सीएम योगी आदित्यनाथ (फाइल फोटो)
UP News LIVE: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रदेश की महिलाओं और उनके परिवारों को दीपावली का बड़ा उपहार देने जा रहे हैं। लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित समारोह में सीएम योगी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1500 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि सीधे लाभार्थियों के आधार प्रमाणित बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे। इससे यूपी के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान योगी प्रतीकात्मक रूप से लाभार्थियों को चेक देकर सब्सिडी का हस्तांतरण करेंगे तथा प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी रिजीम चेंज को मुद्दा बनाते हुए लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत प्रदेश में छह संगठनात्मक क्षेत्रों में पदयात्राएं निकालेगी। पार्टी की इस मुहिम में सहयोगी भी साथ होंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान, रालोद मुखिया केंद्र में मंत्री जयंत चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह पदयात्राओं का नेतृत्व करेंगे।
उधर, सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज वाराणसी जाएंगे। यहां वरिष्ठ सपा नेता सतीश फौजी के घर जाएंगे। दोपहर 2 बजे के करीब मीडिया से बात करेंगे।
UP News LIVE: मुझसे बड़ा गुंडा कोई नहीं है…जन अधिकार महारैली में बोले ओपी राजभर
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सोमवार को बांदा में सपा पर जमकर निशाना साधा। भागीदारी पार्टी (पी) की जन अधिकार महारैली में कहा कि सुना है कि प्रजापति समाज के लोगों को कार्यक्रम में आने से रोका जा रहा है लेकिन मुझसे बड़ा गुंडा कोई नहीं है। बोले-प्रजापति समाज के ऊपर लगातार अत्याचार किया जा रहा है, जिसका मुंहतोड़ जवाब देने का समय आ गया है।
यहां पढ़ें पूरी खबर
UP News LIVE: यूपी के इस जिले में आज आठवीं तक के सभी स्कूलों की छुट्टी
बरेली में मंगलवार को आठवीं तक के सभी सरकारी, प्राइवेट स्कूलों की छुट्टी की घोषणा की गई है। शहर में निकलने वाली भाजपा की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा के चलते जाम की आशंका और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बीएसए डॉ विनीता ने नगर क्षेत्र के कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है।
यहां पढ़ें पूरी खबर
UP News LIVE: ट्रेन के एसी फर्स्ट कोच में गहनों से भरा बैग चोरी
बेटे के साथ आनंद विहार टर्मिनस-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी में सफर कर रही महिला का गहनों से भरा बैग और 25 हजार रुपये चोरी हो गए। ट्रेन जब चारबाग स्टेशन पहुंची तो उन्हें पता चला। गहने और कैश गंवाकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने मदद के लिए चार बार चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका। इसके बावजूद न तो रेलवे स्टाफ और न ही पुलिस बल ही मदद करने के लिए आया। रेलवे हेल्प लाइन नंबर पर कॉल की, वहां से भी जवाब नहीं मिला।
UP News LIVE: अयोध्या का दीपोत्सव सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण: योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश में आगामी दीपोत्सव के समारोहों को लेकर जारी तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को इस त्योहार को सामाजिक एकता, साझा आस्था और संस्कृति का प्रतीक बताया जो लोगों को एकजुट करता है। मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक संदेश में कहा, ‘जाति की जड़ता समाज को बांटती है, जबकि साझा आस्था और संस्कृति उसे एक सूत्र में पिरोती हैं। अयोध्या का दीपोत्सव इसी सामाजिक एकता का जीवंत उदाहरण है।’
UP News LIVE: कोर्ट रूम में मारपीट को हाईकोर्ट ने गंभीर आपराधिक कृत्य माना, FIR की सिफारिश
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 28 अक्तूबर को एक कोर्ट रूम में वकीलों के किए गए कथित हंगामे और मारपीट की घटना पर कड़ा रुख अपनाया है। न्यायमूर्ति अजय भनोट एवं न्यायमूर्ति दिवेश चंद्र सामंत की खंडपीठ ने इस कृत्य को न्यायालय की आपराधिक अवमानना और गंभीर आपराधिक कृत्य करार देते हुए मामले को उचित कार्रवाई व सुनवाई के लिए मुख्य न्यायाधीश के समक्ष भेजने का निर्देश दिया है। मुख्य न्यायाधीश से अनुरोध किया गया है कि वे रजिस्ट्रार जनरल को दोषी वकीलों के खिलाफ हिंसा भड़काने, साजिश रचने, तोड़फोड़ और मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दें।
यहां पढ़ें पूरी खबर
UP News LIVE: यूपी की राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बहन पर हमला
यूपी के फतेहपुर में यूपी की राज्यमंत्री कृष्णा पासवान की बहन पर कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। मंत्री की बहन एक युवक की पिटाई देखकर उसे बचाने पहुंची थीं। इसके बाद हमलावरों ने युवक को छोड़कर मंत्री की बहन के साथ अभद्रता शुरू कर दी और उल्टा उनके साथ ही मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद हमलावर फायरिंग करते हुए भाग निकले। राज्यमंत्री की बहन ने पुलिस से मामले की शिकायत की है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
UP News LIVE: पड़ोसी के घर पर नजर रखने के लिए नहीं लगा सकते CCTV: हाईकोर्ट
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक आदेश में कहा है कि कोई भी निजी सीसीटीवी कैमरा इस तरह से नहीं लगाया और सेट किया जा सकता, जिससे पड़ोसी की निजता के अधिकार का हनन हो। न्यायमूर्ति अजित कुमार एवं न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपने पड़ोसी की निजता में दखल देने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
यहां पढ़ें पूरी खबर
UP News LIVE: शाहजहांपुर में आज नए विश्वविद्यालय का निरीक्षण करेंगी राज्यपाल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मंगलवार को शाहजहांपुर के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वह स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय का निरीक्षण करेंगी। राज्यपाल विश्वविद्यालय के भवनों की स्थिति, शिक्षकों की कमी, परीक्षा व्यवस्था और डिजिटल डिग्री से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगी। उनका कार्यक्रम सुबह 10 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक निर्धारित है।
UP News LIVE: बरेली में मंत्री जेपी नड्डा और केशव मौर्य निकालेंगे पदयात्रा
बरेली में मंगलवार को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकालेंगे। करीब 2.15 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा का शुभारंभ दोपहर 1:35 बजे राजेंद्र नगर स्थित स्वयंवर बारातघर से होगा। इसमें 19 जिलों के भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। पदयात्रा बांके बिहारी मंदिर होते हुए शिवाजी चौक पहुंचेगी, जहां शहीद पंकज अरोड़ा स्मारक पर इसका समापन होगा। पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और राज्यसभा सांसद गीता शाक्य भी मौजूद रहेंगी।
यहां पढ़ें पूरी खबर
UP News LIVE: स्वामी मौर्य पर सपा-कांग्रेस का झगड़ा बढ़ा
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले विपक्षी इंडिया गठबंधन के भीतर आंतरिक कलह और बयानबाजी तीखी होती जा रही है। पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के प्रमुख स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर अब समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस आमने-सामने आ गए हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन का हिस्सा मानने से साफ इनकार किए जाने के बाद, कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और स्वामी प्रसाद मौर्य की मुलाकात ने इस सियासी खींचतान को और बढ़ा दिया है।
यहां पढ़ें पूरी खबर
UP News LIVE: शादी का दबाव बना रही थी शिक्षिका, प्रबंधक ने की हत्या
देवरिया मेें रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के कन्हौली के समीप चलती कार से महिला शिक्षक के फेंके गए शव के मामले में पुलिस ने विद्यालय प्रबंधक को हिरासत में ले लिया है। सूत्रों का दावा है कि आरोपी ने पूरा राज उगल दिया है। महिला शिक्षक से विद्यालय प्रबंधक का प्रेम प्रसंग था। शादी का दबाव बनाने पर छुट्टी के दिन विद्यालय बुलाया और घुमाने का झांसा देकर कार में ले जा गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने कार को भी बरामद कर लिया है। मंगलवार को पुलिस इस घटना का पर्दाफाश करेगी।
UP News LIVE: आउटसोर्स कर्मचारियों को न्यूनतम मानदेय का आदेश जारी
राज्य के विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को बढ़े मानदेय का आदेश सोमवार देर शाम जारी कर दिया गया। आदेश 2 सितंबर 2026 से प्रभावी होंगे। यानी, 2.72 लाख कर्मचारियों को बढ़े मानदेय के साथ एरियर भी मिलेगा।
UP News LIVE: कुशीनगर के एडीएम न्यायिक ने शासन को भेजा इस्तीफा
कुशीनगर के एडीएम न्यायिक गुलाब चन्द्र राजपूत ने अपने पद से त्यागपत्र शासन को भेज दिया है। 2018 बैच के प्रोन्नत पीसीएस अधिकारी के इस फैसले से प्रशासनिक महकमे में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं है। हालांकि, उनके इस्तीफे के पीछे कोई बड़ी प्रशासनिक वजह सामने नहीं आई है। उन्होंने व्यक्तिगत और पारिवारिक स्वास्थ्य संबंधी कारणों को इसकी वजह बताया है। वहीं सोमवार देर रात तक शासन को उनका इस्तीफा नहीं मिला था।
यहां पढ़ें पूरी खबर
UP News LIVE: वाराणसी दौरे पर अखिलेश यादव
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज वाराणसी जाएंगे। यहां वरिष्ठ सपा नेता सतीश फौजी के घर जाएंगे। दोपहर 2 बजे के करीब मीडिया से बात करेंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play