ ली थी और वह भाजपा के साथ सरकार में शामिल हो गए थे.
यह भी पढ़ें: आजादी की जंग का गवाह रहा है आजाद मैदान, जहां शपथ लेंगे फडणवीस

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News