Uttar Pradesh chief minister Yogi Adityanath (HT photo)
UP News Live: योगी सरकार ने मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का दायरा बढ़ाते हुए भोटिया, जौनसारी और गोंड समेत सभी शेष अनुसूचित जनजातियों को पक्के घर देने का फैसला किया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसका ऐलान किया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीमा राजभर को समाजवादी महिला सभा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त कर एक बड़ा राजनीतिक दांव चला है। अखिलेश ने इससे एक तीर से दो निशाना लगाने की कोशिश की है। प्रमुख जिम्मेदारी पीडीए के हाथों में सौंपी है और ओम प्रकाश राजभर के वोट बैंक में सेंधमारी की भी कोशिश की है।
भाजपा ने जलाया विपक्षी पार्टियों का पुतला
श्रावस्ती के भिनगा में महिलाओं द्वारा संसद में महिलाओं को 33% आरक्षण के मुद्दे को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। महिलाओं ने इंडियन नेशनल कांग्रेस एवं समाजवादी पार्टी द्वारा इस आरक्षण का विरोध किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने राहुल गाँधी और अखिलेश यादव सहित विपक्षी नेताओं के खिलाफ उग्र विरोध जताते हुए उनका पुतला दहन किया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं ने नरेंद्र मोदी के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने हेतु उठाया गया यह कदम ऐतिहासिक है और वे इसके समर्थन में पूरी मजबूती के साथ खड़ी हैं।
69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, विधानभवन के सामने धरने पर बैठे; पुलिस से झड़प
अभ्यर्थियों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों और सुप्रीम कोर्ट में कमजोर पैरवी के कारण उन्हें वर्षों से नियुक्ति नहीं मिल पा रही। अभ्यर्थियों ने लखनऊ विधान भवन पर धरना प्रदर्शन के दौरान ‘योगी जी हमें न्याय दो’, के नारे लगाए। बाद में पुलिस ने उन्हें जबरन बस में बिठाकर इको गार्डन भेज दिया।
पूरी खबर यहां पढ़ें: 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, विधानभवन के सामने धरने पर बैठे; पुलिस से झड़प
विकलांग पति को मारने वाली पत्नी को प्रेमी संग उम्रकैद, 6 साल के बेटे ने खोला राज
यूपी के हापुड़ में बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम छपकौली में 2024 में हुए इमरान हत्याकांड में जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार सिंह (प्रथम) ने मंगलवार को निर्णय सुनाया है। न्यायाधीश ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को हत्या करने का दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: विकलांग पति को मारने वाली पत्नी को प्रेमी संग उम्रकैद, 6 साल के बेटे ने खोला राज
पारस पट्टी मे मगंलवार की रात चार घरों में लाखों की चोरी।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के पारसपट्टी गाँव में चोरों ने मंगलवार की रात सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के भाई सहित 4 घरों को निशाना बनाया। चोर छत के रास्ते घरों में घुसे और बंद कमरों के ताले तोड़कर उसमें रखे बॉक्स, अलमारी आदि तोड़कर 1.63 लाख रुपए नगदी के अलावा करीब 15 लाख से अधिक के जेवरात उड़ा दिए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात करीब 1 बजे चोरों ने गांव निवासी फिरोज उर्फ कल्लू के घर में घुसे और बरामदे वाले कमरे का ताला तोड़कर उसमें रखे बॉक्स, अलमारी आदि के ताले तोड़ दिए। इसके बाद चोरों ने सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. राम सहाय यादव के भाई भरतलाल यादव के घर में छत के रास्ते घुसे और चोरी की। इसके बाद बगल के रामसुंदर यादव के घर को निशाना बनाया। चोरों ने सबसे ज्यादा नुकसान रामसुंदर यादव के बगल स्थित संदीप यादव का किया। नीचे और ऊपरी मंजिल के दो-दो कमरों का ताला काट कर उसमें रखे बॉक्स, अलमारी व अटैचियों के ताले तोड़कर लाखों का सामान उड़ा दिया।
रेल ट्रैक पर बाइक दौड़ाते युवक का वीडियो वायरल
देवरिया में रेल ट्रैक पर बाइक दौड़ाते युवक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बैकग्राउंड में भोजपुरी गाना बच रहा है। वीडियो नोनापार रेलवे स्टेशन के पास का बताया जा रहा है। हालांकि, हिन्दुस्तान वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। आरपीएफ ने जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में एक युवक रेलवे पटरी पर बाइक दौड़ाते हुए नजर आ रहा है। युवक खुद को “माफिया” बताते हुए यह रील सोशल मीडिया पर शेयर करता दिख रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो नोनापार रेलवे स्टेशन के पास का है, जहां युवक ने रेलवे ट्रैक पर ही बाइक चलाकर वीडियो बनाया। “हाईकोर्ट में यार हमार थाना पे पर्चा कट जाई” गाने के साथ जारी यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सड़क हादसे में महिला की दर्दनाक मौत
श्रावस्ती गिलौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा गिलौला के रहने वाली लक्ष्मी प्रसाद पटवा की पत्नी गीता देवी उम्र 50 वर्ष अपने घर के बाहर सड़क पर खड़ी थी। मंगलवार रात 9:00 बजे के आसपास गिलौला निवासी रजत उर्फ सूरज पुत्र शिव कुमार बहराइच की तरफ से गिलौला कस्बे मैं खूंटेहना चौराहा की तरफ तेज रफ्तार से जा रहा था। गीता देवी अपने घर के बाहर सड़क पर खड़ी थी अनियंत्रित बाइक ने जोरदार टक्कर मार दिया और मौके पर ही गीता लड़खड़ा कर गिर गई। उनके दो हाथ पैर टूट गए बाइक सवार भी चोटिल हो गया स्थानीय लोगों ने तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिलौला में भर्ती करवाया। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्ट ने मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। जहां पर इलाज के दौरान गीता देवी की मौत हो गई।
स्कूल बस की टक्कर से 4 वर्षीय मासूम की मौत, चालक फरार; पुरानी रंजिश की आशंका से गांव में तनाव
अमेठी में कोतवाली क्षेत्र के पूरे काजिम अली गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मोहम्मद उजैद (4)पुत्र मोहम्मद जमाल स्कूल जाने के लिए सड़क पर बस का इंतजार कर रहा था, तभी करपिया गांव स्थित एक पब्लिक स्कूल की बस ने उसे टक्कर मार दी।
गंभीर रूप से घायल उजैद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बस चालक मोहम्मद फैजान पुत्र मोहम्मद नौशाद मौके पर बस छोड़कर फरार हो गया। गांव वालों के मुताबिक चालक और मृतक के परिवार के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिससे घटना को लेकर संदेह और आक्रोश बढ़ गया।
ट्रक से कुचलकर महिला की मौत, सड़क पर लगा जाम
बाराबंकी के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के अतरौरा गांव के पास बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में ट्रकसे कुचलकर महिला की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान मार्ग पर आधा घंटा जाम लगा रहा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है।
अतरौरा गांव के पास बुधवार की सुबह ट्रक से कुचल कर सावित्री (45) पत्नी सहजराम गौतम निवासी ग्राम रसूलपुर किदवई की मौत हो गई। हादसे में उनके पति को चोट लगी है। सावित्री पति के साथ तिवारीगंज लखनऊ स्थित एक मेडिकल कॉलेज में काम के लिए जा रहीं थीं। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई। चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जा में ले लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अज्ञात कारणों से लगी आग में 12 घर जलकर राख हो गया
बलरामपुर में स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत भंगहा कला के मजरा भचकहिया में मंगलवार को देर शाम को अज्ञात कारणों से अब्दुल कलाम के घर में आग लग गई। देखते ही देखते तेज हवा के साथ गांव के चारों तरफ आग फैल गई। जिसकी की सूचना ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड और 112 नंबर पुलिस को टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम वा ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद देर शाम तक आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक 12 घर जलकर राख हो गए। जिसमें अब्दुल कलाम का पानी मशीन पूरा राशन जल गया, सालिक गौतम का 31000 रूपये व घर का सारा सामान जेवर जल कर राख हो गया।
बुग्गी के नीचे दबकर श्रमिक की मौत, कोहराम
बाराबंकी में नगर के मौलवीगंज वार्ड निवासी एक किशोर की ईंट ढोने वाली बुग्गी के नीचे दब कर मौत हो गई।
कसगर शकील अहमद का पुत्र सुहैल (14) इसरौली स्थित एक भट्ठे पर बुग्गी से ईंट ढोने का काम करता था। बुधवार सुबह वह ईंट लेकर जाने की तैयारी रहा था। तभी अचानक बुग्गी में बंधी घोड़ी तेज रफ्तार से आगे बढ़ गई। उसके साथ दौड़ा सुहैल अचानक बुग्गी के नीचे आ गया।
घोड़ी समेत बुग्गी उसके ऊपर निकलती चली गई। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सुहैल को अन्य मजदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। श्रमिक की मौत से परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।
फंदे से लटक कर युवक ने की आत्महत्या
बाराबंकी में थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक युवक ने अपने घर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही घर के बाहर भीड़ जुट गई।
सतरिख थाने के जाटा बरौली गांव निवासी धर्मेंद्र (40) पुत्र राधेलाल ने अपने घर में पंखे के कुंडे से लटक कर जान दे दी। देर रात करीब 10 बजे मृतक का छोटा भाई विजय उसे खाना खाने के लिए बुलाने गया। तभी उसने धर्मेंद्र का शव पंखे से लटका हुआ देखा तो वह हतप्रभ रह गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र परिवार से अलग रहता था। उसकी पत्नी करीब दो माह पहले अपने मायके कोठी थाना अंतर्गत रामदीन पुरवा गांव चली गई थी। जिसके बाद वह घर में अकेला रह रहा था। वहीं उसका छोटा भाई विजय अपनी मां के साथ गांव में ही अलग मकान में रहता है।
विवाहिता को घर से भगाया मुकदमा दर्ज
बाराबंकी में थाना क्षेत्र मसौली में दहेज उत्पीड़न के मामले में ससुराल पक्ष पर नवविवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से बाहर निकालने का आरोप है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रोशन चक निवासी राजेन्द्र पुत्र बदलू ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी राखी की शादी 8 मार्च 2026 को थाना सतरिख क्षेत्र के मुन्नकीपुरवा निवासी राम सूरज पुत्र रामकिशोर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही दामाद राम सूरज द्वारा सोने की चैन और एक लाख रुपये की लगातार मांग की जा रही थी।
पीड़ित पिता का कहना है कि 6 अप्रैल 2026 को दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों सास, ननद, ससुर रामकिशोर और बहनोई ने मिलकर उनकी बेटी के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर घर से बाहर निकाल दिया।
नवागत जिलाधिकारी ने लोधेश्वर महादेव मंदिर में की पूजा अर्चना
बाराबंकी में नवागत जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर में दर्शन के दौरान उनके साथ एसडीएम आनंद तिवारी भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में चल रहे कारीडोर निर्माण एवं व्यवस्थाओं की जानकारी एसडीएम से ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम प्रधान राजन तिवारी ने जिलाधिकारी को लोधेश्वर महादेव की तस्वीर भेंट कर उनका स्वागत किया।
मंदिर के पुजारी आदित्य जी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। जिलाधिकारी ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इस अवसर पर सतीश कुमार, अखिल नाथ व स्थानीय श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।
डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
अमेठी में गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत निमंत्रण में गए युवक की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच शुरू की है।
गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के मेदन मवई गांव निवासी 46 वर्षीय संतोष ओझा बीते मंगलवार की शाम माधवपुर गांव में आयोजित तिलक समारोह में निमंत्रण गए थे। रात लगभग 10:30 बजे जैसे ही वह निमंत्रण से निकलकर मुंशीगंज गौरीगंज रोड पर पहुंचे, तभी गौरीगंज की तरफ आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दिया। घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वही डंपर चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
महिला आरक्षण पर घमासान के बीच अखिलेश का एक तीर से दो निशाना, सीमा राजभर के जरिए किसे संदेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीमा राजभर को समाजवादी महिला सभा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त कर एक बड़ा राजनीतिक दांव चला है। अखिलेश ने इससे एक तीर से दो निशाना लगाने की कोशिश की है। प्रमुख जिम्मेदारी पीडीए के हाथों में सौंपी है और ओम प्रकाश राजभर के वोट बैंक में सेंधमारी की भी कोशिश की है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: महिला आरक्षण पर घमासान के बीच अखिलेश का एक तीर से दो निशाना, सीमा राजभर के जरिए किसे संदेश
एक माह पहले हुई लूट का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
श्रावस्ती थाना कोतवाली भिनगा क्षेत्र अंतर्गत सर्राफा व्यापारी के साथ लूट की घटना हुई थी।जिसमें व्यापारी ने बताया गया था कि उसकी गाड़ी रोक कर किसी धारदार हथियार से किसी तीन अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसके सिर पर वार किया गया था और वह बेहोश हो गया था जिस कारण उसके साथ लूट की घटना कारित की गई थी।
इसी क्रम में थाना कोतवाली भिनगा पुलिस टीम, एस ओ जी व सर्विलांस टीम द्वारा लागातर उन अभियुक्तों की पहचान व गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा था। मंगलवार की रात को जानकारी मिली कि घटना से संबंधित अभियुक्त की अंटा तिराहे के पास आवा-जाही देखी गई है । इस पर पुलिस द्वारा उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया गया और पुलिस पर जान से मारने की नीयत से अभियुक्त ने फायर कर दिया। जवाबी कार्यवाही में अभियुक्त के पैर में गोली लगी।
मुख्यमंत्री आवास योजना का दायरा बढ़ा, इन जातियां को किया गया शामिल, योगी सरकार का फैसला
योगी सरकार ने मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का दायरा बढ़ाते हुए भोटिया, जौनसारी और गोंड समेत सभी शेष अनुसूचित जनजातियों को पक्के घर देने का फैसला किया है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसका ऐलान किया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: मुख्यमंत्री आवास योजना का दायरा बढ़ा, इन जातियां को किया गया शामिल, योगी सरकार का फैसला
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play