Feedback
राजस्थान के कोटा में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. यह हादसा उद्योग नगर थाना क्षेत्र के श्रीराम फैक्ट्री के सामने दोपहर लगभग 2:30 बजे हुआ, जब ये लोग पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाइक से कांस्वा जा रहे थे.
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान करिशन कहार (32), उनकी तीन वर्षीय बेटी यशस्वी और चार महीने के बेटे पार्थ के रूप में हुई है. सभी कोटा शहर के रनपुर थाना क्षेत्र के निवासी थे. करिशन की पत्नी ज्योति इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुई हैं और उनका इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है.
उद्योग नगर थाना के सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करिशन को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई.
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में जुट गई है. मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है. पड़ोसियों और रिश्तेदारों की मानें तो करिशन एक मेहनती व्यक्ति थे और बच्चों के साथ बहुत ही स्नेहपूर्वक रहते थे. अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह से तोड़कर रख दिया है. पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है.
Copyright © 2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू