Feedback
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया. सरकारी इंटर कॉलेज की वाइस प्रिंसिपल के बेटे ने गोमती नदी में छलांग लगा दी. युवक की पहचान प्रखर पाल के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया.
जानकारी के मुताबिक प्रखर पाल की मां सुष्मलता राजकीय हुसैनाबाद इंटर कॉलेज में वाइस प्रिंसिपल के पद पर तैनात हैं. बेटे के नदी में कूदने की खबर मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचीं. घाट पर मां का रो-रोकर बुरा हाल रहा. आसपास मौजूद लोग भी इस दृश्य को देखकर भावुक हो गए.
परिवार के मुताबिक प्रखर रविवार को UPSC की परीक्षा देकर घर लौटा था. उसने अपनी मां को बताया था कि उसका पेपर अच्छा नहीं गया. मां ने उसे समझाया था कि कोई बात नहीं, अगली परीक्षा पर ध्यान देना चाहिए. इसके बाद उससे ज्यादा बातचीत नहीं हो सकी.
घाट पर मां का रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों ने बताया कि प्रखर के पिता विष्णु गोपाल पाल का कुछ वर्ष पहले निधन हो चुका है. पिता की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारियां भी बढ़ गई थीं. बताया जा रहा है कि प्रखर पढ़ाई को लेकर काफी गंभीर रहता था और UPSC परीक्षा की तैयारी कर रहा था.
सोमवार सुबह पक्के पुल पर एक स्कूटी खड़ी मिली. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुछ देर बाद एक युवक को गोमती नदी में छलांग लगाते देखा गया. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की टीम को बुलाया गया.
जिस स्थान से प्रखर ने नदी में छलांग लगाई, उसके ठीक सामने हुसैनाबाद इंटर कॉलेज स्थित है, जहां उसकी मां वाइस प्रिंसिपल हैं. पुलिस को मौके से प्रखर की स्कूटी भी मिली. बाद में स्कूटी को पोस्टमॉर्टम हाउस परिसर में खड़ा कराया गया.
स्कूटी की डिक्की में मिले कपड़े
पुलिस जांच में स्कूटी की डिक्की से उसके कपड़े मिले हैं. वहीं हेल्मेट भी वाहन पर रखा मिला. इन सभी बातों को देखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है. गोताखोर लगातार नदी में युवक की तलाश कर रहे हैं.
घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है. परिवार के लोग और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचे. फिलहाल पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू