देवीपुर, प्रतिनिधि। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) देवघर में रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम योगा फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग) रही। इस अवसर पर एम्स परिसर योगमय वातावरण में रंग गया और बड़ी संख्या में चिकित्सकों, फैकल्टी सदस्यों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एम्स देवघर के कार्यकारी निदेशक प्रो.डॉ. नितिन एम गंगाने ने किया। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन विरासत है, जो आज पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन की दिशा प्रदान कर रही है। नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और तनावमुक्त जीवन के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि बढ़ती उम्र के साथ स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली बनाएं रखने में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। योग के माध्यम से कई जीवनशैली संबंधी बीमारियों की रोकथाम संभव है और बुजुर्गों को आत्मनिर्भर एवं सक्रिय जीवन जीने में सहायता मिलती है।
योग सत्र का संचालन पतंजलि देवघर के योग प्रशिक्षक सुभाष प्रसाद ने किया। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यास किए। योग प्रशिक्षक ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से हृदय संबंधी रोगों का खतरा कम होता है, शरीर का संतुलन एवं लचीलापन बढ़ता है। मानसिक तनाव कम होता है तथा सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ उम्र बढ़ने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है, जो व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है।
कार्यक्रम में एम्स देवघर के 200 से अधिक फैकल्टी सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक योगाभ्यास के दौरान पूरे परिसर में स्वास्थ्य और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। प्रतिभागियों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सुखी और संतुलित जीवन का आधार है। योगा फॉर हेल्दी एजिंग की थीम के अनुरूप यह आयोजन स्वस्थ और खुशहाल समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play