ग़ाज़ियाबाद में क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें आज तेज़ होंगी क्योंकि एशिया कप 2025 का महामुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। यह इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों का तीसरा आमना-सामना है। ऐसे में फाइनल मैच में भारतीय टीम से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
फाइनल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह चरम पर है। क्रिकेट फैन वीरेंद्र नेगी का कहना है कि, “इंडियन टीम की परफॉर्मेंस पूरे टूर्नामेंट में शानदार रही है। बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों अच्छा खेल रहे हैं। पाकिस्तान की टीम में आत्मविश्वास की कमी दिख रही है, ऐसे में जीत भारत की ही होगी।”
वहीं क्रिकेट प्रेमी शोभित ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा, “इंडिया और पाकिस्तान का मैच हमेशा एक्साइटिंग होता है। दोनों टीमों के खिलाड़ी अच्छा खेल रहे हैं, लेकिन इंडियन टीम का आत्मविश्वास इस वक्त चरम पर है। खासकर अभिषेक शर्मा का पाकिस्तान के खिलाफ खेला गया प्रदर्शन काबिले-तारीफ है। उम्मीद है कि फाइनल में भी वो आक्रामक मूड में बल्लेबाजी करेंगे।”
इस पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन लाजवाब रहा है। ओपनिंग से लेकर मिडिल ऑर्डर तक बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी निभाई है, वहीं गेंदबाजों ने विपक्षी टीमों को दबाव में रखा है। दूसरी ओर पाकिस्तान की टीम उतार-चढ़ाव से जूझती नजर आई है।
फाइनल में टॉस अहम भूमिका निभा सकता है। पिच और हालात के मुताबिक रणनीति बनाने वाली टीम को बढ़त मिलेगी। हालांकि क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि मौजूदा फॉर्म और आत्मविश्वास के दम पर टीम इंडिया खिताब अपने नाम करेगी।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.