कार्यक्रम की तस्वीर
Sasaram News : कार्यक्रम का उद्घाटन एसपी जैन कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. गुरुचरण सिंह, हास्य-व्यंग्य कवि सरोज कुमार पंकज, इंदु तपेश्वर महिला कॉलेज की प्रो. डॉ. पुष्पा सिंह एवं वीर कुंवर सिंह कॉलेज, धारूपुर की प्रो. अनिता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अलाउद्दीन अजीजी ने की, जबकि संचालन हिंदी विभाग के शिक्षक प्रभाकर कुमार ने किया.
कार्यक्रम की शुरुआत में कॉलेज के प्राचार्य ने सभी अतिथियों का स्वागत अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर किया.
मुख्य अतिथि डॉ. गुरुचरण सिंह ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी केवल बोलचाल की भाषा नहीं, बल्कि देश की संस्कृति, परंपरा और भावनाओं को जोड़ने वाली सशक्त भाषा है. उन्होंने कहा कि भाषा किसी जाति, धर्म या संप्रदाय की नहीं होती, बल्कि यह आम लोगों की अभिव्यक्ति का माध्यम है.
उन्होंने सुप्रसिद्ध साहित्यकार राजा राधिका रमण प्रसाद सिंह की साहित्यिक रचनाओं पर प्रकाश डाला. साथ ही रोहतास जिले के बहुआरा निवासी प्रसिद्ध साहित्यकार भवानी दयाल संन्यासी के हिंदी साहित्य में योगदान का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि हिंदी आज व्यापक स्तर पर पहुंच चुकी है और इसमें जातीयता व क्षेत्रीयता की कोई सीमा नहीं है. उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने तथा दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया.
हास्य-व्यंग्य कवि सरोज कुमार पंकज ने अपनी हास्य-व्यंग्य रचनाओं से उपस्थित लोगों को खूब गुदगुदाया. उन्होंने हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियों के आयोजन पर भी जोर दिया. वहीं, इंदु तपेश्वर महिला कॉलेज की प्रो. डॉ. पुष्पा सिंह ने भोजपुरी गजल प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी.
वीर कुंवर सिंह कॉलेज, धारूपुर, बिक्रमगंज की हिंदी विभाग की प्रो. अनिता कुमारी ने हिंदी भाषा के वर्तमान स्वरूप, महत्व और बदलते दौर में इसकी उपयोगिता पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को हिंदी भाषा, साहित्य और संस्कृति से जोड़ने के लिए इस तरह के आयोजन जरूरी हैं.
इस दौरान मनोज सिंह ने कहा कि हिंदी दिवस पखवारा के माध्यम से विद्यार्थियों को भाषा, साहित्य और संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ती है.
Also Read : तिलौथू में 15 स्थानों पर हुआ वंदे मातरम का सामूहिक गायन, 4500 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा
हिंदी दिवस पखवारा के तीसरे चरण में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. भाषण प्रतियोगिता में अमन कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया. वहीं, काव्यपाठ प्रतियोगिता में सत्या कुमारी, नंदनी कुमारी, बादल, ओबैस, पीयूष, पूजा सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों के हाथों मेडल एवं पाठ्य सामग्री देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया.
Also Read : शेरशाह सूरी रौजा और हिरण पार्क को निर्धारित समय पर खोलने की मांग, लोक संघर्ष मोर्चा ने डीएम को सौंपा आवेदन
समारोह के अंत में हिंदी की शिक्षिका मंटू कुमारी ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा को जन-जन तक पहुंचाने तथा इसके अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने का संकल्प दिलाया. मौके पर वीरेंद्र शर्मा, जयराम, कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं कर्मी मौजूद रहे.
Also Read : रोहतास में स्थानांतरित शिक्षिकाओं के सम्मान में हुआ विदाई समारोह, भावुक हुए छात्र-छात्राएं
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
Copyright © 2026 Prabhat Khabar (NPHL)