देश के चार राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए चुनाव के बाद दूसरे दिन भी मतगणना हो रही है. इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के एनडीए और कांग्रेस के महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर है. कर्नाटक में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. JDS ने सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस से ‘बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र’ छीन लिया जबकि उसकी सहयोगी पार्टी भाजपा अन्य तीन सीट पर आगे चल रही है.
उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर और बिहार की 8 सीटों पर रिजल्ट आना है. यूपी की मेरठ स्नातक और शिक्षक सीट पर बीजेपी उम्मीदवार ने जीत दर्ज की तो शिक्षक एमएलसी वाराणसी खंड से सपा प्रत्याशी ने परचम लहराया. बिहार की तिरहुत शिक्षक सीट भी बीजेपी के खाते में गई है. सारण सीट निर्दलीय के खाते में गई. दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय 324 मतों से जीते.
उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों पर रिजल्ट आना है. इसमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की बात करें तो लखनऊ डिवीजन ग्रेजुएट्स, आगरा, मेरठ और वाराणसी डिवीजन ग्रेजुएट्स शामिल हैं. इलाहाबाद-झांसी डिवीजन ग्रेजुएट्स भी इस लिस्ट में शामिल हैं. बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन टीचर्स सीट शामिल हैं.
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों के वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से चल रही है. लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में सात स्थानों पर मतगणना कराई जा रही है. संबंधित निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित केंद्रों पर वोटों की गिनती चल रही है. लखनऊ में स्नातक सीट की मतगणना रमाबाई रैली स्थल के हॉल नंबर 7 में हो रही है. वहीं लखनऊ में शिक्षक सीट की मतगणना रमाबाई रैली स्थल के हॉल नंबर 8 में हो रही है.
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर काउंटिंग हो रही है. इसमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, तिरहुत, दरभंगा और कोसी सीट शामिल हैं. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीट शामिल है.
कर्नाटक विधान परिषद की 4 सीटों पर काउंटिंग हो रही है. इसमें 2 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. वहीं अगर महाराष्ट्र की बात करें तो उसकी 5 सीटों पर काउंटिंग हो रही है. इसमें 3 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं.
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव में अब तक एक स्नातक और पांच शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित किए गए हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से 28 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, छह सीटों में भाजपा के चार और समाजवादी पार्टी के दो प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है.
मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के दिनेश कुमार गोयल विजयी घोषित किए गए हैं. वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ से भाजपा के उमेश द्विवेदी, वाराणसी से समाजवादी पार्टी के लाल बिहारी यादव, आगरा से सपा के डॉ. आकाश अग्रवाल, मेरठ से भाजपा के चंद्र शर्मा और बरेली-मुरादाबाद से भाजपा के डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को विजेता घोषित किया गया है.
तिरहुत स्नातक विधान परिषद चुनाव की पहली वरीयता के मतों की गिनती का अंतिम आंकड़ा सामने आ गया है. निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर बृजवासी को 25,205 मत मिले हैं. वहीं, जेडीयू के अभिषेक झा को 19,913 मत प्राप्त हुए. इस तरह बृजवासी ने अभिषेक झा पर 5,292 मतों की बढ़त बनाई है. तिरहुत स्नातक MLC चुनाव की पहली वरीयता की मतगणना में राजद प्रत्याशी रश्मि गौतम को 14,931 मत मिले हैं. वहीं, जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. बी. मोहन को 2,327 मत प्राप्त हुए हैं. पहली वरीयता के मतों में निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर बृजवासी सबसे आगे रहे. तिरहुत स्नातक विधान परिषद चुनाव की मतगणना में करीब 6,835 मत अवैध पाए गए हैं. पहली वरीयता के अंतिम आंकड़ों के अनुसार निर्दलीय प्रत्याशी वंशीधर बृजवासी को 25,205, जेडीयू के अभिषेक झा को 19,913 और राजद की रश्मि गौतम को 14,931 मत मिले हैं.
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.