दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग ने फूको पेंडुलम को आधुनिक तकनीक से ऑनलाइन कर दिया है।
प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
फूको पेंडुलम अब इंटरनेट पर लाइव उपलब्ध है।
पृथ्वी की घूर्णन गति को प्रत्यक्ष देखा जा सकेगा।
छात्रों को प्रयोग और शोध का अवसर मिलेगा।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। धरती अपनी धुरी पर घूमती है, लेकिन इस गति को प्रत्यक्ष रूप से महसूस करना संभव नहीं। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग में लगा फूको पेंडुलम अब इस वैज्ञानिक सच को आंखों के सामने जीवंत करेगा।
विभाग ने 12 मीटर लंबे और 26 किलोग्राम वजनी गोले वाले इस पेंडुलम को आधुनिक तकनीक से जोड़कर आनलाइन कर दिया है। अब इसकी हर हलचल इंटरनेट पर देखी जा सकेगी।
पेंडुलम के झूलने की गति से लेकर आवर्तकाल, आवृत्ति और गुरुत्वीय त्वरण तक के आंकड़े लाइव उपलब्ध होंगे। खास बात यह है कि इसे इस तरह तैयार किया गया है कि यह बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के लगातार झूलता रहेगा।
गोले में लगाया गया नियोडिमियम चुंबक
पेंडुलम को लगातार झूलते रहने के लिए विभाग ने विशेष स्वचालित व्यवस्था विकसित की है। गोले के निचले हिस्से में शक्तिशाली नियोडिमियम चुंबक लगाया गया है। फर्श पर उसके ठीक नीचे हाल सेंसर स्थापित किया गया है। गोला जैसे ही केंद्र से गुजरता है, सेंसर माइक्रोकंट्रोलर को संकेत भेजता है।
माइक्रोकंट्रोलर 35 मिलीसेकंड के अंतराल के बाद मास्फेट स्विच के माध्यम से काइल को कुछ मिली सेकंड के लिए सक्रिय करता है। इससे चुंबकीय बल के रूप में मिलने वाला हल्का धक्का हवा के घर्षण से नष्ट हुई ऊर्जा की भरपाई करता है। इस तरह पेंडुलम की गति बनी रहती है और उसे बार-बार हाथ से चलाने की जरूरत नहीं पड़ती।
तकनीकी व्यवस्था की दूसरी खासियत इसका आनलाइन निगरानी तंत्र है। माइक्रो कंट्रोलर प्रत्येक झूले का सटीक समय कंप्यूटर को भेजता है। विभाग की ओर से तैयार वेब पेज पर आवर्तकाल, आवृत्ति और गुरुत्वीय त्वरण का मान ग्राफ के साथ लाइव दिखाई देता है। हर पांच मिनट में आंकड़े गूगल शीट और कंप्यूटर की एक्सेल फाइल में स्वत: सुरक्षित हो जाते हैं। इससे लंबे समय तक पेंडुलम के व्यवहार का तुलनात्मक अध्ययन भी किया जा सकेगा।
27 नवंबर को किए गए 10 मिनट के पहले परीक्षण में पेंडुलम 181 बार केंद्र से गुजरा। इसका आवर्तकाल 6.906 सेकंड और आवृत्ति 0.1448 हर्ट्ज दर्ज की गई। इन आंकड़ों से गुरुत्वीय त्वरण का मान 9.93 मीटर प्रति सेकंड वर्ग प्राप्त हुआ, जो मानक मान 9.81 के लगभग एक प्रतिशत के दायरे में है।
विभाग अब झूले की दिशा मापने की तकनीक विकसित कर इस घुमाव को सीधे दर्ज करने की तैयारी कर रहा है। पेंडुलम के साप्ताहिक और मासिक आंकड़े भी संकलित किए जाएंगे। इसे एमएससी के प्रायोगिक पाठ्यक्रम में शामिल करने की योजना है।
फ्रांसीसी वैज्ञानिक लियों फूको ने वर्ष 1851 में पेरिस में इसी तरह के पेंडुलम से पहली बार प्रदर्शित किया था कि पृथ्वी अपनी धुरी पर घूमती है। पेंडुलम का झूलने वाला तल धीरे-धीरे घूमता दिखाई देता है, जबकि वास्तव में पेंडुलम का तल लगभग स्थिर रहता है और उसके नीचे पृथ्वी घूमती है। यही प्रयोग पृथ्वी के घूर्णन का प्रत्यक्ष वैज्ञानिक प्रमाण प्रस्तुत करता है।
फूको पेंडुलम को आनलाइन और स्वचालित बनाना विद्यार्थियों को प्रयोग के माध्यम से भौतिकी की जटिल अवधारणाएं समझाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। अब विद्यार्थी पृथ्वी के घूर्णन के सिद्धांत को केवल किताबों में नहीं पढ़ेंगे, बल्कि पेंडुलम की गतिविधि और उससे प्राप्त होने वाले वास्तविक आंकड़ों को भी देख सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को प्रयोगों के साथ आंकड़ों के विश्लेषण और शोध का अवसर मिलेगा। -प्रो. राकेश तिवारी, अध्यक्ष, भौतिक विज्ञान विभाग, गोवि।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।