Shreeom Singh
Date: 24-11-26 10:33
उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. यहां सड़क किनारे खड़ी स्कूल बस को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी. इस हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हो गए. हादसे के समय बस में 50 छात्र और 6 शिक्षक सवार थे. सभी बच्चे पिकनिक मनाकर लौट रहे थे.
जानकारी के मुताबिक, स्कूल बस आगरा से कौशाम्बी जा रही थी. इसी दौरान ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 209 किलोमीटर पर यह हादसा हो गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार कई बच्चे घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है.
हादसे की जानकारी मिलते ही कन्नौज के डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और एसपी विनोद कुमार अस्पताल पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने वहां भर्ती घायल बच्चों का हाल जाना और उनके इलाज की जानकारी ली.
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
कन्नौज में हुए इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों के प्रति दुख जताया है.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही मृतक बच्चों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हर संभव मदद देने को कहा है. सीएम योगी ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है.
प्रयागराज में स्कॉर्पियो की टक्कर से पति-पत्नी की मौत
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी. हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान 46 वर्षीय दयाराम विश्वकर्मा और उनकी 43 वर्षीय पत्नी बबीता विश्वकर्मा के रूप में हुई है.
यह हादसा मेजा थाना क्षेत्र के कोटहा गांव के पास हाईवे पर हुआ. दोनों मिर्जापुर जिले के जिगना थाना क्षेत्र के रहने वाले थे. वे मेजा के लोटाढ़ गांव में अधिवक्ता संतोष विश्वकर्मा के घर आए थे. वहां से वापस लौटते समय उनकी बाइक स्कॉर्पियो की चपेट में आ गई.
हादसे में पति-पत्नी की मौत के बाद स्थानीय लोग गुस्से में आ गए. नाराज ग्रामीणों ने मौके पर कई गाड़ियों पर पथराव किया. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाकर शांत कराया.
भारत 24 लाइव — भारत का विश्वसनीय हिंदी समाचार पोर्टल। ताज़ा खबरें, विश्लेषण, वीडियो।
लाइव भारत 24 ऐप डाउनलोड करें और लाइव समाचार देखें