Operation Sindoor Live Updates: पाकिस्तान के सियालकोट-रावलपिंडी में अलर्ट, पहलगाम का बदला 'ऑपरेशन सिंदूर', … – News18 Hindi

नई दिल्ली. भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पाकिस्तानी हुक्मरानों के पांव के नीचेसे जमीन छीन ली है. पहलगाम आतंकवादी हमले का बदला लेते हुए भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके के अंदर बने आतंकियों के 9 ठिकाने तबाह कर दिए हैं. इनमें से 4 पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में थे, जबकि 5 पीओके में. भारत ने अपने 25 मिनट के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और हिज़बुल मुजाहिद्दीन के लॉन्च पैड को मिट्टी में मिला दिया.
जिन नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें बहावलपुर का जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना शामिल है. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत ये सैन्य हमले किए गए. पहलगाम हमले में एक विदेशी नागरिक सहित 26 लोगों की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
सेना के अधिकारियों ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत, भारतीय सेना ने मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के मरकज तैयबा, बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के मरकज सुभान अल्लाह, सियालकोट में हिजबुल मुजाहिदीन के महमूना जोया फैसिलिटी और बरनाला में मरकज अहले हदीस में लश्कर के अड्डे और मुजफ्फराबाद के शावई नाला में उसके शिविर को निशाना बनाया.

भारत और पाकिस्तान के मध्य बढ़ते तनाव के बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर वह कुछ मदद कर सके हैं, तो वह जरूर करेंगे और वह चाहते हैं कि दोनों देशों के बीच बढ़ता संघर्ष ‘रुकना’ चाहिए. ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच ‘युद्ध’ पर एक प्रश्न के उत्तर में कहा, “यह बहुत भयानक है. मेरी स्थिति यह है कि मैं दोनों को साथ लेकर काम करूं. मैं दोनों को बहुत अच्छी तरह से जानता हूं और मैं उन्हें इसे (तनाव को) हल करते हुए देखना चाहता हूं. मैं उन्हें रुकते हुए देखना चाहता हूं और उम्मीद है कि वे अब रुक सकते हैं. वे एक दूसरे के खिलाफ जैसे को तैसा वाला व्यवहार कर रहे हैं, इसलिए उम्मीद है कि वे अब रुक सकते हैं. मैं उन दोनों को जानता हूं, हम दोनों देशों के साथ बहुत अच्छे से मिलकर काम करते हैं.”

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत द्वारा पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) और पंजाब प्रांत में आतंकवादी ठिकानों पर सैन्य हमले के कुछ घंटों बाद बुधवार को कहा कि इस्लामाबाद पूर्ण युद्ध से बचने की कोशिश कर रहा है. आसिफ ने ‘कनेक्ट द वर्ल्ड’ कार्यक्रम में सीएनएन की बेकी एंडरसन से कहा, ‘इस संघर्ष के पूर्ण युद्ध में बदल जाने की संभावना है, जिसे हम टालने का प्रयास कर रहे हैं.’ उन्होंने दावा किया कि भारत ने कल रात अंतरराष्ट्रीय सीमा पार की. आसिफ ने कहा कि मंगलवार देर रात को हुआ हमला ‘स्पष्ट उल्लंघन है तथा संघर्ष को बढ़ाने तथा कहीं अधिक व्यापक तथा अधिक खतरनाक बनाने का निमंत्रण है.’

भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए जाने के बाद लगाए गए प्रतिबंधों के कारण 300 से अधिक उड़ाने रद्द कर दी गई हैं और श्रीनगर समेत कम से कम 25 हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. एअर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट, एअर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एअर और कुछ विदेशी एयरलाइन ने विभिन्न हवाई अड्डों के लिए अपनी सेवाएं रद्द कर दी हैं. सूत्रों ने बताया कि देश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में कम से कम 25 हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. इनमें श्रीनगर, लेह, जम्मू, अमृतसर, पठानकोट, चंडीगढ़, जोधपुर, जैसलमेर, शिमला, धर्मशाला और जामनगर शामिल हैं. सूत्र के अनुसार, एयरलाइन द्वारा विभिन्न हवाई अड्डों से आने-जाने वाली 300 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं. इंडिगो ने कहा कि उसने हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण 10 मई की सुबह तक अमृतसर और श्रीनगर सहित विभिन्न घरेलू हवाई अड्डों से 165 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी हैं. सूत्रों ने बताया कि एअर इंडिया समूह – एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस – की लगभग 140 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News