MLC चुनाव-नालंदा के 57 बूथों पर 34,551 मतदाता करेंगे वोट: सुबह 8 बजे से वोटिंग, 27 को होगी मतगणना; पटना स्न… – Dainik Bhaskar

पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक विधान परिषद चुनाव के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदान कराया जा रहा है। नालंदा जिला प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिले के सभी 20 प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसरों में कुल 57 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 34,551 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
गुरुवार शाम तक सभी मतदान कर्मियों को बैलेट बॉक्स, मतपत्र और जरूरी निर्वाचन सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना कर दिया गया था। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा।
पटना, नालंदा और नवादा जिलों को मिलाकर बने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना 27 अक्टूबर को पटना में होगी। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक संपन्न कर ली जाएगी।
स्नातक सीट पर नालंदा में 31,851 मतदाता
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तहत नालंदा जिले में 31,851 मतदाता पंजीकृत हैं। इनके लिए 37 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
पूरे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 134 मतदान केंद्र हैं, जहां 87,583 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 66,462 पुरुष, 21,117 महिला और 4 अन्य मतदाता शामिल हैं। इस सीट पर कुल 21 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
शिक्षक सीट पर 2,700 मतदाता
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के तहत नालंदा जिले में 2,700 शिक्षक मतदाता हैं। इनके लिए प्रत्येक प्रखंड में एक, यानी कुल 20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
पूरे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 80 मतदान केंद्र और 11,719 मतदाता हैं। इस सीट पर कुल 22 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
मतदाताओं की सुविधा के लिए स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के बूथ एक ही प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में बनाए गए हैं। हालांकि, दोनों की व्यवस्था अलग रखी गई है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का बूथ प्रखंड कार्यालय भवन में और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का बूथ अंचल कार्यालय भवन में चिह्नित किया गया है।
स्नातक सीट पर नीरज कुमार समेत चार प्रमुख चेहरे
पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार, राजद के दिलीप कुमार पटेल, जन सुराज पार्टी के डॉ. अनुज कुमार सिंह और कांग्रेस के डॉ. असदुल्लाह खान प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं।
नीरज कुमार लगातार चौथी बार जीत दर्ज करने के इरादे से मैदान में हैं। वह बिहार सरकार में सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में जदयू के मुख्य प्रवक्ता हैं।
राजद ने दिलीप कुमार पटेल को उम्मीदवार बनाया है। वह स्नातकोत्तर तक शिक्षित हैं और छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं। उन्होंने 2020 के स्नातक चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में भी चुनाव लड़ा था।
जन सुराज के डॉ. अनुज कुमार सिंह रिसोर्स जियोग्राफी में डॉक्टरेट हैं। वह शिक्षण संस्थानों और ट्रस्ट के संचालन से जुड़े हैं। वहीं, कांग्रेस ने डॉ. असदुल्लाह खान को उम्मीदवार बनाया है। वह पीएचडी धारक हैं और उच्च शिक्षा, अल्पसंख्यकों तथा युवा स्नातकों से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं।
शिक्षक सीट पर नवल किशोर यादव के सामने चुनौती
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के प्रो. नवल किशोर यादव, राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह, जन सुराज की डॉ. दिव्या ज्योति और कांग्रेस के डॉ. संजय कुमार यादव प्रमुख उम्मीदवार हैं।
प्रो. नवल किशोर यादव लगातार पांच बार से एमएलसी चुने जा रहे हैं। करीब तीन दशक से इस सीट पर उनका प्रभाव रहा है। वह विश्वविद्यालय के प्राध्यापक भी हैं।
राजद ने शिक्षक नेता और प्राध्यापक डॉ. संजीव कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया है। वह विश्वविद्यालय की सीनेट और शिक्षक संगठनों में सक्रिय रहे हैं।
जन सुराज ने डॉ. दिव्या ज्योति को टिकट दिया है। वह चाणक्य कॉलेज ऑफ हायर स्टडीज में असिस्टेंट प्रोफेसर और चाणक्य फाउंडेशन की सीईओ हैं। उनके पास शिक्षा के क्षेत्र में ढाई दशक का अनुभव है। कांग्रेस ने शिक्षक डॉ. संजय कुमार यादव को उम्मीदवार बनाया है।
अनंत सिंह के समर्थन से बदला स्नातक सीट का समीकरण
स्नातक सीट पर जदयू विधायक अनंत सिंह ने अपनी पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध करते हुए जन सुराज के डॉ. अनुज कुमार सिंह को समर्थन दिया है। इससे चुनावी मुकाबले का समीकरण प्रभावित होने की संभावना है।
वहीं, सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बनने के कारण राजद और कांग्रेस दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में अलग-अलग उम्मीदवारों के साथ मैदान में हैं।
स्नातक सीट पर राजद के दिलीप कुमार पटेल और कांग्रेस के डॉ. असदुल्लाह खान आमने-सामने हैं। शिक्षक सीट पर राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह और कांग्रेस के डॉ. संजय कुमार यादव के बीच मुकाबला है।
दोनों सीटों पर प्रमुख दलों के उम्मीदवारों के आमने-सामने होने से मतों के बंटवारे की संभावना है। ऐसे में चुनाव के नतीजों को लेकर राजनीतिक दलों की नजरें मतदान पर टिकी हैं।
Copyright © 2025-26 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News