भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) ने सोमवार को 52 किलोग्राम गांजा बरामद कर जब्त किया। हालांकि, गांजा की खेप छोड़कर तस्कर नेपाल की ओर भाग निकले। यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के अभियान के तहत की गई।
48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर की सी कंपनी पिपरौन के बीओपी दिघियाटोल के जवानों ने नियमित चेक पोस्ट ड्यूटी के दौरान यह गांजा बरामद किया। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध तस्कर सामान छोड़कर नेपाल भाग गए।
यह घटना सोमवार को बीओपी दिघियाटोल की नियमित चेक पोस्ट ड्यूटी के दौरान हुई। सीमा स्तंभ संख्या 287/21 से करीब 70 मीटर भारत की तरफ, बेला गांव के पास, एसएसबी चेक पोस्ट पार्टी ने दो लोगों को सिर पर काले कपड़े से ढका संदिग्ध सामान लेकर आते देखा।
एसएसबी टीम ने दोनों लोगों को रोकने की कोशिश की। टीम को देखते ही दोनों व्यक्ति सीमा से सटे नाले में कूदकर नेपाल भागने में सफल रहे। इसके बाद मौके पर छोड़े गए संदिग्ध सामान की जांच हुई, जिसमें 52 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ जिसे जब्त कर लिया गया।
बरामद मादक पदार्थ की जांच के लिए ड्रग डिटेक्शन किट का इस्तेमाल किया गया। जब्त किए गए 52 किलोग्राम गांजा को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना हरलाखी, जिला मधुबनी को सौंपा जा रहा है।
इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। फरार लोगों की पहचान और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच संबंधित एजेंसियां करेंगी। 48वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, जयनगर के कमांडेंट ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एसएसबी लगातार निगरानी और प्रभावी जांच कर रही है। सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान सख्ती से जारी रहेगा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.