वाराणसी, विशेष संवाददाता। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र का इतिहास हमें शिक्षा देता है कि लोकतंत्र चुनावों में नहीं, बल्कि उसकी वास्तविक शक्ति स्वतंत्र न्यायपालिका, स्वतंत्र मीडिया, जागरूक नागरिकों तथा संविधान के प्रति अटूट निष्ठा में निहित होती है। जब भी सत्ता कुछ लोगों के हाथों में केंद्रित हो जाती है और असहमति के स्वरों को दबाने का प्रयास किया जाता है, तब लोकतंत्र कमजोर होने लगता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के प्रति सदैव सजग रहे। डिप्टी सीएम दोपहर एक बजे रोहनिया स्थित एक रिसॉर्ट में भाजपा की ओर से आपातकाल पर आधारित प्रदर्शनी के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने प्रदर्शनी के अवलोकन के पश्चात काशी क्षेत्र के मीसा बंदियों और लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने आपातकाल का राजनीतिक दुरुपयोग किया। जो जनविरोधी और लोकतंत्र के इतिहास में काला अध्याय है। कहा कि आपातकाल के दौरान सेनानियों और मीसा बंदियों को बिना किसी अपराध के जेलों में बंद किया गया। सेनानियों ने कठिन यातनाएं सहकर भी लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प नहीं छोड़ा। हम उन सभी को नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों पर गंभीर आघात किया गया। इससे सीख लेना प्रत्येक पीढ़ी का दायित्व है।
ब्रजेश पाठक ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक सशक्त करते हुए विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ेगा। समापन पर उपमुख्यमंत्री ने मंच से उतरकर व्यक्तिगत रूप से एक-एक लोकतंत्र सेनानी से मुलाकात की। वे कुर्सी पर बैठे बुजुर्ग सेनानियों के समीप जमीन पर ही बैठ गए और फोटो खिंचाई। डिप्टी सीएम करीब तीन घंटे तक रहे।
सम्मानित होने वाले सेनानियों में केदारनाथ सिंह, सुरेंद्र नारायण सिंह, सुभाष चंद्र गुप्ता, राम किशन, कमलेश जायसवाल, लालता प्रसाद प्रजापति, विजय कुमार मौर्या, हरि प्रसाद, मदनलाल जायसवाल, श्याम कुमार जायसवाल, अनंत कुमार वर्मा, अरुण कुमार श्रीवास्तव, ओम प्रताप सिंह तथा जय प्रकाश गुप्ता शामिल रहे।
इस मौके पर रोहनिया विधायक सुनील पटेल, विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल, आत्मा विश्वेश्वर, अशोक पटेल, नवीन कपूर, राहुल सिंह, सुरेंद्र पटेल, संजय सोनकर, चंद्रशेखर उपाध्याय, मधुकर चित्रांश, विनोद गुप्ता, सिद्धार्थ मौर्या, अभिषेक मिश्रा, अखिलेंद्र सिंह सनी, कुशाग्र श्रीवास्तव, प्रमील पाण्डेय, अजय गुप्ता, अभिषेक श्रीवास्तव, शशांक अग्रवाल, पंकज चतुर्वेदी, दीपक सेठ भी रहे। स्वागत महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, संचालन अनिल श्रीवास्तव और धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल ने किया।
……………………….
सपा-कांग्रेस बाबरी मस्जिद के चंदे पर भी करें सवाल: ब्रजेश पाठक
मिर्जापुर, संवाददाता। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे पर सवाल करने वाले सपा और कांग्रेस के लोग बाबरी मस्जिद के लिए जुटाए गए चंदे का हिसाब क्यों नहीं मांग रहे हैं। बाबरी मस्जिद के लिए जुटाया गया चंदा कहां खर्च किया गया? मिर्जापुर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि सनातन धर्म को बदनाम करने के लिए राम मंदिर के चढ़ावे के मामले को तूल दिया जा रहा है, जबकि इस मामले में कार्रवाई हो रही है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर केंद्र और प्रदेश सरकार का रुख जीरो टॉलरेंस का रहा है। कोन ब्लॉक के चेकसारी पुरजागीर स्थित एक मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में पत्रकारों से डिप्टी सीएम ने कहा कि बाबरी मस्जिद के लिए भी चंदा इकट्ठा हुआ था, लेकिन उसका हिसाब कोई नहीं पूछ रहा है। सपा और कांग्रेस के लोग इस संबंध में कुछ नहीं बोल रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि मदरसों के संचालन में बाहरी फंडिंग आ रही है, पर इस पर कोई बात नहीं कर रहा। विपक्षी पार्टियां केवल अयोध्या और सनातन धर्म को बदनाम करने का कार्य कर रही हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव बाबरी मस्जिद के चंदे व अवैध मदरसे पर कभी कोई सवाल क्यों नहीं करते? संभल के मामले में भी उन्होंने कोई सवाल नहीं किया। पूरे मंदिर को तोड़कर मस्जिद बना दी गई थी अखिलेश यादव से भी यह सवाल पूछा जाना चाहिए। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस केवल तुष्टीकरण की राजनीति कर रहे हैं। इस मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, डॉ. विजय शंकर दुबे, नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा, राजनाथ चौबे और अनिल सिंह उपस्थित रहे। ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को मां विंध्यवासिनी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच उन्होंने मां विंध्यवासिनी का चरण पूजन किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि विंध्यधाम में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जाएगा。
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play