मेरठ ब्यूरो। ऑनलाइन व्यापार के विरोध में शहर के व्यापारी लामबंद होना शुरु हो गए हैं। ऑनलाइन व्यापार से ऑन काउंटर कारोबार को भारी नुकसान हो रहा है। ऑनलाइन ऑफर्स के चक्कर में ग्राहकों ने बाजार में आना कम कर दिया। स्थिति यह है कि व्यापारी भारी नुकसान से जूझ रहा है। ऐसे में ऑनलाइन व्यापार के विरोध में मंगलवार को बेगमपुल व्यापार संघ द्वारा बैनर/ फ्लेक्स दुकानों पर लगाकर विरोध जताया।
एक जुट हुए सभी व्यापार संघ
गौरतलब है कि ऑन लाइन व्यापार के विरोध में लंबे समय से व्यापारियों की नाराजगी चल ही है। इस मुददे पर पिछले मंगलवार को 8 अप्रैल को बेगम पुल व्यापार संघ द्वारा दुकानों पर पोस्टर लगाकर के ऑनलाइन व्यापार का विरोध किया गया था। इसी क्रम में इस मंगलवार भी व्यापारियों ने पोस्टर बैनर लगाकर अपना विरोध जताया। बेगमपुल व्यापार संघ के वर्तमान अध्यक्ष राजेश सिंघल व पूर्व अध्यक्ष पुनीत शर्मा, अशोक माहेश्वरी राकेश कुमार गोयल आदि ने संयुक्त व्यापार संघ, आबू लेन व्यापार संघ, सदर बाजार, पीएल शर्मा रोड, मेरठ केमिस्ट्र एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन, मेरठ स्टेशनरी, शास्त्री नगर व्यापार संघ सहित सभी व्यापार संघों से भी यह अपील करते हुए कहा की ऑनलाइन व्यापार के विरोध में अपनी अपनी दुकानों पर बैनर/ पोस्टर लगाकर आम जनता को जागरूक करने का प्रयास करें। ग्राहकों को बताएं कि वह ऑनलाइन व्यापार को बंद कर अपने आसपास के दुकानदारों से खरीदारी करें।
डुप्लीकेट है इसलिए सस्ता है
पूर्व अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने बताया कि हम ऑनलाइन व्यापार का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों व्यापारियों के लिए एक सी नीति लागू होनी चाहिए। ताकि वह स्वस्थ परंपरा के साथ व्यापार कर सके। वहीं आमजन को भी सही सामान सही रेट पर प्राप्त हो सके। ऑनलाइन माध्यम से अधिकतर डुप्लीकेट माल को बेचा जा रहा है इसलिए यह सस्ता मिलता है। ग्राहकों को लोकल मॉल सस्ता बेच करके जहां ऑफलाइन व्यापार को खत्म कर रहे हैं वहीं आम जनता के जीवन के साथ खिलवाड़ करते हुए उन्हें लूट भी रहे हैं। इसलिए सभी व्यापारियों को एकजुट होकर के इनका विरोध करना चाहिए। व्यापारी अपने व्यापार को बढ़ाने के लिए ऑनलाइन व्यापार का विरोध करते रहेेंगे।
Copyright © 2025. All Rights Reserved