अगर आपसे पूछा जाए कि क्या मछलियों की गर्दन होती है, तो शायद आपका जवाब नहीं ही होगा. स्कूल की किताबों में भी यही पढ़ाया जाता रहा है कि मछलियों के पास इंसानों या दूसरे जमीन पर रहने वाले जानवरों की तरह गर्दन नहीं होती. लेकिन अब एक नई रिसर्च ने इस सोच को चुनौती दे दी है. दरअसल वैज्ञानिकों ने एक्स-रे वीडियो तकनीक की मदद से मछलियों की हरकतों का बारीकी से रिसर्च किया. रिसर्च के दौरान उन्होंने ट्राउट मछली और सैलामैंडर जैसे जीवों को खाना खाते समय रिकॉर्ड किया. इसके बाद उनकी हड्डियों की 3D तस्वीरें तैयार की गईं. इस शोध में पता चला कि मछलियां अपनी रीढ़ की कुछ हड्डियों को इस तरह मोड़ सकती हैं कि उनका सिर शरीर से अलग होकर हिलता हुआ नजर आता है.
यूनिवर्सिटी ऑफ लिवरपूल के वैज्ञानिकों का कहना है कि अब तक गर्दन की परिभाषा सिर्फ इंसानों, पक्षियों, सरीसृपों और दूसरे चार पैरों वाले जानवरों के हिसाब से तय की गई थी. लेकिन अगर गर्दन को उस हिस्से के रूप में देखा जाए जो सिर को शरीर से अलग होकर हिलने की क्षमता देता है, तो मछलियों में भी एक तरह की ‘फंक्शनल नेक’ यानी काम करने वाली गर्दन मौजूद है. रिसर्च के दौरान वैज्ञानिकों ने पाया कि ट्राउट मछली खाना पकड़ने के लिए अपनी पूरी रीढ़ के बड़े हिस्से को मोड़ लेती है. वहीं कुछ दूसरी मछलियां भी सिर उठाने और दिशा बदलने के लिए अपनी रीढ़ का इस्तेमाल करती हैं. यानी उनका सिर सिर्फ शरीर के साथ नहीं चलता, बल्कि कुछ हद तक अलग तरीके से भी घूम सकता है.
वैज्ञानिकों का मानना है कि करोड़ों साल पहले जब कुछ जीव पानी से निकलकर जमीन पर रहने लगे थे, तब सिर को शरीर से अलग हिलाने की क्षमता बहुत जरूरी साबित हुई थी. नई रिसर्च बताती है कि इसकी शुरुआत शायद मछलियों में ही हो चुकी थी. अब वैज्ञानिक सैलामैंडर जैसे उभयचर जीवों पर भी इसी तरह की रिसर्च कर रहे हैं. उनका मकसद यह समझना है कि पानी में रहने वाले जीवों से लेकर जमीन पर रहने वाले जानवरों तक गर्दन का विकास कैसे हुआ. वैज्ञानिकों का कहना है कि ये खोज सिर्फ मछलियों की गर्दन तक सीमित नहीं है. इससे यह भी पता चलता है कि प्रकृति में कई ऐसी बातें हैं जिन्हें हम सालों से सच मानते आए हैं, लेकिन नई तकनीक और रिसर्च उन्हें बदल सकती है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
इकराम मूल रूप से उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं मगर जन्म देश की राजधानी दिल्ली में हुआ. शुरुआती शिक्षा स्थानीय स्कूल में हुई. इसी के साथ ज्ञान हासिल करने … और पढ़ें
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED