आजम खान के लिए राहतों का मंगलवार, पहले सुप्रीम फिर हाई कोर्ट से आई खबर; मिली अंतरिम जमानत – Hindustan

​प्रयागराज, विधि संवाददाता। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को मंगलवार राहतोंं वाला दिन रहा। एक ही दिन में देश के सर्वोच्च न्यायालय और इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दो अलग-अलग मामलों में उन्हें बड़ी राहत दी। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उन्हें प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत दे दी। यह आदेश न्यायमूर्ति राजीव गुप्ता और न्यायमूर्ति देवेंद्र सिंह प्रथम की खंडपीठ ने दिया। इसके पहले मंगलवार को ही फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में उन्हें सुप्रीम कोर्ट से भी बड़ी राहत मिली। शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा, जिसमें आजम खान की सजा पर रोक लगाई गई थी। साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने उनकी पत्नी तंजीम फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी यही राहत दे दी है। हाईकोर्ट ने पहले दोनों को इस राहत से वंचित रखा था।
ईडी द्वारा दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग केस में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने प्रथमदृष्टया माना कि गत 31 अक्टूबर को रामपुर जिला जेल के गेट से आज़म खान की गिरफ्तारी के दौरान संविधान के अनुच्छेद 22(1) और धन शोधन निवारण अधिनियम की धारा 19 के अनिवार्य प्रावधानों का सख्ती से पालन नहीं किया गया। हाईकोर्ट ने गाजियाबाद के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की संतुष्टि पर व्यक्तिगत मुचलका और दो जमानतदार पेश करने पर आज़म खान को अगली सुनवाई तक अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया है। कोर्ट ने ईडी को विस्तृत जवाबी हलफनामा दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है और मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को तय की है।
आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, पत्नी और बेटे की सजा पर भी लगाई रोक
​आजम खान की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपित सिब्बल और इमरान उल्लाह ने कोर्ट को बताया कि पैन कार्ड मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद गत 31 अक्टूबर की शाम जैसे ही आज़म खान रामपुर जेल से बाहर आए, ईडी ने उन्हें गेट पर ही गिरफ्तार कर लिया। याचिका में आरोप लगाया गया कि गिरफ्तारी के समय या रिमांड के लिए पेश करने से पहले उन्हें गिरफ्तारी का आधार लिखित रूप में नहीं दिया गया बल्कि अगले दिन कोर्ट रूम में सुनवाई के दौरान सौंपा गया। ईडी की ओर से अपर सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू और अधिवक्ता जोहेब हुसैन ने याचिका का विरोध करते हुए दलील दी कि आज़म खान ने जेल के बाहर दस्तावेज लेने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद पंचनामा तैयार किया गया।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने कहा कि रिकॉर्ड से यह स्पष्ट है कि गिरफ्तारी के आधार वाले दस्तावेज पर उसे तैयार करने का स्थान, तारीख और समय खाली छोड़ा गया है। 31 अक्टूबर की रात आज़म खान की बहन को भेजे गए व्हाट्सएप संदेश या ईमेल के साथ गिरफ्तारी के आधार संलग्न नहीं किए गए थे। ईडी ने स्वीकार किया कि गिरफ्तारी की वीडियोग्राफी की गई थी लेकिन ऐसा कोई वीडियो या फोटो पेश नहीं किया गया जिसमें अधिकारी उन्हें दस्तावेज देते दिख रहे हों और वे लेने से इनकार कर रहे हों। इसके अलावा एक नवंबर की रिमांड अर्जी में भी वीडियोग्राफी का कोई जिक्र नहीं था। पैन कार्ड मामले में जमानत मिलने के तुरंत बाद जेल के गेट पर हुई गिरफ्तारी कार्रवाई की दुर्भावनापूर्ण प्रकृति को रेखांकित करती है। इससे पहले आज़म खान ने सीधे सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। शीर्ष अदालत ने पांच नवंबर को मामले का रिकॉर्ड इलाहाबाद हाईकोर्ट स्थानांतरित करते हुए अंतरिम राहत की प्रार्थना पर विचार करने का अनुरोध किया था।
बता दें कि इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कल यानी सोमवार को ईडी से आजम खान की गिरफ्तारी के समय नियमों के पालन को लेकर हलफनामा दाखिल करने को कहा था। कोर्ट ने ईडी के उस संबंधित अधिकारी को हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया था जिसने आजम खान से उनके परिवार के सदस्यों के नाम देने को कहा था, ताकि उनकी गिरफ्तारी की सूचना उन्हें दी जा सके और यह स्पष्ट हो सके कि गिरफ्तारी के दौरान संबंधित नियमों का पालन किया गया था। यह आदेश न्यायमूर्ति राजीव गुप्ता और न्यायमूर्ति देवेंद्र सिंह की खंडपीठ ने आजम खान की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया था।
अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News