Ranchi News: अड़की, प्रतिनिधि। खूंटी जिले के अड़की प्रखंड अंतर्गत तेलंगाडीह बिरहोर कॉलोनी में विलुप्तप्राय बिरहोर समुदाय गंभीर स्वास्थ्य संकट से गुजर रहा है। पिछले छह महीनों में चार माह की एक मासूम बच्ची समेत चार लोगों की बीमारी से मौत हो चुकी है, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग बीमार हैं। लगातार हो रही मौतों के बाद प्रशासन हरकत में आया और उपायुक्त के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग एवं मलेरिया नियंत्रण टीम ने कॉलोनी पहुंचकर जांच अभियान चलाया। जांच में दो लोग मलेरिया संक्रमित पाए गए, जबकि दो मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। चार माह की बच्ची समेत चार लोगों की हो चुकी है मौत:
ग्रामीणों के अनुसार शनिवार रात चार माह की बिधिया रानी बिरहोर की मौत हो गई। बच्ची का इलाज समय पर सरकारी अस्पताल में नहीं हो सका और परिजन उसे जोजोहातू गांव के एक ग्रामीण चिकित्सक के पास ले गए थे। मृत बच्ची मंजू बिरहोर की पोती थी, जिन्हें पूर्व में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इससे पहले 14 जनवरी को एतवारी बिरहोर, 22 मई को बिनती बिरहोर तथा 27 मई को दुखनी बिरहोर की भी बीमारी के कारण मौत हो चुकी है।
लगातार मौतों की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को मलेरिया विभाग की टीम तेलंगाडीह बिरहोर कॉलोनी पहुंची। टीम ने आठ लोगों की मलेरिया जांच की, जिसमें जयंती बिरहोर और बरसा रानी बिरहोर मलेरिया संक्रमित पाई गईं। वहीं मंजू बिरहोर, सनिका बिरहोर, गुलबती बिरहोर और रिया बिरहोर भी बीमार हैं। स्वास्थ्य विभाग ने गंभीर मरीजों को अड़की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की तैयारी की, लेकिन कुछ लोगों ने खेती-बाड़ी के कार्य का हवाला देते हुए अस्पताल जाने से इनकार कर दिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कॉलोनी में स्वास्थ्य विभाग की टीम कभी-कभार पहुंचती है और केवल दवाइयां देकर लौट जाती है। दवा से राहत नहीं मिलने पर लोग मजबूरी में ग्रामीण चिकित्सकों से इलाज कराते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार घरेलू उपचार पर निर्भर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गंभीर मरीजों के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा को फोन करने पर भी समय पर वाहन उपलब्ध नहीं होता और कई बार ईंधन नहीं होने की बात कहकर सेवा देने से मना कर दिया जाता है।
कॉलोनी में वर्षों पहले बनी सोलर आधारित जलापूर्ति योजना की टंकी की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। ग्रामीण उसी टंकी के गंदे और काले पड़ चुके पानी को छानकर पीने के लिए मजबूर हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में अब तक फॉगिंग नहीं कराई गई है और न ही डीडीटी अथवा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव हुआ है, जिससे मच्छरों का प्रकोप लगातार बना हुआ है।
बिरहोर समुदाय के लोगों ने प्रशासन से कॉलोनी में तत्काल विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने, नियमित चिकित्सकीय जांच कराने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, एम्बुलेंस सेवा को प्रभावी बनाने तथा मलेरिया नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
कोट—
तेलंगाडीह बिरहोर कॉलोनी में आठ लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें दो बिरहोर मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। दोनों मरीजों को तत्काल अड़की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया गया है। अन्य बीमार लोगों की भी लगातार निगरानी और स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
-डॉ जितेश मुंडा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play