इंदौर में हुई मूसलाधार बारिश ने शहर को अस्त-व्यस्त कर दिया है. कई इलाकों में जलभराव से सड़कों पर नदी जैसे हालात बन गए. प्रजापत नगर से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें तेज बहाव के बीच एक कार सड़क पर बहती नजर आई. कार के अंदर एक परिवार बैठा हुआ था. हालात बिगड़ने पर महिला, बच्चे और युवक ने समय रहते कार से निकलकर अपनी जान बचाई. इंदौर की सड़कों पर जगह-जगह जलभराव के कारण वाहन फंस गए और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. बारिश का पानी निचली बस्तियों और घरों में भी घुस गया है.
जबलपुर पुलिस ने बरगी नहर के पास हुई रेत कारोबारी नितेश विश्वकर्मा की हत्या का खुलासा कर दिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की साजिश नितेश के ही बिजनेस पार्टनर रमनदीप ने रची थी. दोनों ने मिलकर हाइवा खरीदी थी, जिसकी किश्त चुकाने को लेकर विवाद चल रहा था. इसी पैसों के विवाद को लेकर रमनदीप ने ड्राइवर और झांसी निवासी महिला मित्र मीनाक्षी के साथ मिलकर नितेश की हत्या की योजना बनाई.
इंदौर में शुक्रवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की व्यवस्था अस्त-व्यस्त कर दी. कई इलाकों में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। MR 10, रोबोट चौराहा, एरोड्रम और चंदन नगर की निचली बस्तियों में पानी घरों तक घुस गया. रोबोट चौराहे के पास कालोनियों के घरों में भरे पानी की तस्वीरें सामने आई हैं. सड़कों पर तालाब जैसे हालात बन गए. नगर निगम की QRT टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. लगातार हो रही बारिश से निचले इलाकों के लोग परेशान हैं और जलभराव की स्थिति पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं.
भोपाल में 1 सितंबर को सीएम डॉ. मोहन यादव विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का अनावरण करेंगे. सीएम निवास पर होने वाले कार्यक्रम में वैदिक घड़ी ऐप का लोकार्पण भी किया जाएगा. इस मौके पर शौर्य स्मारक से बाइक रैली की शुरुआत होगी, जो एमएलबी कॉलेज पहुंचकर पैदल मार्च में बदलेगी. मुख्यमंत्री युवाओं से सीधा संवाद भी करेंगे. वैदिक घड़ी भारतीय कालगणना पर आधारित है, जिसका लोकार्पण 29 फरवरी 2024 को पीएम मोदी ने उज्जैन में किया था.
भोपाल में बीजेपी महिला मोर्चा 31 अगस्त को कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करेगी. महिला मोर्चा पीएम मोदी की मां के खिलाफ अपशब्द कहने पर कांग्रेस का घेराव करेगी. इसके लिए रेडक्रॉस चौराहे से कांग्रेस कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला जाएगा. प्रदर्शन की रणनीति को लेकर शुक्रवार को बीजेपी कार्यालय में बैठक हुई, जिसमें विधायक भगवानदास सबनानी, जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी मौजूद रहीं.
पब एंड बार संचालक भूपेंद्र उर्फ पिंटू रघुवंशी की आत्महत्या मामले में बड़ा मोड़ आया है. सुसाइड नोट और परिजन के बयानों के आधार पर पुलिस ने इति तिवारी के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) में केस दर्ज किया है. शुक्रवार देर रात आरोपी इति ने थाने में सरेंडर कर दिया. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि इति से महिला एसआई ने दो घंटे तक पूछताछ की. पुलिस आज शनिवार को उसे कोर्ट में पेशकर रिमांड पर लेगी. इति ने भूपेंद्र का मोबाइल भी पुलिस को लौटा दिया है.
इंदौर के महू क्षेत्र के कोदरिया गांव में तेज बारिश के चलते रामनगर पुलिया पर बड़ा हादसा टल गया. दो बच्चे और एक व्यक्ति बहाव में बह गए लेकिन पेड़ पकड़कर लटकते रहे. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सी फेंकी और तीनों की जान बचा ली. ये घटना कल की बताई जा रही है.
देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जन जीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है. जवाहर मार्ग स्थित दाल, चावल और शक्कर की थोक किराना दुकान में चार फीट तक पानी भर गया है. दुकानदारों ने पानी निकालने के लिए चार मोटर लगाई हैं. इस भारी बारिश के कारण दुकान में रखे करीब 40 से 50 लाख रुपए के सामान की क्षति की आशंका जताई जा रही है. दाल, चावल और अन्य खाद्य सामग्री पानी में भीगकर खराब हो गई है, जिससे बड़ा नुकसान हुआ है.
स्मार्ट मीटर पर सियासी संग्राम छिड़ गया है. कांग्रेस ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं, स्मार्ट मीटर का पाकिस्तान-चीन कनेक्शन बताया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक अजय सिंह ने बयान जारी कर स्मार्ट मीटर प्रोजेक्ट की जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट को संभालने वाली कंपनी के अधिकारी पाकिस्तानी मूल के हैं. कंपनी ने कम बोली लगाकर ठेका प्राप्त किया, जिससे घटिया सामग्री की आशंका जताई जा रही है.
कार से एक्टिवा टकराई, जिसके बाद सड़क पर दे दनादन शुरू हो गया. घटना में एक्टिवा सवार दंपति और कार सवार दंपति के बीच सड़क पर मारपीट हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर स्थिति को संभाला. इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. यह घटना विश्वविद्यालय थाना के अलकापुरी तिराहे पर हुई.
बीती रात खरगोन और इसके आसपास के क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हुई, जिसमें 24 घंटे में 6 इंच बारिश दर्ज की गई. मांगरूल रोड पर पुलिया के पास एक व्यक्ति बाइक सहित बह गया. इस व्यक्ति की बाइक और टिफिन नाले के पास मिले. घटना की सूचना मिलने पर मेनगांव पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति की खोजबीन शुरू कर दी.
जिला प्रशासन ने फुटकर सब्जी विक्रेताओं को निर्धारित स्थान पर बैठने के निर्देश दिए हैं. कई फुटकर सब्जी विक्रेताओं को सब्जी मंडी में जगह नहीं मिली, जिसके चलते उन्होंने अस्पताल रोड पर चक्का जाम कर दिया. अधिकारियों ने एक घंटे बाद मौके पर पहुंचकर उन्हें जगह दिलवाने का आश्वासन दिया। 3 बजे जिला प्रशासन और सब्जी विक्रेताओं के बीच बैठक होगी. विक्रेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर बैठक में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन करेंगे.
भोपाल में स्वदेशी से स्वावलंबन विषय पर राज्य स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है. यह आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर पर होगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य स्वदेशी अपनाकर आत्मनिर्भरता बढ़ाने का संदेश देना है. इस विषय पर विशेषज्ञ और विद्वान गहन विचार-विमर्श करेंगे.
रेत से भरा ट्राला पलटने के कारण एक परिवार चपेट में आ गया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में देसिंह पिता नूरा मेड़ा, रमीला देसिंह और 5 साल की आरोही मेड़ा शामिल हैं. यह हादसा सुबह 3.30 बजे हुआ. कालीदेवी पुलिस मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है.
बीआरटीएस में एक बार फिर कार का एक्सीडेंट हुआ है. देर रात बीआरटीएस में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एयरबैग खुल गए और कार में सवार लोगों को मामूली चोटें आईं. बीआरटीएस में चल रहे कई निर्माण कार्यों के कारण हादसे के पॉइंट बने हुए हैं. बीआरटीएस को हटाने की मांग कई दिनों से हो रही है.
भोपाल कोर्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को तीसरी बार समन जारी किया है. यह मामला 2018 विधानसभा चुनाव में दिए गए एक बयान से जुड़ा हुआ है. राहुल गांधी ने अपने भाषण में आरोप लगाया था कि शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान का नाम पनामा पेपर्स में शामिल है. इस मामले में कोर्ट ने राहुल गांधी को 9 दिसंबर 2025 को पेश होने के लिए कहा है. इससे पहले भी 27 फरवरी और 9 मई 2025 को उन्हें समन जारी किए गए थे.
रतलाम जिले के बाजना के कब्रिस्तान से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक कब्र में अचानक पानी भर गया, जिससे लकड़ी के पटिए बाहर निकल आए. यह दृश्य देखकर परिजन और समाजजन दंग रह गए. उनकी आशंका है कि कब्र से शव गायब हो गया है. इस शक को लेकर परिजनों ने बाजना थाने में शिकायत दर्ज कराई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. फिलहाल कब्रिस्तान और आसपास के हालात की बारीकी से जांच की जा रही है. घटना से पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है.
राजधानी में डीआरआई की 15 दिन में तीसरी बड़ी कार्रवाई हुई है. भोपाल रेलवे स्टेशन पर कोकीन के साथ एक विदेशी महिला गिरफ्तार की गई. युगांडा की इस महिला से 4 करोड़ की कोकीन बरामद की गई है. इसके अलावा महिला से क्रिस्टल मेथ भी जब्त किया गया है. आरोपी महिला अमृतसर-सीएसटीएम एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली से मुंबई जा रही थी. इससे पहले पिछले एक पखवाड़े में डीआरआई ने दो और कार्रवाई की थी.
नहाते समय दो किशोरियां तालाब में डूब गईं. मोर छठ सिराने के बाद नहा रही थी किशोरियां. यह घटना आरोन थाना के भगवानपुर गांव में हुई। 15 वर्षीय ज्योति बंजारा और सपना बंजारा तालाब में डूबीं. आरोन पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
ग्वालियर में रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है. इस कॉन्क्लेव का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे. शुभारंभ कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित होगा. इस इवेंट में 18 कंपनियां, 505 इन्वेस्टर, और 94 टूर ऑपरेटर शामिल होंगे. मुख्यमंत्री आज 21 निवेशकों के साथ 121 चर्चाएं करेंगे. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी इस कॉन्क्लेव में मौजूद रहेंगे.