Shreeom Singh
Date: 16-10-26 15:54
Meerut Snake Bite Murder Case: उत्तर प्रदेश के मेरठ में चर्चित सांप कांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है. पति अमित कश्यप की हत्या के मामले में उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को फांसी की सजा दी गई है. दोनों पर अमित की हत्या करने के बाद उसे सांप के काटने से हुई मौत दिखाने की साजिश रचने का आरोप था. इस मामले में अदालत ने करीब 13 महीने में फैसला सुनाया.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई पेशी
शुक्रवार को मेरठ की एडीजे-12 अदालत में इस मामले की सुनवाई हुई. रविता और अमरदीप को मेरठ जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अदालत में पेश किया गया. सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों को दोषी मानते हुए मौत की सजा सुनाई. मामले में 12 गवाहों ने अदालत के सामने अपनी गवाही दी थी.
पति की हत्या के बाद बिस्तर पर छोड़ दिया था सांप
यह मामला 12 अप्रैल 2025 का है. आरोप है कि रविता और उसके प्रेमी अमरदीप ने मिलकर अमित कश्यप की गला दबाकर हत्या कर दी थी. इसके बाद हत्या को हादसा दिखाने के लिए अमित के बिस्तर पर सांप छोड़ दिया गया.
दोनों ने परिवार और पुलिस को बताया कि अमित की मौत सांप के काटने से हुई है. हालांकि, परिवार को उनकी बातों पर शक हुआ. इसके बाद मामले की जांच हुई और हत्या की साजिश का खुलासा हुआ.
रिश्ते की हत्या मानते हुए सुनाई सजा
अदालत ने मामले को गंभीर मानते हुए रविता और अमरदीप को फांसी की सजा सुनाई. इस मामले ने इलाके में काफी चर्चा बटोरी थी, क्योंकि हत्या के बाद उसे सांप के काटने से हुई मौत दिखाने की कोशिश की गई थी.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें