Feedback
मध्य प्रदेश के मिनी मुंबई इंदौर में नवरात्र से पहले अवैध गर्भपात किटों के बड़े जखीरे का खुलासा हुआ है. औषधि विभाग की कार्रवाई में 19 हजार से ज्यादा गर्भपात किट बरामद किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 92 लाख रुपये बताई जा रही है. इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाओं के मिलने के बाद अब इनके सप्लाई नेटवर्क को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. बीजेपी विधायक उषा ठाकुर ने मामले को गंभीर बताते हुए पूरे नेटवर्क की जांच की मांग की है. वहीं, कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा है कि प्रशासन यह पता लगा रहा है कि दवाओं की सप्लाई कहां से हुई और इन्हें किन-किन जगहों पर भेजा जाना था.
दरअसल, इंदौर में अवैध गर्भपात किटों के खिलाफ औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में गर्भपात किट बरामद की गई हैं. सामने आई जानकारी के मुताबिक जब्त किटों की संख्या 19 हजार से ज्यादा है और इनकी अनुमानित कीमत करीब 92 लाख रुपये बताई जा रही है.
इतनी बड़ी मात्रा में बिना वैध अनुमति और नियमों के विपरीत दवाओं के भंडारण का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है. अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे इंदौर में किन-किन स्थानों तक सप्लाई किया जाना था.
विधायक उषा ठाकुर ने उठाए गंभीर सवाल
इस मामले को लेकर भाजपा विधायक उषा ठाकुर ने भी गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि डॉक्टर की पर्ची के बिना नहीं बिकने वाली ऐसी दवाओं का इतना बड़ा भंडार सामान्य कालाबाजारी का मामला नहीं माना जा सकता. उन्होंने पूरे सप्लाई नेटवर्क की गहराई से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. देखें VIDEO:-
‘सप्लाई नेटवर्क और स्रोत की हो रही पड़ताल’
वहीं, कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की और अवैध गर्भपात किट बरामद की हैं. प्रशासन अब दवाओं के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रहा है. मामले में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू