आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taaja Khabar), Hindi News (हिंदी न्यूज़) LIVE: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए शुरू की गई प्रधानमंत्री बीमा सखी योजना का उद्घाटन करने के लिए हरियाणा के पानीपत का दौरा करेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस यात्रा के बारे में उत्सुक्ता दिखाई है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार राज्य में किए गए वादों को लगातार पूरा करेगी और हरियाणा को आगे ले जाएगी। यह आयोजन सामाजिक और आर्थिक विकास खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के लिए सरकार के एजेंडे में एक अहम मील का पत्थर साबित होने की उम्मीद है।
अन्य बड़ी खबरें
विक्रम मिस्री बांग्लादेश जाएंगे: मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के सत्ता में आने के बाद भारत और बांग्लादेश के बीच बढ़े तनाव के बीच भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री के आज हाईलेवल मीटिंग के लिए ढाका पहुंचने की उम्मीद है। बांग्लादेश के विदेश सलाहकार मोहम्मद तौहीद हुसैन ने पुष्टि की है कि विदेश सचिव स्तर की विदेश कार्यालय परामर्श (FOC) ढाका में होगी। यह बैठक 8 अगस्त को शेख हसीना की जगह अंतरिम सरकार के सत्ता में आने के बाद किसी वरिष्ठ भारतीय अधिकारी की पहली यात्रा है।
सिख विरोधी दंगा मामले में अदालती सुनवाई: दिल्ली की एक अदालत आज 1984 के सिख विरोधी दंगों के एक मामले में कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर से जुड़े दो पूर्व पुलिस अधिकारियों की गवाही सुनेगी। स्पेशल सीबीआई जज जितेंद्र सिंह ने 1984 में गुरुद्वारा पुल बंगश में तीन सिखों की हत्या के संबंध में बयान देने के लिए गवाह रवि शर्मा और धर्म चंद को तलब किया था। हालांकि, गवाहों के गवाही देने में असमर्थ होने की वजह से पहले सुनवाई टाल दी थी। यह मामला 1984 के सिख विरोधी दंगों की सबसे हाई-प्रोफाइल जांचों में से एक है, जो तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए थे।
देश-दुनिया से जुड़ी तमाम बड़ी खबरों के लिए जुड़े रहिये जनसत्ता डॉट कॉम के साथ…