अनवर कादरी इंदौर कोर्ट में पेश हुआ. जिला कोर्ट नंबर 14 में कादरी को पेश किया गया. उस पर लव जिहाद में फंडिंग का आरोप है. अलग-अलग थानों में 3 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं. प्रशासन ने रासुका सहित सम्पत्ति कुर्क करने के नोटिस भी जारी कर दिए थे. पुलिस ने भी इनाम घोषित किया था. कादरी, जो कांग्रेस पार्षद है, पिछले 1 महीने से फरार था.
भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा को प्रदेश नेतृत्व ने भोपाल तलब किया है. विधायक कुशवाहा भोपाल पहुंच गए हैं और उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा से मुलाकात की है. यह कदम तब उठाया गया जब भिंड कलेक्टर के साथ विवाद के बाद पार्टी आलाकमान सख्त हो गया.
खंडवा में गणेश पंडाल पर बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए. घटना पंधाना क्षेत्र के खरखड़ी गांव में हुई. आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गांव के सुरेश वासरे की मृत्यु हो गई. इस हादसे में बादल, बिसेन और चमन नाम के तीन किशोर घायल हो गए हैं, जिन्हें पंधाना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों ने बताया कि तीनों किशोरों की हालत ठीक है.
ग्रामीणों का जीवन मौत के सफर में तब्दील हो गया है. छोटे-छोटे स्कूल के बच्चे ट्यूब के सहारे नदी पार कर रहे हैं. ग्रामीणों ने इन घटनाओं के वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है. वे लगातार अधिकारी और जनप्रतिनिधियों से रास्ता बनाने की मांग कर रहे हैं. बरसात के मौसम में नदी पार कर स्कूल और बाजार जाने के लिए ग्रामीण बेहद परेशान होते हैं. यह मामला कैलारस तहसील के मकुंदा गांव का है.
एक 60 फीट ऊंचे पेड़ पर एक कौवा चाइनीज़ डोर में फंस गया था. पूर्व पार्षद ने इसे देखकर तुरंत नगर निगम से वैन बुलवाई. वैन के पहुंचने पर कौवे को सुरक्षित रूप से नीचे उतारा गया. डोर निकालकर उसकी जान बचाई गई.
शिवपुरी: कोलारस गुंजारी नदी के रपटे को पार करते समय तेज बहाव में बह गए मुकेश राठौर की लाश एसडीईआरएफ की टीम ने 6 दिन की लगातार रेस्क्यू के बाद बरामद की. भडौता सिंध नदी में मिले शव को निकालने में एसडीईआरएफ की टीम, पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों की कड़ी मेहनत लगी. शव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
रतलाम में कुत्ते के काटने से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई. अहमदाबाद में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. यह घटना 31 जुलाई की है. युवक के परिजनों ने जनाजा रखकर चक्का जाम किया और डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए. उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग की. नगर निगम आयुक्त की समझाईश पर आक्रोशित लोग माने.
बारिश के मौसम में डेंगू का खतरा बढ़ गया है. पिछले 28 दिनों में 43 डेंगू के मरीज सामने आए हैं. डीडी नगर और आदित्यपुरम क्षेत्र हॉटस्पॉट बने हुए हैं, जहां जलभराव के कारण डेंगू मच्छर पनप रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग की टीम डेंगू सर्वे करने में जुटी हुई है.
सीएम डॉ मोहन यादव का दिल्ली दौरे का आज दूसरा दिन है. आज वे कई केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं. सुबह 11:15 बजे सीएम डॉ मोहन यादव नोएडा पहुंचेंगे, जहां वे स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे. इसके बाद 4:00 बजे वे दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना होंगे और 4:30 बजे मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम पहुंचेंगे.
राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रदेश में तीन दिवसीय खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा. मेजर ध्यानचंद की 120वीं जयंती के अवसर पर तीन दिवसीय खेल एवं फिटनेस महोत्सव मनाया जाएगा. भोपाल में मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर ‘फिट इंडिया’ शपथ दिलाई जाएगी. इस अभियान के अंतर्गत योग, फुटबॉल, एथलेटिक्स, जूडो, बैडमिंटन और बॉक्सिंग जैसे खेलों का आयोजन किया जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 4 बजे एमपी हॉकी टीम बनाम रेलवे टीम के बीच हॉकी मैच में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इस आयोजन में पूर्व खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा.