आज की ताजा खबर, Hindi News, हिंदी न्यूज लाइव 31 अक्टूबर 2025 LIVE : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के नर्मदा जिले में स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में महिला कर्मियों ने नेतृत्व किया, जिसमें गुजरात कैडर की आईपीएस अधिकारी सिमरन भारद्वाज ने परेड की कमान संभाली। हजारों प्रतिभागियों के साथ प्रधानमंत्री ने एकता की शपथ ली और कहा कि वह राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा की रक्षा के लिए समर्पित रहेंगे। उन्होंने सरदार पटेल की दूरदर्शिता और कठोर परिश्रम को भारत की एकता का आधार बताया।
इसी अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम की शुरुआत की, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से ‘रन फॉर यूनिटी’ की अगुवाई करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अनुच्छेद 370 हटाकर सरदार पटेल के एकीकृत भारत के सपने को साकार किया। उन्होंने याद दिलाया कि आजादी के बाद जब 562 रियासतों को एक करना असंभव माना जा रहा था, तब सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से पूरे देश को एक सूत्र में पिरो दिया। इस बीच, दक्षिण कोरिया के ग्योंगजू में 21 देशों के नेताओं ने एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन की शुरुआत की, जिसमें अमेरिका और चीन के बीच व्यापार तनाव कम करने के हालिया प्रयासों को लेकर चर्चा हुई।