देश के चार राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की विधान परिषद की 28 सीटों पर हुए चुनाव के बाद दूसरे दिन भी मतगणना हो रही है. इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के एनडीए और कांग्रेस के महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर है. कर्नाटक में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. JDS ने सत्ताधारी पार्टी कांग्रेस से ‘बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र’ छीन लिया जबकि उसकी सहयोगी पार्टी भाजपा अन्य तीन सीट पर आगे चल रही है.
उत्तर प्रदेश की 11 सीटों पर और बिहार की 8 सीटों पर रिजल्ट आना है. यूपी की मेरठ स्नातक और शिक्षक सीट पर बीजेपी उम्मीदवार ने जीत दर्ज की तो शिक्षक एमएलसी वाराणसी खंड से सपा प्रत्याशी ने परचम लहराया. बिहार की तिरहुत शिक्षक सीट भी बीजेपी के खाते में गई है. सारण सीट निर्दलीय के खाते में गई. दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय 324 मतों से जीते.
उत्तर प्रदेश की 11 विधान परिषद सीटों पर रिजल्ट आना है. इसमें 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की बात करें तो लखनऊ डिवीजन ग्रेजुएट्स, आगरा, मेरठ और वाराणसी डिवीजन ग्रेजुएट्स शामिल हैं. इलाहाबाद-झांसी डिवीजन ग्रेजुएट्स भी इस लिस्ट में शामिल हैं. बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन टीचर्स सीट शामिल हैं.
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों के वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से चल रही है. लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में सात स्थानों पर मतगणना कराई जा रही है. संबंधित निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित केंद्रों पर वोटों की गिनती चल रही है. लखनऊ में स्नातक सीट की मतगणना रमाबाई रैली स्थल के हॉल नंबर 7 में हो रही है. वहीं लखनऊ में शिक्षक सीट की मतगणना रमाबाई रैली स्थल के हॉल नंबर 8 में हो रही है.
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर काउंटिंग हो रही है. इसमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, तिरहुत, दरभंगा और कोसी सीट शामिल हैं. शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण सीट शामिल है.
कर्नाटक विधान परिषद की 4 सीटों पर काउंटिंग हो रही है. इसमें 2 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. वहीं अगर महाराष्ट्र की बात करें तो उसकी 5 सीटों पर काउंटिंग हो रही है. इसमें 3 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं.
मराठवाड़ा यानी छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के डॉ. प्रतापसिंह पाटील बढ़त बनाए हुए हैं. उपलब्ध तीसरे राउंड के आंकड़ों में उन्हें करीब 78,540 वोट मिले, जबकि एनसीपी (अजित पवार गुट) के सतीश चव्हाण को लगभग 55,180 वोट मिले. जीत का कोटा करीब 89,000 वोट बताया गया है.
नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के सुधाकर कोहले और कांग्रेस के अभिजीत वंजारी के बीच कांटे की टक्कर है. शुरुआती आंकड़ों में सुधाकर कोहले को प्रथम वरीयता के वोटों में 4,291 मतों की बढ़त बताई गई है. हालांकि, जीत के लिए निर्धारित कोटा 75,438 वोट है. ऐसे में दूसरे वरीयता के वोट निर्णायक साबित हो सकते हैं. निर्दलीय प्रत्याशी नितेश कराले को 24,249 वोट मिलने के बाद मुकाबला और दिलचस्प हो गया है.
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.