इमेज स्रोत, Reuters
इमेज स्रोत, Jacek Boczarski/Anadolu via Getty Images
अमेरिका में क़रीब चार घंटे तक विमान सेवाएं ठप रहने के बाद उड़ानों पर लगी रोक हटा ली गई है. व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि लाखों अमेरिकियों को प्रभावित करने वाली उड़ानों पर लगी रोक हटा दी गई है.
हालांकि, परिवहन मंत्री सीन डफी ने पत्रकारों को बताया कि उड़ानों पर रोक के कारण अन्य उड़ानों पर भी इसका असर पड़ा है और आने वाले कई दिनों तक समस्याएं जारी रह सकती हैं.
डफी ने पत्रकारों को बताया कि सिस्टम को दोबारा पूरी तरह से चालू होने में समय लगेगा, लेकिन अमेरिका में लोकप्रिय थैंक्सगिविंग यात्रा अवकाश से पहले सिस्टम अपनी पूरी क्षमता के साथ काम करने लगेगा.
डफी और होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के मंत्री मार्कवेन मुलिन ने उड़ानों पर रोक के लिए पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस से पर्याप्त फंडिंग नहीं मिलने के कारण इन सिस्टम को अपडेट नहीं किया गया है.
मुलिन ने चेतावनी दी कि परिवहन व्यवस्था में "पूर्ण बदलाव" किए बिना आज जैसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं.
इससे पहले अमेरिका में एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में आई समस्या के कारण देशभर में उड़ानों को रोक दिया गया था.
अमेरिका में राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड के पूर्व प्रमुख ने कहा कि 11 सितंबर, 2001 के हमलों के बाद से अमेरिका में उड़ानों का इतना व्यापक निलंबन कभी नहीं हुआ.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ॉक्स न्यूज़ से कहा कि ऐसा नहीं लगता कि यह समस्या किसी साइबर हमले या एआई के कारण हुई है.
समाप्त
बीबीसी के अमेरिकी मीडिया पार्टनर सीबीएस न्यूज से बात करते हुए रॉबर्ट एल. सुमवाल्ट ने कहा, ''यह हैरान करने वाली बात है कि आज के दौर में भी ऐसा हो सकता है.''
अमेरिका की गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने कहा कि इस घटना के पीछे अमेरिका पर किसी हमले का संकेत नहीं है और सभी लोग सुरक्षित हैं.
इस बीच एयर कनाडा ने कहा है कि कनाडा और अमेरिका के बीच सभी उड़ानें शुक्रवार शाम तक रद्द कर दी गई हैं.
इमेज स्रोत, Himanshu Sharma/NurPhoto via Getty Images
अमेरिका में एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल के संचार सिस्टम में आई ख़राबी के बाद एयर इंडिया ने भी अपने यात्रियों के लिए सलाह जारी की.
एयरलाइन ने एक्स पोस्ट ने कहा कि इसका असर अमेरिका के अलग-अलग हवाई अड्डों से रवाना होने वाली उड़ानों पर पड़ रहा है.
अमेरिका में एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में आई समस्या के कारण देशभर में उड़ानों को रोक दिया गया था.
एयर इंडिया के मुताबिक़, इस वजह से अमेरिका आने-जाने वाली उसकी उड़ानों पर भी असर पड़ सकता है.
एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान का करंट स्टेटस ज़रूर देख लें.
एयर इंडिया ने कहा है कि उसकी टीमें स्थिति पर लगातार नज़र रख रही हैं और आगे की जानकारी मिलने पर यात्रियों को अपडेट दिया जाएगा.
इमेज स्रोत, Shawn Thew/EPA/Bloomberg via Getty Images
इस बीच व्हाइट हाउस में मार्कवेन मुलिन ने लोगों को भरोसा दिलाते हुए बार-बार कहा कि यह 'एक और 9/11' जैसी घटना नहीं है.
इससे पहले अमेरिकी विमानन अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सभी उड़ानों को रोकने का आदेश दिया था. उन्होंने इसे 'असाधारण हालात' बताया.
व्हाइट हाउस की प्रेस ब्रीफिंग में मार्कवेन मुलिन ने उन दावों को खारिज किया कि यह आउटेज माइक्रोसॉफ्ट के उस आउटेज से जुड़ा है, जिसका सामना कई लोगों को एक दिन पहले करना पड़ा था.
मुलिन ने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए अभूतपूर्व तेजी से काम कर रहा है कि सभी सुरक्षित रहें और फंसे हुए यात्रियों की मदद की जा सके.
उन्होंने आगे कहा कि आम जनता कभी ख़तरे में नहीं थी. उनके शब्दों में, "किसी की जान को कभी कोई खतरा नहीं था."
इमेज स्रोत, Joe Raedle/Getty Images
सीबीएस की रिपोर्ट में कहा गया कि नेटवर्क अपडेट के कारण कम्युनिकेशन सिस्टम में यह समस्या आई.
सीबीएस को कई सूत्रों ने बताया है कि देशभर में विमानों के उड़ान भरने पर रोक लगाने की जो तकनीकी ख़राबी वजह बनी, वह अमेरिका के एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल सिस्टम को जोड़ने वाले प्राइवेट कम्युनिकेशन नेटवर्क के अपडेट के कारण हुई.
सीबीएस के मुताबिक़, एल3हैरिस इस नेटवर्क का संचालन करती है. अपडेट के बाद नेटवर्क रीबूट हुआ और इसके बाद क्रैश हो गया.
एल3हैरिस अपनी वेबसाइट पर खुद को दुनिया के सबसे आधुनिक एयरस्पेस, हथियार प्रणालियों और कमांड एंड कंट्रोल प्लेटफ़ॉर्म के लिए कम्युनिकेशन सिस्टम उपलब्ध कराने वाली प्रमुख कंपनी बताती है.
एल3हैरिस ने बीबीसी के कमेंट के अनुरोध पर तत्काल कोई जवाब नहीं दिया है.
इस बीच ऑस्ट्रेलिया से बीबीसी संवाददाता सिमोन एट्किंसन ने बताया कि सिडनी में मौजूद देश के सबसे बड़े इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने कहा है कि अमेरिका से जुड़ी सभी उड़ानों को फ़िलहाल रोक दिया गया है.
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
आपके लिए नितिन श्रीवास्तव द्वारा चुनी गईं खास कहानियाँ
और जानें
समाप्त
बीबीसी वेरिफ़ाई के जैक होर्टन के मुताबिक़ अमेरिका में विमानों की उड़ानों पर लगी रोक की तुलना पिछली घटनाओं से की जा रही है.
अमेरिका में देशव्यापी ग्राउंड स्टॉप को लेकर हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने बार-बार कहा कि यह घटना 9/11 जैसी नहीं है.
बीबीसी वेरिफ़ाई ने क्रैनफील्ड यूनिवर्सिटी में एविएशन एंड एनवायरनमेंट के एसोसिएट प्रोफ़ेसर डॉक्टर गाइ ग्रैटन से बात की.
उन्होंने कहा, "यह 9/11 के बाद की सबसे गंभीर घटना लग रही है, लेकिन स्पष्ट रूप से उस स्तर की नहीं है."
ऐसी ही घटनाओं के बारे में पूछे जाने पर डॉक्टर ग्रैटन ने साल 2023 में अमेरिका में हुई उस घटना का जिक्र किया, जब नोटिस टू एयर मिशन्स (NOTAM) सिस्टम में ख़राबी के कारण उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी.
उन्होंने कहा, "वह स्थिति 1 घंटे 52 मिनट तक रही थी. इस दौरान क़रीब 9,500 उड़ानों में देरी हुई और लगभग 1,300 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं."
इस सिस्टम में ख़राबी के कारण हवाई यातायात से जुड़े सुरक्षा नोटिस जारी नहीं किए जा सके थे. सिस्टम के दोबारा चालू होने तक उड़ानों पर रोक लगी रही.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.