अखिलेश पर हमला करते ओपी राजभर
Uttar Pradesh News Live: सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने पहले भोजपुरी फिर अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए हिंदी में पोस्ट लिखकर यह तंज कसा है। भोजपुरी से शुरुआत करते हुए OP राजभर ने लिखा-‘ एक ठे मुगल राजा रहल, ओके लोग कहें ‘शाहे बेखबर’… जा के पता कर लीहा इतिहास में…@yadavakhilesh क हाल देख के अब दया आवत ह।
यूपी के कई शहरों में बिजली संकट है। लखनऊ में लोगों को पता चला कि रात में बिजली आना मुश्किल है। ऐसे में परेशान लोग सड़कों पर चक्कर काट रहे हैं। कुछ लोगों ने एक होटल में कमरा लेकर सोना पंसद किया, ताकि अगले दिन समय से ड्यूटी जा सकें।
एक ठे मुगल राजा रहल…, मायावती के घर पहुंचे कांग्रेसियों को लेकर OP राजभर का अखिलेश पर तंज
सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने पहले भोजपुरी फिर अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए हिंदी में पोस्ट लिखकर यह तंज कसा है। भोजपुरी से शुरुआत करते हुए OP राजभर ने लिखा-‘ एक ठे मुगल राजा रहल, ओके लोग कहें ‘शाहे बेखबर’… जा के पता कर लीहा इतिहास में…@yadavakhilesh क हाल देख के अब दया आवत ह।”
पूरी खबर यहां पढ़ें: एक ठे मुगल राजा रहल…, मायावती के घर पहुंचे कांग्रेसियों को लेकर OP राजभर का अखिलेश पर तंज
क्रैश बैरियर तोड़ 20 फीट नीचे गिरी स्कॉर्पियो, राजस्थान के दर्शनार्थी परिवार के पांच घायल
रायबरेली में गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। दर्शन यात्रा पर निकला राजस्थान का एक परिवार उस समय हादसे का शिकार हो गया, जब उनकी चलती स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर क्रैश बैरियर तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे मीडियन डिवाइडर में जा गिरी। हादसे के बाद वाहन के इंजन के पास वायरिंग में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार राजस्थान के नागौर जिले के शिव कॉलोनी सदर निवासी श्रवणराम का परिवार दो वाहनों से 12 ज्योतिर्लिंगों की धार्मिक यात्रा पर निकला था। परिवार काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन करने के बाद केदारनाथ की ओर जा रहा था। बताया गया कि परिवार 11 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर चुका था और 12वें ज्योतिर्लिंग दर्शन की यात्रा पर आगे बढ़ रहा था। शनिवार सुबह करीब छह बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर उमरामऊ गांव के पास अचानक स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई और क्रैश बैरियर तोड़ते हुए नीचे जा गिरी।
ईंधन बचाने के लिए वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष पांडेय जूनियरों के संग साइकिल से पहुंचे कचहरी
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर अधिकांश लोग वाहन का प्रयोग करने से बच रहे हैं। इस क्रम में सुलतानपुर दीवानी के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष पांडेय शनिवार को अपने सहयोगियों के साथ साइकिल से दीवानी कचहरी पहुंचे।उन्होंने कहा कि ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए उन्होंने संकल्प लिया है कि सप्ताह में एक दिन वह कार के बजाय साइकिल से न्यायालय जाएंगे। उनकी इस पहल की अधिवक्ताओं ने सराहना की।
फर्नीचर-इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में भीषण आग, 50 लाख का नुकसान
अमेठी में एचएएल कोरवा गेट नंबर दो के सामने स्थित लकी फर्नीचर एंड इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में शुक्रवार देर रात शॉर्ट सर्किट से अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को चपेट में ले लिया। दुकान संचालिका पुष्पा देवी ने बताया कि आग लगने से करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
अकेले दुकान में रखा 35 लाख रुपये तक का फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गया। आग की चपेट में आकर मकान की दीवारें, दरवाजे, खिड़कियां और टाइल्स भी नष्ट हो गईं।
आग इतनी तेज थी कि दुकान में रखा सारा सामान धू-धू कर जलने लगा। लपटें उठती देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
सरयू में डूब रहे तीन को पुलिस ने बचाया
अयोध्या में सरयू नदी में शनिवार की सुबह बड़ा हादसा होते-होते बच गया, क्योंकि स्नान कर रहे तीन लोग डूब रहे थे मौके पर मौजूद सिपाही ने तत्काल कूद कर उन्हें निकाला और श्री राम अस्पताल में इलाज पंहुचाया। जिससे सभी बच गए।
जानकारी के मुताबिक जनपद गोंडा से कुछ लोग एक साथ रामनगरी में दर्शन- पूजन और स्नान करने के उद्देश्य से सुबह पहुंचे। सबसे पहले वह स्नान करने के लिए सरयू नदी गए लेकिन इसी दौरान हरिओम मिश्रा (16) पुत्र अमर कुमार निवासी डिकसीर उमरी बेगमगंज, गणेश दत्त पाठक (40) पुत्र बहादुर पाठक निवासी फतेहपुर नखरा करनैलगंज और पल्लवी (19) पुत्री राज नारायण निवासी नखरा डूबने लगे। साथ में मौजूद लोगों के चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर मौजूद नया घाट सिपाही पुष्पेंद्र कुमार नदी में कूद गए और तत्काल किसी तरह तीनों को बाहर निकाला।
सर्पदंश से छह वर्षीय मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम
बलरामपुर में स्थानीय थाना क्षेत्र के रतनवा गांव में शुक्रवार शाम एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां सर्पदंश से छह वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक बालक के पिता सुधीर उर्फ अंकित तिवारी ने बताया कि उनका पुत्र रचित (6 वर्ष) शुक्रवार शाम घर के बाहर दरवाजे पर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक किसी जहरीले सर्प ने उसे काट लिया। परिजन आनन-फानन में बालक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसिया ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
अमृत सरोवर में डूबने से बच्ची की मौत, बचाने कूदीं दो महिलाएं भी डूबीं
अम्बेडकरनगर के अकबरपुर-टांडा मार्ग स्थित जिलाधिकारी आवास के सामने बने अमृत सरोवर में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब के किनारे पैर फिसलने से एक 11 वर्षीय बच्ची की डूबकर मौत हो गई। बच्ची को बचाने के लिए तालाब में कूदीं दो महिलाएं भी डूबने लगीं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हादसे की जानकारी होने पर जिलाधिकारी ईशा प्रिया भी तत्काल मौके पर पहुंची और पूरी जानकारी ली।
जिलाधिकारी आवास के पास स्थित सैदपुर गांव निवासी रूही पुत्री जितेंद्र (11) सुबह भैंस चराने गई थी। बताया जाता है कि जिलाधिकारी आवास के पास स्थित अमृत सरोवर के किनारे भैंस को हटाने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में जा गिरी। देखते ही देखते बच्ची गहरे पानी में डूबने लगी। बच्ची को डूबता देख गांव की सुंदर देवी पत्नी संतराम और सिताब देवी पत्नी रामलाल ने साहस दिखाते हुए उसे बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। हालांकि बच्ची को बचाने के प्रयास में दोनों महिलाएं खुद भी डूबने लगीं। स्थानीय लोगों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों महिलाओं को बाहर निकाला।
एक ही रात दो घरों में चोरी से दहशत, 15–17 लाख के जेवर-नकदी ले उड़े चोर
बहराइच जिले के बौंडी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात हुई चोरी की वारदात ने ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अज्ञात चोरों ने एक ही इलाके में दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पार कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। गुंजौली खुर्द निवासी पीड़ित सौरभ सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात परिवार भोजन करने के बाद रोज की तरह सो गया था।
शनिवार तड़के करीब चार बजे जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, डेढ़ लाख नगदी, साड़ियां और बच्चों के कपड़े लेकर फरार हो चुके थे। पीड़ित का दावा है कि चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 15 से 17 लाख रुपये है।
कालेराम मंदिर में स्थापित है श्रीरामजन्म भूमि का प्राचीन विग्रह
अयोध्या में श्रीरामजन्म भूमि में विराजमान रामलला के दिव्य मंदिर का निर्माण हो रहा है और 22 जनवरी 2024 को रामलला नवीन मंदिर में प्रतिष्ठित हो गये। इसके पहले अयोध्या के पुनरुद्धार के क्रम में श्रीरामजन्म भूमि स्थल पर उज्जैन नरेश महाराज विक्रमादित्य की ओर से बनवाए गये जिस मंदिर को मुगल आक्रांताओं ने ध्वस्त किया था। उसी मंदिर में तत्कालीन समय के भगवान के मूल विग्रह स्वर्गद्वार मोहल्ले में स्थित महाराष्ट्रीयन परम्परा के कालेराम मंदिर में विराजमान है।
कालेराम मंदिर के इतिहास में इस तथ्य को दर्शाया गया है जिसका खंडन कभी शोधकर्ताओं व इतिहासकारों ने नहीं किया । इस बारे मंदिर के व्यवस्थापक गोपाल राव देशपांडे कहते हैं महाराज विक्रमादित्य ने श्रीरामजन्म भूमि के साथ पांच मंदिरों का निर्माण कराया था। इन सभी मंदिरों में भगवान के विग्रह एक ही प्रकार के पाषाण खंड में निर्मित है।
पुलिस और सशस्त्र सीमा बल ने संयुक्त रूप से किया योग कार्यक्रम, पुलिस-पब्लिक समन्वय पर जोर
बलरामपुर में कोतवाली जरवा पुलिस व सशस्त्र सीमा बल कोयलाबास 9वीं वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में सशस्त्र सीमा बल परिसर में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस-पब्लिक समन्वय को सुदृढ़ करना तथा सीमावर्ती गांवों में शिक्षा, खेल एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। थानाध्यक्ष कोतवाली जरवा योगेश प्रताप सिंह सहित थाना जरवा के पुलिसकर्मी, सशस्त्र सीमा बल के अधिकारी एवं जवान, ग्राम प्रधान मोहकमपुर तथा क्षेत्र के अनेक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान युवाओं को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही अवैध तस्करी एवं अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु जनसहभागिता बढ़ाने पर बल दिया गया।
अयोध्या में अघोषित बिजली कटौती से गर्मी में बिलबिलाए लोग
अयोध्या तापमान 42 डिग्री और बिजली की अघोषित कटौती श्री राम नगरी बेहाल है। अयोध्या धाम हमारा अयोध्या के जुड़वा शहरों में विभिन्न क्षेत्र बिजली कटौती से कराह रहे हैं। सबसे अधिक शहर का नियम विद्युत केंद्र से जुड़ा क्षेत्र बिजली संकट की मार झेल रहा है। विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत टकराही बाजार, तेली टोला मोहल्ले में तो अब केबल जलने से कई घंटे बिजली कटने के चलते लोग गर्मी में बिलबिला उठे। करीब 15 हजार की आबादी को पूरी रात कटौती से परेशान होना पड़ा।
बीती रात लगभग एक बजे तेली टोला मैं एबी केबिल जल जाने के कारण नियावा फीडर का शटडाउन हो गया। क्षेत्र में करीब 45 मिनट तक बिजली गुल रही। रात तीन बजे ककरही बाजार तिराहा के पास एबी केबिल में आग लग जाने के कारण नियावा फीडर का शट डाउन हो गया जिसके कारण लगभग 30 मिनट बिजली आपूर्ति बंद रही।
पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से बीएससी नर्सिंग छात्राओं ने मरीजों को किया स्वास्थ्य के प्रति जागरूक
बहराइच में एसकेएस कॉलेज सबलापुर के बीएससी नर्सिंग द्वितीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने शहर स्थित बद्री प्रसाद मेमोरियल अस्पताल में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन कर मरीजों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित जीवनशैली और स्वच्छता को अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रा दीपिका शुक्ला ने शरीर में विटामिन की कमी से होने वाले रोगों और उनसे बचाव के लिए आवश्यक पोषक आहार की जानकारी दी।
वहीं छात्रा खुशी ने कब्ज की समस्या, उसके कारण, लक्षण और बचाव के उपाय बताते हुए पर्याप्त पानी पीने, संतुलित भोजन और नियमित दिनचर्या अपनाने पर जोर दिया। छात्रा हर्षिका ने व्यक्तिगत एवं सामाजिक स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ जीवन के लिए साफ-सफाई को आवश्यक बताया।
बदहाल बिजली व स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सीएम से मिले पूर्व सांसद
बलरामपुर जिले में बदहाल बिजली व स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होनें सीएम से भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती बंद करने व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की है। दोनों मांगो पर सीएम ने पूर्व सांसद को सकारात्मक आश्वासन दिया है।
पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने बताया की गर्मी के प्रचंड रूप लेते ही उनके संसदीय क्षेत्र बलरामपुर और श्रावस्ती जिले की बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई। कभी अनुरक्षण कार्य के नाम पर तो कभी लोकल फाल्ट के नाम पर मुख्यालय सहित अन्य क्षेत्रो की घंटो बिजली काटी जा रहीं है। लो वोल्टेज की समस्या गर्मी में आम बात हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में चार घंटे से अधिक बिजली नहीं मिल पा रही है।
डीएम आवास के सामने तालाब में दो महिलाएं डूबीं, मचा हड़कंप
अम्बेडकरनगर में अकबरपुर-टांडा रोड स्थित जिलाधिकारी आवास के सामने बने तालाब में शुक्रवार सुबह दो महिलाओं के डूबने से खलबली मच गई घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। डीएम ईशा प्रिया भी तत्काल मौके पर पहुंची।
बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं तालाब में कैसे पहुंचीं, इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। आशंका जताई जा रही है कि महिलाएं खुद तालाब में कूदीं या किसी काम से वहां गई थीं और हादसे का शिकार हो गईं।
हाइवे पर महिला से छिनैती की कोशिश, विरोध पर सिर फूटा
अयोध्या में पटरंगा थाना क्षेत्र में बाइक सवार स्नेचरों द्वारा हाइवे पर एक महिला से छिनैती की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाशों ने महिला की चेन छीनने का प्रयास किया और विरोध करने पर उन्हें सड़क पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
गनौली गांव निवासिनी मिथलेश पांडेय (45) पत्नी ओमप्रकाश पांडेय शुक्रवार की देर शाम अपने भतीजे अंशू के साथ हाजीपुर बरसेंडी स्थित अपने मायके से घर लौट रही थीं। उनकी बाइक पटरंगा थाना क्षेत्र के चौहान पुरवा निकट पहुंचने पर सुनसान देख बाइक सवार तीन बदमाश ओवरटेक करते हुए उनके पास पहुंचे। आरोप है कि बदमाश महिला के गले से चेन छीनने का प्रयास करने लगे। महिला ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी का हाथ पकड़ लिया और विरोध किया। बदमाशों ने उन्हें धक्का दे दिया जिससे वे सड़क पर गिर पड़ीं। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई।
पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामिया समेत दो गिरफ्तार
स्थानीय जहांगीरगंज पुलिस और गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपए के इनामिया अपराधी के बीच आधी रात को हुई मुठभेड़ में गैंगस्टर के अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गौकशी के एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से पुलिस ने एक बिना नंबर की बाइक व एक तमंचा एक खाली व एक जीवित कारतूस भी बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ तेजवीर सिंह के अनुसार शुक्रवार की आधी रात को जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के नरियांव सिकंदरपुर रोड पर तिलकटंडा गांव के पास जहांगीरगंज पुलिस व जिले की स्वाट टीम द्वारा संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई पड़े तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया।
गोलीकांड की जांच में जुटी पुलिस
अम्बेडकरनगर में हंसवर थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय बालिका को गोली मारने की घटना के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है। हंसवर थानाध्यक्ष अभिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करके उस अवैध तमंचे को भी बरामद कर लिया गया था, जिससे बच्ची को गोली मारी गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति बनी, जिसके चलते आरोपी ने मासूम किशोरी को गोली मार दी।
थानाध्यक्ष हंसवर अभिनेश कुमार ने बताया कि प्रकरण की हर पहलू से जांच कराई जा रही है। पुलिस आरोपी और पीड़ित परिवार के बीच पुराने विवाद, आपसी रंजिश तथा घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की जानकारी जुटा रही है। वहीं घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल अब शांत दिख रहा है।
बाग में बुलाकर दलित युवक और उसके चाचा की पिटाई , पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज
अम्बेडकरनगर में हंसवर थाना क्षेत्र के रामपुर बेनीपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दलित युवक और उसके चाचा को दबंगों ने एक राय होकर हमलावर होते हुए जबरदस्त मारपीट किया। जिससे दलित युवक को काफी गंभीर चोट आई उसका सिर फट गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पांच नामजद दबंग आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर, चार आरोपियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की है।
रामपुर बेनीपुर निवासी अंबेश कुमार पुत्र अंगद ने हंसवर थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 21 मई की रात करीब 8:15 बजे उसके मोबाइल पर फोन आया और उसे गांव के पास स्थित बाग में बुलाया गया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट शुरू कर दी।
तेज रफ्तार कार की टक्कर से सड़क पार कर रही महिला की मौत
सीतापुर में लहरपुर इलाके में शुक्रवार रात सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार कार सवार ने रौंद दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, हादसे के बाद कार चालक फर्राटा भरते हुए भाग निकला।
केसरीगंज निवासी पार्वती (50) शुक्रवार रात में किसी काम से बाजार गई थी। पार्वती रमना फार्म के पास सड़क पार कर रहीं थी तभी रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से पार्वती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा देख अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों को जुटता देख कार चालक मौके से भाग निकला।
बिजली न होने पर घर के बाहर सो रहे पिता समेत तीन बच्चों को डंपर ने रौंदा, मौके पर मौत
बाराबंकी में भीषण गर्मी और बिजली कटौती के चलते घर के बाहर सड़क किनारे सो रहा एक परिवार तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गया। फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा पुरवा गांव में शुक्रवार की रात लगभग दो बजे हुए इस हादसे में पिता और उसके तीन बच्चों की मौके पर मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम और चीख-पुकार का माहौल है।
घटना के बाद डंपर छोड़कर चालक फरार हो गया। घायल महिला को सीएचसी फतेहपुर ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। डंपर चालक की तलाश की जा रही है।
सो रही बच्ची को तेंदुए ने खींचकर किया घायल, गम्भीर
कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ककरहा रेंज अंतर्गत ककरहा गांव में एक बच्ची को तेंदुए जबड़े में दबाकर खींचने लगा। बच्ची उस समय सो रही थी, चीख की आवाज पर घर वाले दौड़े तो वह छोड़कर निकल गया। बच्ची के सिर को जबड़े में दबाया था इससे गम्भीर जख्मी हो गई है। उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
ककरहा गांव निवासी चुन्नू की पुत्री साइमा आंगन में अपनी मां के पास सो रही थी। अचानक घर के पास स्थित जंगल से निकलकर रात दो बजे तेंदुआ आंगन में आ गया। और मच्छरदानी पर झपटा। बच्ची को तो जबड़े में दबा ले गया। चीख पर परिजनों की आखं खुली देखा की तेंदुआ साइमा को जबड़े में दबाकर ले जा रहा है। चुन्नू तथा पड़ोसियों के शोर मचाने पर लोग दौड़े बच्ची को किसी तरह तेंदुआ छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।
पेड़ की डाल से लटका मिला युवक का शव
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के बौंड़ी थाने के नौबस्ता गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई। जब एक युवक का शव उसके घर से करीब 100 मीटर दूर पेड़ की डाल से गमछे के फंदे के सहारे लटकता मिला। घटना की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया। मृतक की पहचान इसी गांव निवासी रामकेत (38) पुत्र रामकिशुन के रूप में हुई है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने पेड़ की डाल से शव उतरवाया। पुलिस की तहकीकात में पता चला कि रामकेत का मानसिक संतुलन कुछ समय से ठीक नहीं रहता था। वह नशे की लत से भी जूझ रहा था। मृतक के चचेरे भाई अमिरका प्रसाद ने बताया कि शनिवार सुबह परिवार को घटना की जानकारी हुई। घर से कुछ दूरी पर जाकर देखा गया तो रामकेत का शव पेड़ की डाल से लटका मिला।
UP Weather: दिन में धूप और रात में गर्म हवाएं कर रहीं बेहाल, दो दिन बाद और बढ़ेगी तपिश
यूपी में प्रचंड धूप, गर्म हवाओं ने शुक्रवार को भी 25 शहरों को झुलसाया। बांदा 46.4 और प्रयागराज 46.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहे। मौसम विभाग ने चार जिलों के लिए रेड, 18 के लिए ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: दिन में धूप और रात में गर्म हवाएं कर रहीं बेहाल, दो दिन बाद और बढ़ेगी तपिश
UP Weather: यूपी का बांदा देश में सबसे गर्म, गर्मी में दिनभर फ्री रहेंगे ट्रैफिक सिग्नल
यूपी के बांदा का तापमान देशभर में सबसे ज्यादा है। इसको लेकर जिला प्रशासन की ओर से आमजन को राहत दिलाने के लिए कई प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: यूपी का बांदा देश में सबसे गर्म, गर्मी में दिनभर फ्री रहेंगे ट्रैफिक सिग्नल
बात सीट की नहीं, जीत की है; अखिलेश के 403 सीटों वाले बयान ने कांग्रेस की बढ़ाई धड़कन
राहुल गांधी के दो दिवसीय अमेठी-रायबरेली दौरे से वापसी के बाद अखिलेश यादव का 403 सीटों पर मुस्तैदी वाला बयान चर्चा का विषय बना हुआ है। सपा प्रमुख ने अपने बयान में जिस तरह कहा है कि बात सीट की नहीं, जीत की है, उसे कांग्रेस के लिए एक संकेत माना जा रहा है कि गठबंधन के बॉस वही होंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें: बात सीट की नहीं, जीत की है; अखिलेश के 403 सीटों वाले बयान ने कांग्रेस की बढ़ाई धड़कन
दो बच्चों की मां ने मुस्लिम प्रेमी संग मिलकर पति को जलाया, चारपाई से बांधकर लगाई आग
सिद्धार्थनगर में एक महिला ने गुरुवार रात दूसरे धर्म के कथित प्रेमी संग मिलकर घर में पति को चारपाई से बांधकर मिट्टी का तेल डालकर आग के हवाले कर दिया। पिता और पड़ोसियों ने किसी तरह आग बुझाई। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: दो बच्चों की मां ने मुस्लिम प्रेमी संग मिलकर पति को जलाया, चारपाई से बांधकर लगाई आग
लखनऊ में बिजली संकट! उपकेंद्रों पर बवाल, कहीं जेई को बनाया बंधक तो कहीं पीड़ितों पर कार्रवाई
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गर्मी के चलते बिजली संकट हो गया है। वहीं, वर्टिकल व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर और न ही एबीसी केबल बिजली का लोड ले पा रहे हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें: लखनऊ में बिजली संकट! उपकेंद्रों पर बवाल, कहीं जेई को बनाया बंधक तो कहीं पीड़ितों पर कार्रवाई
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play