इमेज स्रोत, Getty Images
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर विवाद थमता नज़र नहीं आ रहा है.
सीटों की संख्या, मजबूत सीटों की मांग, दोनों दलों के संगठन की स्थिति, पिछले चुनावों का प्रदर्शन और राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर दोनों के बीच मतभेद गहरे हैं.
दोनों पार्टियों के बीच सीटों के फ़ॉर्मूले पर सोमवार को शुरुआती चर्चा में कांग्रेस को 26 सीटें देने की बात कही जा रही है. अखिलेश यादव ने भी इसका ज़िक्र किया है.
इस बीच समाजवादी पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, इनमें सहारनपुर से दो, शामली से एक, अमरोहा से एक और ललितपुर से एक सीट शामिल है.
मंगलवार की देर शाम समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, "जीतने वाली पहली '26 सीटों' से हुई है शुरुआत, मिलजुलकर समझदारी से और आगे बढ़ेगी बात."
इसके कुछ देर बाद ही उन्होंने सीट बंटवारे को लेकर उठ रहे सवालों पर एक लंबा पोस्ट किया जिसमें उन्होंने आगामी चुनाव को ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि 'बात सीट की नहीं, जीत की है.'
सोमवार और मंगलवार को दिल्ली में राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की दो बैठकें हुईं जबकि एक बैठक बुधवार, 25 नवंबर को होनी है.
कांग्रेस की ओर से अधिक सीटें मांगी जा रही हैं. कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रवक्ता सचिन रावत ने बताया है कि कांग्रेस ने पहली बैठक में 'ए' कैटेगरी की 55 सीटों की सूची सौंपी है.
समाप्त
मंगलवार को 'बी' कैटेगरी की सीटों पर चर्चा हुई. जबकि बुधवार को 'सी' कैटेगरी की सीटों पर चर्चा होगी. तीसरे दिन प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर सहमति बनाने की कोशिश होगी.
कांग्रेस का कहना है कि सीटों का बंटवारा सिर्फ़ सीटों की संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि वहां के चुनावी समीकरण और जीत की संभावनाओं को ध्यान में रखकर होना चाहिए.
सीट बंटवारे को लेकर दोनों पार्टियों के बीच जो मतभेद हैं, उनके पीछे पांच बड़ी वजहें हैं.
समाप्त
इमेज स्रोत, ANI
बीबीसी हिन्दी के संपादक आपके लिए लेकर आए हैं स्पेशल स्टोरीज़
और जानें
समाप्त
कांग्रेस ने शुरुआत में करीब 181 सीटों की मांग की थी. यह उत्तर प्रदेश की कुल 403 विधानसभा सीटों का लगभग 45 फ़ीसदी है. बाद में कांग्रेस ने अपनी मांग घटाकर करीब 100 से 130 सीटें कर दीं.
कांग्रेस का तर्क है कि संगठन को सक्रिय रखने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने के लिए उसे ज़्यादातर ज़िलों में कम से कम एक सीट मिलनी चाहिए. हालांकि, उसने इटावा और मैनपुरी जैसे सपा के मजबूत इलाकों को अपनी मांग से बाहर रखा है.
वहीं, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को करीब 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है. इसमें वे सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस का पहले कुछ अच्छा प्रदर्शन रहा है. इनमें 2022 में जीती गई दो सीटें और कुछ ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां पार्टी दूसरे नंबर पर रही थी.
पश्चिमी यूपी से कांग्रेस के मुसलमान चेहरे और मौजूदा सांसद इमरान मसूद पहले ही सीट शेयरिंग पर कड़ा रुख़ अपनाए हुए हैं.
समाजवादी पार्टी की ओर से उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "हम भिखारी नहीं हैं, जो अखिलेश जी की ख़ैरात का इंतज़ार कर रहे हैं. मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि आप कांग्रेस को भिखारी कैसे मान सकते हैं. हमने आपसे सीटें नहीं मांगी थीं और आपने खुद ही सीटों का एलान कर दिया. तो फिर हम इस पर चर्चा ही क्यों करें?"
उन्होंने कहा, "आपको गठबंधन की कोई परवाह नहीं है. आप तो बस अपनी पार्टी चला रहे हैं, इसलिए आप अपनी पार्टी चलाइए. हम आपको न तो रोक रहे हैं और न ही आपके रास्ते में आ रहे हैं."
उधर, सपा नेताओं का मानना है कि कांग्रेस को 50 से ज़्यादा सीटें देना चुनावी तौर पर नुकसानदेह हो सकता है. पार्टी खुद 350 से ज़्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, ताकि बीजेपी को चुनौती देने के लिए ज़्यादा से ज़्यादा सीटों पर उसकी अपनी पकड़ बनी रहे.
समाप्त
कांग्रेस का कहना है कि सीटों की संख्या के साथ उनकी गुणवत्ता भी मायने रखती है. पार्टी ऐसी सीटें चाहती है, जहां उसके जीतने की संभावना हो. वह केवल कमजोर सीटें लेने के पक्ष में नहीं है.
कांग्रेस नेता तनुज पुनिया ने कहा, "यह अभी सिर्फ दूसरी बैठक हुई है. बातचीत आमतौर पर इसी तरह आगे बढ़ती है. कांग्रेस अपनी मांगें रखती है और दूसरी तरफ़ से उन पर जवाबी प्रस्ताव दिए जाते हैं. इन मुद्दों पर अगली बैठक में चर्चा होगी."
"आखिरकार, स्थिति तभी साफ़ होगी, जब हर सीट की अलग-अलग समीक्षा होगी. इसमें सीट के फायदे-नुकसान, वहां की आबादी का समीकरण और संभावित उम्मीदवारों को ध्यान में रखा जाएगा. हर सीट पर विस्तार से चर्चा होगी, जिसके लिए अभी कई और बैठकें करनी पड़ सकती हैं."
उन्होंने कहा, "हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से हटाना और इंडिया गठबंधन की सरकार बनाना होना चाहिए. राहुल गांधी ने भी यही बात कही है. अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के हितों को सामने रखना हमारी जिम्मेदारी है. इसी तरह समाजवादी पार्टी भी अपने कार्यकर्ताओं के हितों का प्रतिनिधित्व करेगी."
कांग्रेस ने अमेठी और रायबरेली की विधानसभा सीटों पर मजबूत दावा किया है. ये दोनों गांधी परिवार के पारंपरिक राजनीतिक क्षेत्र रहे हैं.
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, कांग्रेस ने यहां सभी विधानसभा सीटों पर लड़ना चाहती है लेकिन सपा ने केवल एक सीट दी है. इसने कांग्रेस में नाराज़गी को बढ़ा दिया है.
इसके अलावा, सांसद इमरान मसूद के प्रभाव वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और 2024 के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की सफ़लता से जुड़े दूसरे इलाकों में भी कांग्रेस अपनी हिस्सेदारी चाहती है.
यही वजह है कि इमरान मसूद अधिक कड़ा स्टैंड ले रहे हैं.
दूसरी ओर, सपा अपनी मौजूदा सीटों और मजबूत इलाकों को छोड़ने के पक्ष में नहीं है. पार्टी अपने विधायकों की सीटों और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को प्राथमिकता दे रही है.
सहारनपुर, रायबरेली, अमेठी, बाराबंकी और सीतापुर जैसे ज़िलों में दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर खींचतान की खबरें सामने आई हैं.
दोनों पार्टियों में तीखी बयानबाज़ी भी देखने को मिल रही है. समाजवादी पार्टी सांसद शिव पाल सिंह ने बुधवार को एएनआई से कहा, "उत्तर प्रदेश में कांग्रेस कहीं भी मजबूत नहीं है. सिर्फ समाजवादी पार्टी की बैशाखी पर उनकी वैतरणी पार होगी. कांग्रेस को चाहिए कि गठबंधन में उसे जितनी सीटें मिलें उस पर अपने प्रत्याशी घोषित करे."
कांग्रेस को यह भी आशंका है कि गठबंधन में उसे केवल ऐसी शहरी सीटें या बीजेपी के मजबूत प्रभाव वाली सीटें मिल सकती हैं, जहां जीतना मुश्किल हो. पिछले गठबंधनों में भी पार्टी को इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ा था.
समाप्त
इमेज स्रोत, ANI
समाजवादी पार्टी सीटों के बंटवारे में पिछले विधानसभा चुनावों के नतीजों को आधार बना रही है.
सपा 2017 के गठबंधन का भी हवाला देती है. उस चुनाव में कांग्रेस को 100 से अधिक सीटें मिली थीं, लेकिन वह सिर्फ सात सीटें जीत पाई थी.
2022 में हुए विधानसभा चुनावों में सपा ने 111 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस को सिर्फ दो सीटों पर जीत मिली थी. कांग्रेस का वोट शेयर करीब 2.3 फीसदी रहा था.
वहीं, कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को अपनी दावेदारी का आधार बना रही है. इंडिया गठबंधन के तहत सपा ने 37 और कांग्रेस ने छह सीटें जीती थीं. कांग्रेस ने कुल 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था.
कांग्रेस का तर्क है कि राहुल गांधी की सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों से जुड़ी मुहिम ने विपक्ष के पक्ष में माहौल बनाने में मदद की. पार्टी का मानना है कि 2024 के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति बदल चुकी है.
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, "सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत जारी है और कोई विरोधाभास नहीं है."
समाप्त
इमेज स्रोत, ANI
समाजवादी पार्टी लगातार कह रही है कि सीटों का बंटवारा जीतने की क्षमता के आधार पर होना चाहिए. पार्टी चाहती है कि कांग्रेस जिन सीटों पर दावा कर रही है, वहां अपने मजबूत उम्मीदवारों के नाम भी बताए.
सपा केवल वरिष्ठ नेताओं की पसंद या ज़िला स्तर पर सीटों की मांग के आधार पर बंटवारा करने के पक्ष में नहीं है. पार्टी ने पिछले चुनावों के वोटिंग पैटर्न का विश्लेषण करने के लिए डेटा विशेषज्ञों की टीम भी बनाई है.
दूसरी ओर, कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अपना संगठन दोबारा मजबूत करना चाहती है. पार्टी 1989 से राज्य की सत्ता से बाहर है और 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद उसकी स्थिति और कमजोर हुई.
बुधवार को कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में एक नए अभियान की घोषणा की है. कांग्रेस ने एक्स हैंडल पर जारी एक बयान में कहा है कि पार्टी 26 नवंबर को पूरे प्रदेश में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी.
राजनीतिक हलके में इसे कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.
कांग्रेस का मानना है कि उसे पर्याप्त सीटें मिलने से कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने, संगठन का विस्तार करने और अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने में मदद मिलेगी.
हालांकि बातचीत के दौरान ही सपा की ओर से पहली सूची जारी किए जाने पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि समाजवादी पार्टी गठबंधन के दायरे में रहते हुए बिना पहले चर्चा किए ऐसा कोई कदम उठाया होगा."
उन्होंने कहा, "हर सीट का आकलन किया जाएगा. जहां दोनों दलों के पास मजबूत उम्मीदवार होंगे, वहां यह देखा जाएगा कि किसके जीतने की संभावना ज्यादा है और उसी के आधार पर टिकट दिया जाएगा. इसके अलावा, अखिलेश यादव ने कल अपने ट्वीट में भी यही बात दोहराई थी."
समाप्त
मंगलवार को अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से 26 सीटों पर बातचीत पूरी होने के बाद बाकी सीटों की सूची भेजने को कहा गया है.
अखिलेश यादव ने कहा, "गठबंधन का उद्देश्य केवल सीटों का बंटवारा करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक सीटों पर जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए."
अखिलेश यादव ने मंगलवार को एक्स पर एक लंबी पोस्ट में लिखा, "इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर, देश को ग़लत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं."
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा है कि दोनों पार्टियों के शीर्ष नेताओं के बीच सहमति के आधार पर सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिया जाएगा और उम्मीद जताई कि गठबंधन आगामी विधानसभा में जीत दर्ज करेगा.
इसका संकेत अखिलेश यादव ने अपने एक्स पोस्ट में भी दिया, "जब बड़े नेता बैठें तो सभी सीटों पर 'इंडिया गठबंधन' के प्रत्याशी के रूप में बात हो, न कि कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के रूप में और सबसे अच्छी और सकारात्मक परिणाम देनेवाली बात तो ये होगी कि हम लोग अपने प्रत्याशी को 'पीडीए प्रत्याशी' के रूप में प्रस्तुत करें."
उन्होंने लिखा, "बात सीट की नहीं, जीत की है. आपका-हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य सरकार बनाना है. नये हालातों और समीकरण में उसके लिए हमें-आपको कुछ लोगों को एडजस्ट और एकमोडेट करना पड़ेगा. एक-दो लोग ऐसे भी होंगे जिनसे आपने और हमने चुनाव लड़ाने का वादा किया होगा लेकिन वास्तविक परिस्थितियों को देखते हुए दो-चार सीटों पर बदलाव भी करने पड़ेंगे. भावी प्रत्याशियों को भी ये समझना होगा कि हर सीट महत्वपूर्ण है, अगर किसी को सीट नहीं मिल पा रही है या मनचाही सीट नहीं मिल रही है तो निराश न हों."
"अगर उनके दल के बड़े नेता ने कुछ फेरबदल या बदलाव किया है तो उसके पीछे सोच सरकार बनाने की है और सरकार बन गई तो सबको सम्मान-स्थान मिल जाएगा। हर बड़ा नेता अपनी बात का मान ख़ुद रखेगा, इतना विश्वास तो अपने नेताओं पर लोगों को रखना ही पड़ेगा."
सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए समाजवादी पार्टी ने रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, राजीव राय और इकरा हसन की कमेटी बनाई है, जबकि कांग्रेस की कमेटी में राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और केसी वेणुगोपाल शामिल हैं.
इन कमेटियों के बीच बातचीत के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार होगी, जिसे दोनों दल अपने-अपने नेतृत्व को सौंपेंगे.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC World Service के नए ऐप को डाउनलोड करें
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा
शॉर्ट वीडियो का अंत
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.