आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़) LIVE: खबरों के लिहाज से आज का दिन अहम है क्योंकि महाराष्ट्र चुनाव के बाद सीएम पद को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है। महायुति के घटक दलों के नेताओं की दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अमित शाह से लेकर बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक हुई थी लेकिन मुंबई में होने बैठक नहीं हो सकी है। कार्यवाहक सीएम एकनाथ शिंदे अचानक अपने गांव सतारा चले गए हैं। दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी को महाराष्ट्र चुनाव में मिली हार के बाद हुई कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हुई है, जिसमें पार्टी ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।
इसके अलावा संभल की बात करें तो यहां हिंसा और तनाव के बाद अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। एक तरफ जहां सुप्रीम कोर्ट ने निचली अदालत की सुनवाई पर रोक लगाकर मामले को हाई कोर्ट भेज दिया है और सर्वे रिपोर्ट को सीलबंद स्थिति में हाई कोर्ट देने को कहा है। जिले में इंटरनेट बहाल हो गया है। समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल आज संभल जाएगा, जिसको लेकर प्रशासन और सपा नेताओं के बीच टकराव की संभावना है।
देश-विदेश की अन्य सभी अहम खबरों के लिए जुड़े रहे जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…
उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि नियमानुसार उन्हें (प्रशासन को) मुझे नोटिस देना चाहिए था कि मैं वहां नहीं जा सकता, लेकिन कोई लिखित नोटिस नहीं दिया गया और पुलिस तैनात कर दी गई। न्याय आयोग वहां जा रहा है, मीडिया के लोग वहां जा रहे हैं, क्या हम वहां जाएंगे तो कोई अशांति होगी? यह सरकार अपने सारे काम छिपाने के लिए जानबूझकर हमें रोक रही है। संभल का कमिश्नर ‘उधारू’ कमिश्नर है।
ब्रिटेन के सांसद में एपीपीजी के अध्यक्ष बॉब ब्लैकमैन ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित हमलों को लेकर संसद के निचले सदन हाउस ऑफ कॉमन्स में चिंता जताई है। उन्होंने संसद सत्र के दौरान उत्तरी लंदन में हैरो ईस्ट के सांसद ब्लैकमैन ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के कथित उत्पीड़न और हिंदू नेता चिन्मय कृष्ण दास को जेल भेजने की भी निंदा की।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और नवनिर्वाचित कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा आज वायनाड के दौरे पर होंगे। इस दौरान दोनों नेता एक बड़ी रैली संबोधित करेंगे।
हिंसा प्रभावित संभल जाने को लेकर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधि मंडल प्रशासन से भिड़ गया है। सपा नेताओं को प्रशासन द्वारा उनके घरों और गृह जनपदों में ही रोकने का प्रयास किया जा रहा है। यूपी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे के लखनऊ स्थित आवास के बाहर पुलिस फोर्स तैनात है।
बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान को एक-दूसरे की धरती पर क्रिकेट खेलना चाहिए। ऐसे मामलों में राजनीति नहीं होनी चाहिए। अगर पीएम मोदी पाकिस्तान जा सकते हैं तो दोनों देशों की क्रिकेट में क्या बुराई है।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में चुनावी प्रक्रिया पर उठाए गए सवालों के बाद बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ईवीएम की बजाए हमें बैलेट पेपर पर ही जाना होगा उन्होंने कहा कि अब बीच का कोई रास्ता ही नहीं है।
आज की ताजा खबर LIVE: कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति ने चुनावी प्रदर्शन और संगठनात्मक मामलों पर विचार के लिए आंतरिक समितियों के गठन का फैसला किया है।
सीडब्ल्यूसी के प्रस्ताव में अदाणी मुद्दे, मणिपुर की स्थिति, उत्तर प्रदेश समेत अन्य जगहों पर ‘सांप्रदायिक तनाव भड़काने के लिए भाजपा द्वारा व्यवस्थित प्रयास’ का जिक्र। प्रस्ताव में सीडब्ल्यूसी ने उपासना स्थल अधिनियम, 1991 की मूल भावना के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई है।
इसके अलावा प्रस्ताव में कहा गया है कि महाराष्ट्र में चुनावी नतीजे सामान्य समझ से परे, यह स्पष्ट रूप से लक्षित हेरफेर का मामला प्रतीत होता है। सीडब्ल्यूसी का मानना है कि पूरी चुनावी प्रक्रिया की शुचिता से गंभीर समझौता किया जा रहा है। इसमें यह भी कहा गया है कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के संबंध में निर्वाचन आयोग की पक्षपातपूर्ण कार्यप्रणाली के कारण गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
आज की ताजा खबर LIVE: गाजियाबाद के वेव सिटी पुलिस द्वारा तस्करों के कब्जे से जब्त किए गए दो पिंजड़ों में कैद करीब 200 तोते शुक्रवार को यहां राजनगर एक्सटेंशन के वन क्षेत्र में पिंजड़े से आजाद कर दिए गए। ये तोते पशु कल्याण के लिए काम करने वाले संगठन ‘पीपुल फॉर एनिमल ऑर्गेनाइजेशन’ (पीएफए) के अधिकारी गौरव गुप्ता की शिकायत पर जब्त किए गए थे।
आज की ताजा खबर LIVE: हरियाणा के जींद जिले के जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस की विधायक और ओलंपियन विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया पर वायरल हुये ‘लापता विधायक की तलाश’ संबंधी पोस्टर मामले में कहा कि वह क्षेत्र में ही हैं और जिंदा हैं तथा गुमशुदा नहीं हैं। विनेश ने कहा, ‘‘मैं जुलाना में ही हूं, जिंदा हूं और कहीं गुमशुदा नहीं हूं। मैं अपनों के बीच रही हूं और अपनों के बीच ही रहूंगी। एक महीने में कोई गुमशुदा नहीं हो जाता।’’
आज की ताजा खबर LIVE: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि लगातार हो रही चुनावी हार ने विपक्षी दलों के भीतर इतना गुस्सा भर दिया है कि वह अब देश के खिलाफ ‘साजिश’ करने में जुट गए हैं और अपना गुस्सा जनता पर ही निकालने लगे हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि विपक्षी दलों का एकमात्र मकसद किसी तरह देश की जनता को गुमराह कर सत्ता पर कब्जा करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजों ने पार्टी कार्यकर्ताओं में विश्वास भर दिया है और यही भाजपा की विशेषता भी है।
आज की ताजा खबर LIVE: उत्तर प्रदेश के संभल में विवादित जामा मस्जिद परिसर में सर्वेक्षण के दौरान भड़की हिंसा से संबंधित जानकारी लेने के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) का 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शनिवार को संभल जाएगा। सपा की ओर से शुक्रवार को यह जानकारी दी गई। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने शुक्रवार को बताया कि पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को संभल जाएगा और वहां हुई हिंसा की विस्तृत जानकारी लेकर रिपोर्ट पार्टी प्रमुख को सौंपेगा। वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पीटीआई-भाषा को बताया कि दो दिसंबर को संभल मामले की जानकारी हासिल करने के लिए कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल वहां जाएगा।
आज की ताजा खबर LIVE: चित्तौड़गढ़ में पुलिस ने एक कार से चंदन की 115 किलोग्राम लकड़ी बरामद कर तस्करी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि एक कार से चंदन की 115 किलोग्राम लकड़ी जब्त की गई तथा इसकी तस्करी के आरोप में मोइनुद्दीन शेख (23) और शाहरुख शेख को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में जारी एक बयान में कहा गया कि पुलिस टीम ने कोटा-उदयपुर राजमार्ग पर नाकाबंदी की थी। इसमें कहा गया कि इस दौरान कोटा की तरफ से आई एक कार के चालक को रुकने का इशारा किया गया तो उसने नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया।
आज की ताजा खबर LIVE: दिल्ली विधानसभा के पांच साल के कार्यकाल के अंतिम सत्र के पहले दिन शुक्रवार को बस मार्शलों को हटाने के मुद्दे पर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि मार्शलों को बहाल करने का प्रस्ताव उपराज्यपाल के पास लंबित है। इस मुद्दे पर चर्चा में भाग लेते हुए आतिशी ने कहा कि अगर उपराज्यपाल वी के सक्सेना 10,000 बस मार्शलों की बहाली के प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए राजी हो जाएं तो आम आदमी पार्टी (आप) रोहिणी विधानसभा सीट से विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता के खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं उतारेगी। हल्के-फुल्के अंदाज में मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि गुप्ता प्रस्ताव उपराज्यपाल से स्वीकृत करा देते हैं तो वह चुनाव में उनके लिए प्रचार करेंगी।
आज की ताजा खबर LIVE: सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. बाबा आढाव ने चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के इस्तेमाल को धोखाधड़ी बताते हुए इसके खिलाफ पुणे में आंदोलन शुरू किया है। नब्बे वर्षीय कार्यकर्ता आढाव ने बृहस्पतिवार को पुणे में नामी समाज सुधारक ज्योतिबा फुले के निवास फुले वाडा में अपना तीन दिवसीय प्रदर्शन शुरू किया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘‘विधानसभा चुनाव के नतीजों पर पैसे और ईवीएम के इस्तेमाल से फर्क पड़ा है। वोटिंग प्रतिशत के आंकड़े लगातार बदल रहे हैं। चुनाव में ईवीएम का इस्तेमाल एक धोखा है।’’
आज की ताजा खबर LIVE: ओडिशा में पिछले दो दिन में आलू की कीमतों में वृद्धि दर्ज की गई है क्योंकि पश्चिम बंगाल ने राज्य में रसोई की आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पर प्रतिबंध लगा दिया है। व्यापारियों ने यह जानकारी दी। आलू से लदे सैकड़ों ट्रक ओडिशा-बंगाल सीमा के पास खड़े हैं क्योंकि बुधवार रात से वाहनों को अंतरराज्यीय सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी गई है। इनमें से कई ट्रक अपने मूल स्थान पर लौट आए हैं क्योंकि आलू खराब हो सकते हैं। व्यापारियों ने कहा कि पहले ओडिशा के बाजारों में 30 रुपये से 33 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बिक रहा आलू अब खुदरा बाजारों में 40 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है।
दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ महायुति नेताओं की बैठक पर बीजेपी नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले चर्चा होती है जिसमें समाधान खोजने की दिशा में बातचीत होती है। सरकार गठन और सीएम चेहरे पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महायुति और महाराष्ट्र से होंगे। मुख्यमंत्री महाराष्ट्र को आगे ले जाएंगे और छत्रपति शिवाजी महाराज के संकल्प को पूरा करेंगे…यह 20 वर्षों में महाराष्ट्र सरकार का सबसे तेज शपथ ग्रहण समारोह होगा।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सीसामऊ में सुरेश खन्ना के नेतृत्व में पार्टी ने मजबूती से काम किया। चुनाव के आखिरी चरण तक भी कोई नहीं कह सकता था कि भाजपा यहां हारेगी। हम महज 7000-8000 वोटों से हारे, जबकि पहले यह संख्या काफी ज्यादा होती थी। हम इस संख्या को काफी हद तक कम करने में सफल रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि कोई भी सफलता हमें आगे बढ़ने और बड़ी चीजें हासिल करने के लिए प्रेरित करती है। लेकिन, असफलताएं हमारा ध्यान इस ओर खींचती हैं कि क्या सुधारने की जरूरत है और इसे एक अवसर के रूप में स्वीकार करना चाहिए… अगर हम प्रयास करते रहेंगे तो 2027 में उत्तर प्रदेश में फिर से कमल खिलेगा।
सुप्रीम कोर्ट द्वारा यूपी सरकार को संभल में शांति और सद्भाव बनाए रखने के निर्देश पर यूपी के उपमुख्यमंत्री केपी मौर्य ने कहा कि सरकार सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए आदेशों का पालन करती है। समाजवादी पार्टी सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन करने का काम करती है। मैं समाजवादी पार्टी के गुंडों और दंगाइयों को सलाह देता हूं कि वे माहौल खराब न करें, वरना उनकी पार्टी डूब जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने संभल मस्जिद मामले को लेकर निचली अदालत की सुनवाई पर रोक लगा दी है और मामले को हाई कोर्ट में सुनवाई करने के लिए ले जाने का निर्देश दिया है। इसको लेकर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि देश में अराजकता फैलाने की तैयारी है, उस पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि देश में सभी लोगों के अधिकारों का संरक्षण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें सुप्रीम कोर्ट से उम्मीद थी और कोर्ट ने पाबंदी लगाकर जो आदेश दिया है, हम उसका स्वागत करते हैं।
इनपुट- सुशील राघव/जनसत्ता
https://x.com/Sushil_Raghav/status/1862391689798656297
कृष्ण जन्मभूमि मामले पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई होनी थी लेकिन अब इसे टाल दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि 9 दिसंबर को अब इस मामले की सुनवाई होगी। मुस्लिम पक्ष की याचिका पर आज CJI ने कहा कि 9 दिसंबर को दोपहर 2 बजे हम इस मामले पर विस्तार से सुनवाई करेंगे।
संभल की घटना पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रशासन को अलर्ट रहने को कहा गया है। हम हर हाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखेंगे। मैं लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि हमारी सरकार सुरक्षित माहौल तैयार कर रही है। हम प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करेंगे।
दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ महायुति नेताओं की बैठक पर कांग्रेस नेता भाई जगताप ने कहा कि यहां महाराष्ट्र और देश के सभी नेता कुछ नहीं हैं। वे दिल्ली में ‘मुजरा’ करते हैं और दिल्ली में बैठे दो ‘सुल्तान’ सभी निर्णय लेते हैं। हम 2014 से यह देख रहे हैं। वे यहां बड़े-बड़े भाषण देते हैं, लेकिन वे सभी वहां ‘मुजरा’ करते हैं। निर्णय वहां बैठे दो सुल्तानों द्वारा लिया जाएगा।
भारतीय और श्रीलंकाई नौसेना ने एक जॉइंट ऑपरेश के तहत अरब सागर में दो नावों से लगभग 500 किलोग्राम मादक पदार्थ (क्रिस्टल मेथ) जब्त किया है।
उत्तर प्रदेश के संभल में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की तैनात की गई है। 24 नवंबर को शाही जामा मस्जिद सर्वे को लेकर यहां पथराव की घटना हुई थी। आज मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट श्रीकृष्ण जन्मभूमि ईदगाह विवाद मामले में सुनवाई होगी। इसमें अन्य विवादों की सुनवाई होगी। इसमें मुस्लिम पक्ष की ओर से दायर याचिकाओं पर सुनवाई होगी।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने संभल हिंसा मामले में तीन सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग का गठन किया है, जिसके अध्यक्ष न्यायमूर्ति देवेन्द्र कुमार अरोड़ा (सेवानिवृत्त), उच्च न्यायालय, इलाहाबाद, अमित मोहन प्रसाद (सेवानिवृत्त, आईएएस) और अरविंद कुमार जैन (सेवानिवृत्त, आईपीएस) सदस्य होंगे। आयोग 24 नवंबर 2024 को हुई उक्त घटना की जांच कर राज्यपाल को रिपोर्ट सौंपेगा। आयोग इस अधिसूचना के जारी होने की तारीख से दो महीने की अवधि के भीतर जांच पूरी करेगा।
CPCB की रिपोर्ट के मुताबिक आज दिल्ली का एयर क्वॉलिटी एंडेक्स 332 है, जो कि गंभीर श्रेणी है। वहीं कुछ इलाकों में आज भी यह 400 के है। दिल्ली के आनंद विहार 393, बवाना में 434, द्वारका सेक्टर 8 में 377, जहांगीरपुरी 384 रहा है।